वडोदरा,27 नवम्बर 2026। गुजरात आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) ने आतंकी हमले की साजिश रचने के आरोप में जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया है। उसे हालोल-वडोदरा हाईवे पर गोल्डन चौकड़ी के पास से पकड़ा गया। उसके कब्जे से एक एके-47 राइफल और 23 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपित वडोदरा एयरफोर्स स्टेशन को निशाना बनाने के इरादे से आया था। आरोपित की पहचान असम के करीमगंज जिले के मूल निवासी मोहम्मद शाहरुख इस्लाम कबीरूद्दीन के रूप में हुई है। उसके मदरसे में पढ़ाई करने की जानकारी भी सामने आई है। प्रारंभिक जांच के मुताबिक, वह असम से ट्रेन के जरिए भोपाल और फिर वहां से बस से वडोदरा पहुंचा था। गुजरात एटीएस के डीवाईएसपी हर्ष उपाध्याय को मिली सूचना के आधार पर विभिन्न टीमें सक्रिय की गईं। आरोपित के सयाजीगंज रेलवे स्टेशन के पास स्थित होटल मिलन में ठहरे होने की जानकारी मिलने पर टीम वहां पहुंची, लेकिन वह बिना चेक-आउट किए फरार हो चुका था। इसके बाद दाहोद से वडोदरा लौटते समय हालोल-वडोदरा रोड पर नाकाबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। जांच एजेंसियों के अनुसार, आरोपित पिछले एक वर्ष से पाकिस्तान स्थित जैश-ए-मोहम्मद के हैंडलर मुफ्ती रफीक उर्फ ‘इब्न अब्दुल्ला’ के संपर्क में था।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur