रायपुर,27 नवम्बर 2026। मैं स्वयं किसान का बेटा हूं, और खेती-किसानी की परिस्थितियों को भलीभांति समझता हूं। इसलिए हमारी सरकार ने निर्णय लिया है कि जो किसान प्रति एकड़ 21 क्विंटल से कम धान बेचते हैं, उन्हें भी 21 क्विंटल की निर्धारित सीमा तक अंतर की राशि उनके खातों में प्रदान की जाएगी। यह बात मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहते हुए इस बात पर जोर दिया कि हमारी सरकार चाहती है कि प्रदेश का कोई भी किसान कम उत्पादन के कारण इस लाभ से वंचित न रहे। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज पत्रकारों से चर्चा के दौरान धान खरीदी और किसानों को दी जा रही सुविधाओं के संबंध में पूछे गए सवालों का जवाब दे रहे थे। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार किसानों की खुशहाली और आर्थिक समृद्धि के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। प्रदेश के अन्नदाता किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य देने के साथ ही धान खरीदी की व्यवस्था को अधिक सुविधाजनक और पारदर्शी बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने इस वर्ष किसानों के हित में ऐतिहासिक निर्णय लिया है,जिसके तहत प्रति एकड़ 21 क्विंटल से कम धान बेचने वाले किसानों को भी निर्धारित सीमा तक अंतर की राशि का लाभ दिया जाएगा। इससे कम उत्पादन वाले क्षेत्रों के किसानों को भी आर्थिक लाभ मिल सकेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि पूरे देश में छत्तीसगढ़ के किसानों को जिस प्रकार आर्थिक लाभ दिया जा रहा है,वैसा लाभ किसी अन्य राज्य के किसानों को नहीं मिल रहा है। हमारी सरकार किसानों की मेहनत का सम्मान करते हुए उन्हें अधिक से अधिक लाभ पहुंचाने के लिए निरंतर निर्णय ले रही है। धान खरीदी की व्यवस्था ऐसी हो कि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और अधिकतम सुविधाएं उन्हें घर बैठे मिल सकें,इसके लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि इस वर्ष राज्य सरकार ने किसानों के हित में एक अत्यंत महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक निर्णय लिया है। छत्तीसगढ़ के सभी क्षेत्रों में प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान का उत्पादन नहीं होता। प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में खेती की परिस्थितियां और उत्पादन क्षमता भी अलग-अलग हैं। ऐसे में कम उत्पादन करने वाले किसानों को भी निर्धारित सीमा तक अंतर की राशि का लाभ देने का निर्णय उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की गारंटी के अनुरूप राज्य सरकार किसानों के कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है। किसानों को उनकी मेहनत का उचित प्रतिफल मिले,खेती लाभकारी बने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था सशक्त हो, इसी उद्देश्य से सरकार नीतिगत निर्णय ले रही है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur