Breaking News

सोनहत/बैकुंठपुर@सोनहत पंचायत में बोरवेल भुगतान विवाद का हाईकोर्ट तक पहुंचा मामला…पूर्व उपसरपंच और पंच पति को अंतरिम राहत

Share

  • सोनहत पंचायत विवाद में हाईकोर्ट का बड़ा आदेश,एससी/एसटी एक्ट की एफआईआर पर अंतरिम रोक
  • सरपंच की शिकायत पर दर्ज एफआईआर को हाईकोर्ट में चुनौती,पूर्व उपसरपंच और पंच पति को राहत
  • सोनहत पंचायत का विवाद न्यायालय पहुंचा,हाईकोर्ट ने रोकी आपराधिक प्रकरण की कार्यवाही
  • एफआईआर के कानूनी आधार पर उठे सवाल,हाईकोर्ट ने याचिका स्वीकार कर दी अंतरिम राहत
  • न्यायमूर्ति नरेंद्र कुमार व्यास और न्यायमूर्ति सुधीर कुमार की डबल बेंच का आदेश,अधिवक्ता बरुण कुमार मिश्रा ने की पैरवी,21 जनवरी को अगली सुनवाई


-राजन पाण्डेय-
सोनहत/बैकुंठपुर,27 नवम्बर 2026 (घटती-घटना)। ग्राम पंचायत सोनहत में बोरवेल के भुगतान को लेकर शुरू हुआ विवाद अब न्यायालय की दहलीज तक पहुंच गया है,वर्तमान सरपंच मानमती सिंह की शिकायत पर पूर्व उपसरपंच एवं अधिवक्ता राजेंद्र प्रसाद साहू और पंच पति जयकरण साहू के विरुद्ध एससी/एसटी एक्ट के तहत दर्ज एफआईआर को छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में चुनौती दी गई,मामले की सुनवाई करते हुए हाईकोर्ट की दो सदस्यीय पीठ ने दोनों याचिकाकर्ताओं को अंतरिम राहत प्रदान की है, न्यायालय ने सोनहत थाने में दर्ज एफआईआर के अनुसरण में फिलहाल दंडात्मक कार्रवाई नहीं करने और उससे संबंधित आपराधिक प्रकरण की कार्यवाही अगली सुनवाई तक स्थगित रखने का आदेश दिया है।
बिलासपुर हाईकोर्ट में 19 नवंबर 2026 को क्रिमिनल मिसलेनियस पिटीशन क्रमांक 2900/2026,राजेंद्र प्रसाद साहू विरुद्ध छत्तीसगढ़ शासन पर सुनवाई हुई,इस मामले की सुनवाई न्यायमूर्ति नरेंद्र कुमार व्यास और न्यायमूर्ति सुधीर कुमार की डबल बेंच ने की। याचिकाकर्ताओं की ओर से अधिवक्ता बरुण कुमार मिश्रा ने पैरवी करते हुए एफआईआर में एससी/एसटी एक्ट की धाराएं लगाए जाने के आधार पर सवाल उठाए,न्यायालय ने एफआईआर का अवलोकन करने और प्रस्तुत दलीलों पर विचार करने के बाद याचिका सुनवाई के लिए स्वीकार कर ली।
30 जून को दर्ज हुई एफआईआर, एससी/एसटी एक्ट सहित बीएनएस की धाराएं लगाई गईं-पुलिस अभिलेख के अनुसार,थाना सोनहत में 30 जून 2026 को रात 10ः29 बजे अपराध क्रमांक 72/2026 दर्ज किया गया,इसमें अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की धारा 3(1)(आर) और 3(1)(एस) के साथ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 3(5) और 351(3) लगाई गई हैं, एफआईआर में राजेंद्र प्रसाद साहू और जयकरण साहू को नामजद किया गया है, मामले की जांच के लिए उप पुलिस अधीक्षक नेल्सन कुजूर के द्वारा किया जा रहा था,हालांकि,एफआईआर में दर्ज ये आरोप शिकायतकर्ता के कथन हैं,इनकी सत्यता का अंतिम निर्धारण जांच और न्यायिक प्रक्रिया के आधार पर होना है।
न्यायमूर्ति नरेंद्र कुमार व्यास और न्यायमूर्ति सुधीर कुमार की पीठ का अंतरिम आदेश-हाईकोर्ट के 19 नवंबर 2026 के आदेश में राज्य की ओर से उप महाधिवक्ता वैशाली महिलोंग उपस्थित रहीं, उन्होंने न्यायालय को बताया कि एससी/एसटी एक्ट के मामलों में शिकायतकर्ता को नोटिस जारी किया जाना आवश्यक है,इस मामले में शिकायतकर्ता पहले से ही पक्षकार के रूप में शामिल है,न्यायालय ने नियमानुसार प्रक्रिया शुल्क जमा करने की शर्त पर प्रतिवादी पक्षों को नोटिस जारी करने का निर्देश दिया और 10 कार्यदिवस के भीतर प्रक्रिया शुल्क जमा करने को कहा,इसके बाद न्यायमूर्ति नरेंद्र कुमार व्यास और न्यायमूर्ति सुधीर कुमार की पीठ ने अंतरिम आदेश देते हुए निर्देश दिया कि थाना सोनहत में दर्ज अपराध क्रमांक 72/2026 की एफआईआर के अनुसरण में फिलहाल कोई दंडात्मक कदम नहीं उठाया जाएगा। साथ ही, संबंधित आपराधिक प्रकरण क्रमांक 22/2026 की कार्यवाही भी अगली सुनवाई तक स्थगित रहेगी।
21 जनवरी 2027 को फिर होगी सुनवाई,सरपंच के जवाब पर भी रहेगी नजर-हाईकोर्ट ने मामले को आगे की सुनवाई के लिए 21 जनवरी 2027 को सूचीबद्ध किया है,अब प्रतिवादी पक्षों के जवाब और दोनों ओर से प्रस्तुत कानूनी दलीलों के आधार पर मामले की आगे की दिशा तय होगी,इस घटनाक्रम ने सोनहत पंचायत के भीतर बोरवेल भुगतान को लेकर शुरू हुए विवाद को एक गंभीर कानूनी मोड़ दे दिया है,एक ओर वर्तमान सरपंच की शिकायत पर पुलिस ने जातिगत टिप्पणी,गाली-गलौज और धमकी के आरोपों में एफआईआर दर्ज की थी,तो दूसरी ओर नामजद पक्ष ने इसे बदले की भावना से प्रेरित बताते हुए हाईकोर्ट में चुनौती दी है,अब सवाल केवल बोरवेल भुगतान के विवाद का नहीं,बल्कि एफआईआर में लगाए गए आरोपों और एससी/एसटी एक्ट की धाराओं के कानूनी आधार का भी है। हाईकोर्ट ने फिलहाल याचिकाकर्ताओं को अंतरिम राहत दी है, लेकिन एफआईआर निरस्त करने या आरोपों को झूठा घोषित करने का अंतिम फैसला नहीं सुनाया है। 21 जनवरी 2027 की सुनवाई इस मामले में आगे की कानूनी दिशा तय करने के लिहाज से महत्वपूर्ण होगी।
बोरवेल भुगतान को लेकर पंचायत में विवाद,सरपंच ने दर्ज कराई थी शिकायत
उपलब्ध पुलिस एफआईआर के अनुसार,ग्राम पंचायत सोनहत की वर्तमान सरपंच मानमती सिंह ने 30 जून 2026 को थाना सोनहत में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी,विवाद की जड़ वार्ड क्रमांक 16 में कराए गए बोरवेल के भुगतान को लेकर बताई गई है,शिकायत में उल्लेख है कि वार्ड क्रमांक 16 के पंच के पति जयकरण साहू ने अपने घर के सामने निजी बोरवेल कराया था और उसके भुगतान को पंचायत से प्राप्त करने को लेकर विवाद हुआ,एफआईआर में शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि 30 जून 2026 को दोपहर लगभग 2ः45 बजे पंचायत की बैठक के दौरान जयकरण साहू ने गाली-गलौज की और मारपीट की धमकी दी,शिकायत के मुताबिक,इसके बाद उनके भतीजे राजेंद्र प्रसाद साहू भी वहां पहुंचे और कथित रूप से गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी,शिकायत में जातिगत टिप्पणी करने और नोगई कांड जैसा जिंदा जलाने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है,एफआईआर में घटना का समय दोपहर 2ः45 बजे से शाम 6 बजे तक दर्ज है,शिकायतकर्ता ने इन घटनाओं के संबंध में पुलिस से कार्रवाई की मांग की थी।
अधिवक्ता बरुण कुमार मिश्रा की दलील…एफआईआर में
अपराध के आवश्यक तत्वों का प्रथम दृष्टया आधार नहीं…

एफआईआर के खिलाफ हाईकोर्ट पहुंचे याचिकाकर्ताओं की ओर से अधिवक्ता बरुण कुमार मिश्रा ने न्यायालय में प्रमुख कानूनी सवाल उठाया,उन्होंने दलील दी कि एफआईआर में ऐसा कोई प्रथम दृष्टया आधार नहीं है,जिससे एससी/एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम की धारा 3(1)(ह्म्) और 3(1)(ह्य) के तहत अपराध के आवश्यक तत्व याचिकाकर्ताओं के विरुद्ध स्थापित होते हों, याचिकाकर्ता पक्ष ने एफआईआर को झूठा और बदले की भावना से प्रेरित बताते हुए इसे एससी/एसटी एक्ट के कथित दुरुपयोग का मामला बताया तथा एफआईआर निरस्त करने की मांग की,अधिवक्ता बरुण कुमार मिश्रा की ओर से रखी गई इन दलीलों के बाद हाईकोर्ट ने एफआईआर का अवलोकन करते हुए याचिका को सुनवाई के लिए स्वीकार किया,यह घटनाक्रम इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि अब मामले में शिकायतकर्ता पक्ष को भी न्यायालय के समक्ष अपना जवाब प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।


Share

Check Also

एमसीबी@स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने की नगरीय निकायों एवं निर्माण विभागों के विकास कार्यों की समीक्षा,अप्रारंभ कार्यों को शीघ्र शुरू करने के निर्देश

Share निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से समझौता स्वीकार्य नहीं,जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के …

Leave a Reply