अवहेलना पर विजय सरकार को सुप्रीम कोर्ट ने फटकारा,ट्रस्ट बोर्ड को किया निलंबित…
नई दिल्ली,27 नवम्बर 2026। तमिलनाडु में कार्तिगई दीपम विवाद को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने बड़ा कदम उठाया है। अदालत ने आज मदुरै की तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर स्थित दीपथून पत्थर के स्तंभ पर पारंपरिक दीप जलाने का आदेश दिया है। 20 नवंबर को दिए गए आदेश का पालन नहीं करने पर अदालत ने अरुलमिगु सुब्रमण्यस्वामी मंदिर के ट्रस्ट बोर्ड को निलंबित कर दिया। सुप्रीम कोर्ट ने ट्रस्टियों की कार्रवाई को आदेश की जानबूझकर और खुली अवहेलना बताया है। मंदिर का प्रशासन संभालने के लिए दो सेवानिवृत्त हाईकोर्ट जजों को नियुक्त किया गया है।
सुप्रीम कोर्ट ने मंदिर का
प्रशासन किन जजों को सौंपा?
न्यायमूर्ति अरविंद कुमार और न्यायमूर्ति विपुल एम. पंचोली की पीठ ने दो सेवानिवृत्त जजों की समिति बनाई है। इसमें न्यायमूर्ति एस. वैद्यनाथन और न्यायमूर्ति वी. पार्थिबन शामिल हैं। दोनों को कोर्ट की ओर से रिसीवर नियुक्त किया गया है। वे मंदिर का प्रशासन संभालेंगे और दीप जलाने की व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे। यह मंदिर भगवान मुरुगन को समर्पित है और तमिलनाडु के प्रमुख धार्मिक स्थलों में शामिल है। मदुरै की तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर कई दशकों से कार्तिगई दीपम निचली ढलान पर स्थित उच्छिपिल्लैयार मंदिर के पास दीप मंडपम में जलाया जाता रहा है। हिंदू संगठनों ने पहाड़ी के ऊपरी हिस्से में स्थित दीपथून स्तंभ पर दीप जलाने की मांग की थी। यह स्थान पास की दरगाह से करीब 50 मीटर दूर है।
इसी बात को लेकर विवाद चल रहा है कि पहाड़ी पर दीप कहां और किसके द्वारा जलाया जाना चाहिए। 24 नवंबर को दीपथून पर दीप नहीं जलने के बाद तमिलनाडु सरकार ने बुधवार को सुप्रीम कोर्ट से माफी मांगी थी और इसके लिए मंदिर प्रशासन को जिम्मेदार बताया था। अब अदालत ने ट्रस्ट बोर्ड को हटाकर खुद नियुक्त रिसीवरों के जरिए प्रशासन संभालने का फैसला किया है।
ट्रस्ट बोर्ड ने अदालत के आदेश की अवहेलना कैसे की?
सुप्रीम कोर्ट ने 20 नवंबर को आदेश दिया था कि 24 नवंबर को दीपथून स्तंभ पर एक बार के लिए कार्तिगई दीपम जलाया जाए। लेकिन 24 नवंबर को निर्धारित स्थान पर दीप नहीं जलाया गया। मंदिर ट्रस्ट ने इसके बजाय पहाड़ी की निचली ढलान पर उच्छिपिल्लैयार मंदिर के पास पारंपरिक दीप मंडपम में दीप जलाने का फैसला किया। अदालत ने कहा कि ट्रस्टियों ने स्पष्ट रूप से उसके आदेश को लागू नहीं करने का रुख अपनाया। पीठ के मुताबिक, यह अदालत के अधिकार को कमजोर करने और मद्रास हाईकोर्ट के सामने दिए गए भरोसे की भी अनदेखी है।
सुरक्षा के लिए क्या इंतजाम होंगे?
सुप्रीम कोर्ट ने निर्देश दिया है कि 24 नवंबर को उच्छिपिल्लैयार मंडपम में जलाई गई ज्योति से दीपथून स्तंभ पर दीप जलाया जाए। हर श्रद्धालु को विवादित स्थल पर दीप जलाने की अनुमति होगी। हालांकि, दीप दरगाह से चारों तरफ कम से कम 50 मीटर की दूरी पर जलाया जाएगा। अदालत ने केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) को दरगाह की सुरक्षा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। दरगाह आने वाले किसी भी व्यक्ति को रोका नहीं जाएगा और न ही उसे प्रार्थना करने से रोका जाएगा।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur