Breaking News

अम्बिकापुर@आयुक्त कार्यालय अटैच,फिर भी पद पर जमे हैं सहायक कुलसचिव;कुलपति नहीं कर रहे कार्यमुक्त

Share


चुन्नी लाल टंडन के खिलाफ शिकायतों की जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित,मंत्री, एबीवीपी और सांसद प्रतिनिधि की शिकायतों पर शासन सख्त,सात दिन में मांगी रिपोर्ट

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,27 नवम्बर 2026 (घटती-घटना)। संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय में सहायक कुलसचिव चुन्नी लाल टंडन के खिलाफ मिली शिकायतों का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। उच्च शिक्षा विभाग ने शिकायतों की जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित कर सात दिनों के भीतर रिपोर्ट मांगी है। वहीं इस पूरे मामले में सबसे अहम पहलू यह है कि सहायक कुलसचिव को संभागीय आयुक्त कार्यालय में अटैच किए जाने के निर्देश के बावजूद वे अब तक विश्वविद्यालय में अपने पद पर बने हुए हैं। बताया जा रहा है कि विश्वविद्यालय के कुलपति द्वारा उन्हें अब तक कार्यमुक्त नहीं किया गया है। ऐसे में शासन के निर्देशों के पालन को लेकर विश्वविद्यालय प्रबंधन की भूमिका पर सवाल उठने लगे हैं। दरअसल, सहायक कुलसचिव चुन्नी लाल टंडन के खिलाफ पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के मंत्री राजेश अग्रवाल,अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के सरगुजा विभाग संयोजक पलाश पांडेय, एबीवीपी के अंबिकापुर जिला संयोजक रोनी मिश्रा और सांसद प्रतिनिधि मार्कण्डेय तिवारी की ओर से उच्च शिक्षा विभाग को अलग-अलग शिकायतें भेजी गई थीं। शिकायतों में विश्वविद्यालय में पदस्थ सहायक कुलसचिव के कामकाज और अन्य मामलों को लेकर गंभीर आपत्तियां उठाई गई थीं। इन शिकायतों के बाद छत्तीसगढ़ शासन के उच्च शिक्षा विभाग ने 13 अक्टूबर 2026 को जारी पत्र में सहायक कुलसचिव चुन्नी लाल टंडन को आयुक्त कार्यालय में संलग्न करने तथा उनके खिलाफ लगाए गए आरोपों की सभी बिंदुओं पर जांच कर प्रतिवेदन एवं अभिमत प्रस्तुत करने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद अब तक उन्हें विश्वविद्यालय से कार्यमुक्त नहीं किया गया है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि जब उन्हें आयुक्त कार्यालय में अटैच करने के निर्देश जारी हो चुके हैं तो फिर विश्वविद्यालय प्रबंधन उन्हें कार्यमुक्त करने में देरी क्यों कर रहा है? क्या इस संबंध में कुलपति की ओर से कोई अलग आदेश जारी किया गया है, या फिर शासन के निर्देशों का पालन नहीं किया जा रहा है?
बिलासपुर, मुंगेली और अंबिकापुर के अधिकारियों को सौंपी जांच की जिम्मेदारी : इधर, शिकायतों की गंभीरता को देखते हुए उच्च शिक्षा संचालनालय ने 18 नवंबर 2026 को तीन सदस्यीय जांच समिति गठित करने का आदेश जारी किया है। समिति में क्षेत्रीय अपर संचालक,उच्च शिक्षा,बिलासपुर संभाग के डॉ. संताराम कमलेश को संयोजक बनाया गया है। वहीं शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय मुंगेली के प्राचार्य डॉ. शोभित बाजपेयी और शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय अंबिकापुर के प्रभारी प्राचार्य डॉ. अनिल सिन्हा को सदस्य नियुक्त किया गया है।
सात दिन में जांच प्रतिवेदन देने के निर्देश : जांच समिति को शिकायतों में उठाए गए सभी बिंदुओं की जांच कर संबंधित अभिलेखों और गवाहों की सूची सहित दो प्रतियों में स्पष्ट अभिमत के साथ जांच प्रतिवेदन संचालनालय को उपलब्ध कराना होगा। इसके लिए सात दिनों की समयसीमा निर्धारित की गई है। अब समिति की जांच और उसकी रिपोर्ट पर सबकी नजरें टिकी हैं।
कुलपति की भूमिका पर भी उठ रहे सवाल : इस पूरे प्रकरण में अब केवल शिकायतों की जांच ही नहीं, बल्कि सहायक कुलसचिव को आयुक्त कार्यालय में अटैच किए जाने के निर्देश के बावजूद कार्यमुक्त नहीं किए जाने का मामला भी महत्वपूर्ण हो गया है। यदि उन्हें अटैच करने का आदेश जारी हो चुका है तो उसका पालन अब तक क्यों नहीं हुआ, यह बड़ा सवाल है। जांच समिति की रिपोर्ट के साथ-साथ विश्वविद्यालय प्रबंधन द्वारा शासन के निर्देशों के अनुपालन को लेकर भी स्थिति स्पष्ट होना जरूरी है।


Share

Check Also

एमसीबी@स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने की नगरीय निकायों एवं निर्माण विभागों के विकास कार्यों की समीक्षा,अप्रारंभ कार्यों को शीघ्र शुरू करने के निर्देश

Share निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से समझौता स्वीकार्य नहीं,जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के …

Leave a Reply