बोले…‘हमारा झोला,हमारा पैसा और हमारा सामान,अपनी मितानिन बहनों को उपहार देने में कांग्रेस को तकलीफ क्यों? ‘
-संवाददाता-
एमसीबी,27 नवम्बर 2026 (घटती-घटना)। खड़गवां में आयोजित राज्यस्तरीय मितानिन दिवस समारोह के बाद मितानिन बहनों को झोला और अन्य उपहार भेंट किए जाने का मामला अब राजनीतिक तकरार का विषय बन गया है, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल द्वारा मितानिनों को उपहार दिए जाने पर कांग्रेस ने सवाल उठाए थे। कांग्रेस का आरोप था कि सरकारी कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने मितानिनों को झोले वितरित किए,वहीं,इन आरोपों पर अब स्वास्थ्य मंत्री ने तीखा पलटवार करते हुए स्पष्ट किया है कि उपहारों का वितरण किसी सरकारी राशि या सरकारी योजना के तहत नहीं,बल्कि उनके निजी खर्च से किया गया है। मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कांग्रेस के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा,‘हमारा झोला बंटा तो कांग्रेसियों को क्या तकलीफ हो रही है? हमने न तो सरकारी पैसे से झोले बांटे हैं और न ही किसी सरकारी योजना के तहत उनका वितरण किया है,यह हमारा झोला है,हमारा पैसा है और हमारा सामान है। हम अपनी मितानिन बहनों को अपनी ओर से उपहार दे रहे हैं,तो कांग्रेसियों को आखिर परेशानी क्यों हो रही है? ‘
सरकारी कार्यक्रम समाप्त होने के बाद निजी तौर पर दिए उपहार : मंत्री- मंत्री ने पूरे घटनाक्रम पर अपना पक्ष रखते हुए कहा कि मितानिन दिवस के अवसर पर शासन की ओर से कार्यक्रम आयोजित किया गया था,जिसमें मितानिन बहनों का सम्मान किया गया,सरकारी कार्यक्रम और सम्मान समारोह संपन्न होने के बाद उन्होंने व्यक्तिगत रूप से मितानिन बहनों को शुभकामनाएं दीं और अपनी ओर से झोला सहित अन्य उपहार भेंट किए,उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए सवाल किया कि क्या अब अपनी बहनों को व्यक्तिगत रूप से उपहार देने के लिए भी कांग्रेस से अनुमति लेनी पड़ेगी? क्या किसी का सम्मान करना भी कांग्रेस से पूछकर करना होगा? मंत्री के इस बयान से साफ है कि वे उपहार वितरण को सरकारी आयोजन का हिस्सा नहीं,बल्कि अपना व्यक्तिगत स्नेह और सम्मान बता रहे हैं।
मितानिनों के योगदान को राजनीतिक चश्मे से नहीं देखना चाहिए- स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि मितानिन बहनें ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की महत्वपूर्ण कड़ी हैं,आम लोगों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने,मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने और जरूरतमंदों तक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ पहुंचाने में उनकी अहम भूमिका है,ऐसे में उनके प्रति सम्मान, स्नेह और अपनापन रखना हमारा दायित्व है,उन्होंने कहा कि मितानिन बहनों का सम्मान करने की परंपरा पहले भी रही है और आगे भी जारी रहेगी, उनके योगदान को देखते हुए उन्हें सम्मानित करना कोई राजनीतिक दिखावा नहीं,बल्कि उनके प्रति आत्मीयता का भाव है,कांग्रेस को इस तरह के विषयों पर राजनीति करने के बजाय मितानिन बहनों के योगदान को समझना चाहिए।
कांग्रेस के सवाल बनाम मंत्री का निजी खर्च का दावा-मितानिन दिवस समारोह के बाद शुरू हुआ यह विवाद अब एमसीबी जिले की राजनीति में चर्चा का विषय बन गया है,एक ओर कांग्रेस सरकारी कार्यक्रम के दौरान हुए झोला वितरण को लेकर सवाल उठा रही है, तो दूसरी ओर स्वास्थ्य मंत्री इसे अपना निजी खर्च बताते हुए आरोपों को खारिज कर रहे हैं,इस पूरे विवाद का अहम सवाल यही है कि उपहारों का वितरण किस परिस्थिति में और किस खर्च से किया गया,मंत्री ने इसे निजी खर्च बताया है,जबकि कांग्रेस की ओर से इस पर सवाल उठाए गए हैं,फिलहाल मंत्री के बयान के बाद राजनीतिक बहस और तेज हो गई है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur