Breaking News

सूरजपुर@जिस बैंक का ऋण खाता सवालों में,उसी बैंक की अध्यक्षी पर संकट! हाईकोर्ट ने नियुक्ति पर लगाई अंतरिम रोक

Share

  • कर्ज की फाइल में 42 लाख,अध्यक्ष की कुर्सी पर रामकिशुन! नियुक्ति को हाईकोर्ट में चुनौती
  • 10 लाख का पुराना ऋण,42.10 लाख की क्लोजर राशि…नियुक्ति की पात्रता पर सरकार से हाईकोर्ट ने मांगा जवाब
  • बैंक का कर्ज कालातीत होने का आरोप, अध्यक्षी पर सवाल! 15 दिसंबर के सरकारी आदेश पर हाईकोर्ट की रोक
  • किस आधार पर मिली अध्यक्ष की कुर्सी? बैंक के ऋण रिकॉर्ड ने खोली नियुक्ति की पात्रता पर बहस
  • बैंक के दस्तावेजों में 2009 में स्वीकृत 10 लाख रुपये के ऋण का उल्लेख,28 अप्रैल 2026 के सिस्टम में 42,10,685 रुपये नेट क्लोजर अमाउंट दर्ज
  • शिकायतकर्ता ने कालातीत ऋणी होने का आरोप लगाकर नियुक्ति को चुनौती दी थी


