Breaking News

नई दिल्ली@संविधान दिवस पर उपराष्ट्रपति ने सभी 22 अनुसूचित भाषाओं में संविधान के अद्यतन संस्करण जारी किए

Share


नई दिल्ली,26 नवम्बर 2026। उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने गुरुवार को संविधान दिवस के अवसर पर विज्ञान भवन में भारत के संविधान के सभी 22 अनुसूचित भाषाओं में अद्यतन संस्करण जारी किए। उन्होंने कहा कि सभी अनुसूचित भाषाओं में संविधान की उपलब्धता ‘एक भारत,श्रेष्ठ भारत’ की भावना को प्रतिबिंबित करती है और देश की भाषाई विविधता तथा लोकतांत्रिक समावेशिता का उत्सव है।
उपराष्ट्रपति ने कहा कि संविधान को नागरिकों की मातृभाषा में उपलब्ध कराने से वे अपने संवैधानिक अधिकारों,कर्तव्यों और मूल्यों को बेहतर ढंग से समझ सकेंगे। इससे शासन और नागरिकों के बीच दूरी कम होगी तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया में लोगों की भागीदारी और मजबूत होगी। उन्होंने इस अवसर को भारत की लोकतांत्रिक यात्रा का ऐतिहासिक पड़ाव बताते हुए संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर और संविधान सभा के अन्य सदस्यों का श्रद्धापूर्वक स्मरण किया। उन्होंने कहा कि संविधान केवल कानूनी दस्तावेज नहीं है बल्कि यह राष्ट्र की जीवंत आत्मा है। उन्होंने कानून एवं न्याय मंत्रालय के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अर्जुन राम मेघवाल और उनकी टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इन प्रयासों से संविधान को आम लोगों के और करीब लाने में मदद मिलेगी।
यह भारत की भाषाई और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने की प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है। राधाकृष्णन ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय भाषाओं और ज्ञान परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए किए जा रहे प्रयासों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि ज्ञान भारतम और काशी तमिल संगमम जैसी पहल भारत की सभ्यतागत विरासत को सुरक्षित रखने और विभिन्न क्षेत्रों के बीच सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने की प्रतिबद्धता को दर्शाती हैं। उपराष्ट्रपति ने कहा कि भारत की ताकत उसकी विविधता में निहित है। भाषाएं केवल संवाद का माध्यम नहीं हैं बल्कि वे संस्कृति, परंपरा और पहचान की वाहक भी हैं। उन्होंने सभी भारतीय भाषाओं के प्रति समान सम्मान का आह्वान करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपनी मातृभाषा से विशेष लगाव होता है लेकिन दूसरों की भाषाओं और मातृभाषाओं का सम्मान करना भी उतना ही जरूरी है। उन्होंने नागरिकों से अपनी मातृभाषा का उत्सव मनाने और भारत की समृद्ध भाषाई विविधता को अपनाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि यही विविधता भारत को एक सौहार्दपूर्ण राष्ट्र बनाती है। महाकवि सुब्रमण्यम भारती के विचारों का उल्लेख करते हुए उपराष्ट्रपति ने कहा कि भारत में भले अनेक भाषाएं बोली जाती हैं लेकिन देश के विचार, आकांक्षाएं और कार्य राष्ट्र की सेवा के लिए एकजुट हैं। उन्होंने कहा कि सभी 22 अनुसूचित भाषाओं में संविधान का विमोचन ‘एक भारत,श्रेष्ठ भारत’ की भावना को साकार करता है और विकसित भारतक्2047 के लक्ष्य की दिशा में देश की यात्रा को मजबूती प्रदान करेगा। उन्होंने सभी से ‘राष्ट्र प्रथम’ के मार्गदर्शक सिद्धांत के साथ काम करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि एक मजबूत और एकजुट राष्ट्र ही अपनी सभी भाषाओं के संरक्षण और उनके विकास के लिए अनुकूल वातावरण तैयार कर सकता है। इस अवसर पर केंद्रीय कानून एवं न्याय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अर्जुन राम मेघवाल,विधायी विभाग के सचिव डॉ. राजीव मणि सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।


Share

Check Also

नई दिल्ली@भविष्य की सुरक्षा चुनौतियों के लिए तैयारी करना समय की जरूरत : राजनाथ सिंह

Share नई दिल्ली,26 नवम्बर 2026। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने उभरते जोखिमों का अंदाजा लगाने, …

Leave a Reply