-ओंकार पाण्डेय-
सूरजपुर,27 नवम्बर 2026 (घटती-घटना)। जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित सरगुजा में अध्यक्ष की कुर्सी को लेकर उठा विवाद अब एक गंभीर न्यायिक मोड़ पर पहुंच गया है,जिस नियुक्ति पर बैंक के ऋण खाते और पात्रता संबंधी दस्तावेजों के आधार पर लगातार सवाल उठाए जा रहे थे,उसी मामले में छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने 26 नवंबर 2026 को महत्वपूर्ण अंतरिम आदेश जारी किया है,न्यायालय ने 15 दिसंबर 2025 के उस सरकारी आदेश के प्रभाव एवं संचालन पर अगली सुनवाई तक रोक लगा दी है,जिसके माध्यम से रामकिशुन सिंह को जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित सरगुजा का अध्यक्ष नामांकित किया गया था।
मामले की गंभीरता इसलिए भी बढ़ गई है क्योंकि नियुक्ति पर सवाल उठाने वाले शिकायतकर्ता ने केवल राजनीतिक या व्यक्तिगत आरोप नहीं लगाए,बल्कि बैंक के ऋण खाते से जुड़े दस्तावेज,शाखा प्रबंधक का पत्र और बैंकिंग सिस्टम का स्क्रीनशॉट भी सामने रखा है,इन दस्तावेजों में एक ओर वर्ष 2009 में 10 लाख रुपये का ऋण स्वीकृत होने का उल्लेख है,वहीं दूसरी ओर 28 अप्रैल 2026 के बैंकिंग सिस्टम में उसी खाते के लिए 42,10,685 रुपये की नेट क्लोजर राशि दिखाई गई है, अब सवाल यह है कि जिस बैंक के ऋण खाते की स्थिति को लेकर इतनी बड़ी राशि का रिकॉर्ड सामने आया, उसी बैंक का नेतृत्व करने के लिए संबंधित व्यक्ति की पात्रता का परीक्षण आखिर किस आधार पर किया गया? क्या नियुक्ति से पहले बैंक ने अपने ही रिकॉर्ड की जांच की थी या अध्यक्ष की कुर्सी के सामने ऋण खाते की फाइल को नजरअंदाज कर दिया गया?
हाईकोर्ट की अंतरिम रोक ने नियुक्ति विवाद को दिया नया मोड़- 26 नवंबर 2026 की हाईकोर्ट आदेश-पत्रिका के अनुसार मामला दुर्गाचरण सिंह बनाम छत्तीसगढ़ राज्य के नाम से विचाराधीन है,सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ता की ओर से अधिवक्ता भास्कर पयासी उपस्थित हुए,जबकि राज्य की ओर से शासकीय अधिवक्ता अखिलेश कुमार ने पक्ष रखा,अन्य प्रतिवादी पक्षों की ओर से अधिवक्ता हरिओम राय तथा वरिष्ठ अधिवक्ता प्रफुल्ल एन. भारत,अधिवक्ता हर्षल चौहान के साथ उपस्थित हुए,आदेश-पत्रिका में दर्ज है कि राज्य की ओर से जवाब दाखिल करने के लिए चार सप्ताह का समय मांगा गया,जिसे न्यायालय ने स्वीकार किया,मामले के तथ्यों और परिस्थितियों को देखते हुए न्यायालय ने अंतरिम व्यवस्था के रूप में 15 दिसंबर 2025 के विवादित आदेश के प्रभाव एवं संचालन को अगली सुनवाई तक स्थगित रखने का निर्देश दिया, प्रकरण को चार सप्ताह बाद सूचीबद्ध करने को कहा गया है,यहां यह स्पष्ट करना जरूरी है कि हाईकोर्ट ने अभी नियुक्ति की वैधता पर अंतिम फैसला नहीं दिया है,लेकिन विवादित आदेश के प्रभाव पर अंतरिम रोक लगना इस बात का संकेत है कि नियुक्ति से जुड़े प्रश्नों पर न्यायिक परीक्षण जारी है,अब राज्य सरकार को अदालत के सामने यह स्पष्ट करना होगा कि नियुक्ति किन तथ्यों और नियमों के आधार पर की गई थी।
बैंक के अपने पत्र में 34.73 लाख रुपये की कालातीत राशि का उल्लेख-इस मामले में बिलासपुर शाखा के प्रबंधक का पत्र भी सामने आया है, पत्र में नकद साख सीमा खाते क्रमांक 603005019761 (5832/810) का उल्लेख करते हुए बताया गया है कि 2 अप्रैल 2009 को 10 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई थी,उसी पत्र में वर्तमान कालातीत राशि 34,73,902 रुपये दर्ज होने का उल्लेख है। पत्र के अनुसार नाबार्ड निरीक्षण के दौरान खाते को लेकर आपत्ति उठाई गई थी और संबंधित राशि शीघ्र शाखा में जमा कराने का आग्रह किया गया था, यह पत्र शिकायतकर्ता के आरोप को एक दस्तावेजी आधार देता है, लेकिन खाते की वर्तमान स्थिति का अंतिम निर्धारण केवल इस पुराने पत्र से नहीं किया जा सकता, इसके लिए बैंक का प्रमाणित लेजर, ऋण खाता विवरण,वसूली का रिकॉर्ड और बाद में हुए भुगतान की जानकारी जरूरी है,सबसे अहम बात यह है कि जब बैंक के ही पत्र में ऋण खाते को लेकर गंभीर आपत्ति और बड़ी कालातीत राशि दर्ज थी,तो क्या अध्यक्ष पद के लिए पात्रता परीक्षण के दौरान यह जानकारी संबंधित अधिकारियों के सामने रखी गई थी?
15 दिसंबर 2025 का सरकारी आदेश—सरगुजा बैंक की अध्यक्षी रामकिशुन सिंह को- छत्तीसगढ़ शासन के सहकारिता विभाग ने 15 दिसंबर 2025 को आदेश क्रमांक GEN COR-35/1779/2025-COMM. COOP. & RCS जारी किया था,आदेश में छत्तीसगढ़ सहकारी सोसायटी नियम, 1962 के नियम 43-ख(2) के तहत विभिन्न जिला सहकारी केंद्रीय बैंकों और सहकारी संस्थाओं में अशासकीय व्यक्तियों को अध्यक्ष,उपाध्यक्ष अथवा प्राधिकृत अधिकारी के रूप में नामांकित किए जाने का उल्लेख है,इस आदेश की सूची के क्रमांक पांच पर रामकिशुन सिंह का नाम दर्ज है,उनके पते के रूप में 282/9,कर्मा विला, हाउसिंग बोर्ड रोड, नमनाकला,अंबिकापुर,जिला सरगुजा का उल्लेख है,उन्हें जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित,सरगुजा का अध्यक्ष नामांकित किया गया था,शिकायतकर्ता ने इसी आदेश को चुनौती देते हुए कहा कि नियुक्ति से पहले संबंधित ऋण खाते और पात्रता की जांच होनी चाहिए थी, अब हाईकोर्ट ने इसी 15 दिसंबर 2025 के आदेश के प्रभाव एवं संचालन पर अगली सुनवाई तक रोक लगाई है,यानी जिस आदेश के आधार पर अध्यक्ष की कुर्सी मिली थी,उसी आदेश को लेकर अब न्यायालय में जवाब-तलब की स्थिति बन गई है।
बैंक अध्यक्ष की पात्रता पर सवाल, लेकिन बैंक प्रबंधन की चुप्पी भी चर्चा में- शिकायतकर्ता ने अपने पत्र में बैंक अध्यक्ष रामकिशुन सिंह और मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीकांत चंद्राकर पर भी आरोप लगाए हैं,शिकायत में कहा गया है कि बैंक में पदस्थ कर्मचारी अजीत सिंह के विरुद्ध शाखा धौरपुर, भैयाथान तथा अन्य शाखाओं में कथित भ्रष्टाचार,गबन और बैंक नियमों के विरुद्ध कार्यों को लेकर कई शिकायतें की गईं, शिकायतकर्ता का दावा है कि जांच में अनियमितताएं सामने आने के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई, पत्र में यह भी आरोप लगाया गया है कि संबंधित मामलों के दस्तावेजों और फाइलों को लेकर पारदर्शिता नहीं बरती जा रही तथा कर्मचारियों पर दबाव बनाने की शिकायतें भी हैं, बैंक अध्यक्ष और मुख्य कार्यपालन अधिकारी के नाम पर कथित कमीशन वसूली का आरोप भी लगाया गया है, ये सभी आरोप शिकायतकर्ता के हैं और स्वतंत्र रूप से प्रमाणित नहीं हैं, लेकिन जब एक ही शिकायत में बैंक अध्यक्ष की पात्रता, कर्मचारी के विरुद्ध कथित वित्तीय अनियमितताओं और दस्तावेजों के संरक्षण जैसे मुद्दे उठाए गए हैं, तो बैंक प्रबंधन को प्रत्येक आरोप पर अलग-अलग तथ्यात्मक जवाब देना चाहिए, यदि शिकायत निराधार है तो बैंक प्रमाणित रिकॉर्ड के साथ स्थिति स्पष्ट करे। और यदि किसी मामले में अनियमितता पाई गई है तो कार्रवाई का विवरण सार्वजनिक किया जाना चाहिए, चुप्पी से न आरोप समाप्त होते हैं और न ही संस्था की जवाबदेही।
एक तरफ किसानों का बैंक, दूसरी तरफ अध्यक्ष की पात्रता पर ऋण का सवाल- जिला सहकारी केंद्रीय बैंक का काम किसानों, समितियों और सहकारी संस्थाओं के वित्तीय हितों की रक्षा करना है, ऐसे संस्थान में अध्यक्ष पद केवल राजनीतिक या प्रशासनिक नियुक्ति का विषय नहीं,बल्कि भरोसे और जवाबदेही का पद भी है, किसानों को ऋण देने, समितियों के खातों का संचालन करने और वित्तीय अनुशासन बनाए रखने वाली संस्था के शीर्ष पद पर बैठे व्यक्ति की पात्रता पर ही यदि ऋण खाते को लेकर सवाल उठें,तो बैंक की विश्वसनीयता पर भी असर पड़ता है,यह सवाल किसी व्यक्ति को दोषी ठहराने के लिए नहीं, बल्कि व्यवस्था से जवाब मांगने के लिए है। क्या अध्यक्ष पद पर नियुक्ति से पहले ऋण संबंधी रिकॉर्ड का सत्यापन अनिवार्य रूप से किया गया था? क्या बैंक ने कोई अनापत्ति प्रमाण-पत्र दिया था? क्या संबंधित ऋण खाते को लेकर बैंक के सक्षम अधिकारी से जानकारी ली गई थी? और यदि ली गई थी तो उसकी रिपोर्ट कहां है?
अब सरकार के सामने चार सप्ताह में जवाब देने की चुनौती-हाईकोर्ट के आदेश के बाद राज्य सरकार को चार सप्ताह में अपना जवाब दाखिल करना है, अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि सरकार नियुक्ति के समर्थन में कौन से दस्तावेज प्रस्तुत करती है,क्या सरकार यह बताएगी कि रामकिशुन सिंह की पात्रता किस आधार पर तय हुई? क्या बैंक के ऋण खाते की स्थिति का परीक्षण किया गया था? क्या खाते की कालातीत स्थिति और नेट क्लोजर राशि को ध्यान में रखा गया था? बैंक प्रबंधन के लिए भी यह अवसर है कि वह ऋण खाते की प्रमाणित वर्तमान स्थिति,भुगतान का रिकॉर्ड और नियुक्ति से पहले किए गए पात्रता परीक्षण का विवरण सार्वजनिक करे,इससे न केवल शिकायतकर्ता के सवालों का जवाब मिलेगा,बल्कि बैंक की संस्थागत विश्वसनीयता भी स्पष्ट होगी।
सवाल जिनसे बचकर नहीं निकल सकता सहकारिता विभाग

  1. वर्ष 2009 में स्वीकृत 10 लाख रुपये के ऋण खाते की पात्रता जांच के समय स्थिति क्या थी?
  2. बिलासपुर शाखा के पत्र में दर्ज 34,73,902 रुपये की कालातीत राशि का बाद में क्या हुआ?
  3. 28 अप्रैल 2026 के बैंकिंग सिस्टम में 42,10,685 रुपये की नेट क्लोजर राशि किस आधार पर दर्ज थी?
  4. क्या रामकिशुन सिंह अथवा संबंधित फर्म ने पूरी राशि जमा कर खाते का निपटान कर दिया है? यदि हां,तो प्रमाणित भुगतान विवरण कहां है?
  5. अध्यक्ष पद पर नियुक्ति से पहले बैंक ने ऋण खाते की अनापत्ति या पात्रता संबंधी कोई प्रमाण-पत्र जारी किया था?
  6. 15 दिसंबर 2025 के सरकारी आदेश में नामांकन से पहले पात्रता की जांच किस अधिकारी ने की?
  7. हाईकोर्ट में सरकार इस नियुक्ति के समर्थन में कौन से दस्तावेज पेश करेगी?
  8. बैंक कर्मचारी अजीत सिंह के विरुद्ध शिकायतों की जांच और कार्रवाई की वास्तविक स्थिति क्या है?
    अध्यक्ष की कुर्सी पर सवाल,बैंक की साख पर भी परीक्षा-रामकिशुन सिंह की नियुक्ति पर उठे सवाल अब केवल शिकायतकर्ता और बैंक प्रबंधन के बीच का विवाद नहीं रह गए हैं, बैंक का ऋण रिकॉर्ड, शासन का नियुक्ति आदेश और हाईकोर्ट की अंतरिम रोक—तीनों ने इस प्रकरण को सार्वजनिक जवाबदेही का विषय बना दिया है,अब सहकारिता विभाग के सामने दो रास्ते हैं—या तो प्रमाणित दस्तावेजों के साथ नियुक्ति की वैधता और ऋण खाते की वास्तविक स्थिति स्पष्ट करे,या फिर सवालों के बने रहने दे, बैंक प्रबंधन को भी बताना होगा कि उसके अपने सिस्टम में दर्ज आंकड़ों का वास्तविक अर्थ क्या है और नियुक्ति के समय उन आंकड़ों की जांच क्यों नहीं की गई,जिस बैंक में किसानों को एक-एक रुपये के ऋण के लिए पात्रता और दस्तावेजों की कसौटी से गुजरना पड़ता है,उसी बैंक के अध्यक्ष की पात्रता पर 10 लाख के पुराने ऋण और 42.10 लाख की नेट क्लोजर राशि के दस्तावेजों से सवाल उठ रहे हैं,अब देखना है कि नियमों की कसौटी सबके लिए समान रहती है या अध्यक्ष की कुर्सी के सामने बैंक के रिकॉर्ड भी मौन हो जाते हैं!
    2009 में 10 लाख रुपये का ऋण,
    शिकायत में कालातीत होने का दावा-

    रामकिशुन सिंह की नियुक्ति को चुनौती देने वाली 10 अगस्त 2026 की शिकायत में बताया गया है कि 2 अप्रैल 2009 को छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी बैंक मर्यादित, बिलासपुर के खाता क्रमांक 604005019761 से मेसर्स बाबा टंगीनाथ स्टोन क्रेशर के नाम पर 10 लाख रुपये का ऋण स्वीकृत किया गया था, शिकायतकर्ता दुर्गाचरण सिंह का आरोप है कि अध्यक्ष पद पर नियुक्ति के समय यह ऋण वर्षों से कालातीत हो चुका था, उन्होंने सहकारी अधिनियम के प्रावधानों का हवाला देते हुए सवाल उठाया कि कालातीत ऋणी सदस्य को बैंक का अध्यक्ष, संचालक अथवा नामांकित सदस्य बनाए जाने की पात्रता कैसे हो सकती है, शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया कि ऋण खाते की वास्तविक स्थिति और उससे जुड़े तथ्यों को नजरअंदाज कर रामकिशुन सिंह को अध्यक्ष पद पर नियुक्त किया गया, शिकायतकर्ता ने नियुक्ति से पहले पात्रता की जांच कराने और नियमों के विपरीत नियुक्ति पाए जाने पर अध्यक्ष पद से हटाने की मांग की थी, इस आरोप की पुष्टि या खंडन के लिए सबसे महत्वपूर्ण दस्तावेज वही बैंक रिकॉर्ड हैं जिनमें ऋण की स्वीकृति, भुगतान, ब्याज, वसूली और खाते की वर्तमान स्थिति दर्ज है, इसलिए बैंक प्रबंधन से यह पूछना जरूरी है कि नियुक्ति के समय इस खाते का परीक्षण किया गया था या नहीं।

Share

Check Also

एमसीबी@स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने की नगरीय निकायों एवं निर्माण विभागों के विकास कार्यों की समीक्षा,अप्रारंभ कार्यों को शीघ्र शुरू करने के निर्देश

Share निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से समझौता स्वीकार्य नहीं,जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के …

Leave a Reply