Breaking News

अम्बिकापुर@ज्वेलर्स दुकान का ताला तोड़कर 90 हजार के आभूषण चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार

Share


साथियों के साथ मिलकर दिया था वारदात को अंजाम,आरोपी की निशानदेही पर झाडि़यों से आर्टिफिशियल हार और एक जोड़ी झुमके बरामद,पुराने आपराधिक रिकॉर्ड के आधार पर बीएनएस की धारा 111 भी जोड़ी गई…


-संवाददाता-
अम्बिकापुर,25 नवम्बर 2026 (घटती-घटना)। गांधीनगर थाना क्षेत्र में ज्वेलर्स दुकान का ताला तोड़कर आभूषण चोरी करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर चोरी किए गए सामान में से एक आर्टिफिशियल हार और कान के एक जोड़ी झुमके बरामद कर जप्त किए हैं। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 90 हजार रुपये बताई गई है। मामले में आरोपी का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड सामने आने पर पुलिस ने प्रकरण में बीएनएस की धारा 111 भी जोड़ी है। वहीं, वारदात में शामिल अन्य आरोपियों और शेष चोरी के सामान की तलाश जारी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, नवापारा नेहरू छात्रावास के पीछे निवासी निधि सोनी ने गांधीनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि 29 सितंबर 2026 से 30 सितंबर 2026 के मध्य अज्ञात व्यक्ति ने उनकी ज्वेलर्स दुकान को निशाना बनाया। आरोपी ने दुकान का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और वहां रखे चांदी के 15 ब्रेसलेट सहित आर्टिफिशियल ज्वेलरी चोरी कर फरार हो गया। चोरी गए सामान की कीमत लगभग 90 हजार रुपये आंकी गई थी। शिकायत के आधार पर गांधीनगर पुलिस ने अपराध क्रमांक 616/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4) एवं 305(ए) के तहत अपराध दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू की। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में जानकारी जुटाने के साथ मुखबिरों को भी सक्रिय किया। इसी बीच मुखबिर से मिले इनपुट के आधार पर पुलिस ने संदेही शिवांग चौहान उर्फ राहुल (20 वर्ष), निवासी सोनी मोहल्ला,तालाब के पास गांधीनगर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक,संदेही से बारीकी से पूछताछ करने पर उसने अपने साथियों के साथ मिलकर ज्वेलर्स दुकान में चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। इसके बाद आरोपी की निशानदेही पर चोरी किए गए सामान में से एक आर्टिफिशियल हार और कान के झुमके की एक जोड़ी झाडि़यों में छिपाकर रखे स्थान से बरामद की गई। पुलिस ने दोनों वस्तुओं को विधिवत जप्त कर लिया है।
पुराने आपराधिक रिकॉर्ड के आधार पर बढ़ाई गई कार्रवाई : पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पूर्व में भी अपने साथियों के साथ चोरी की घटनाओं में संलिप्तता सामने आई है। इसी आधार पर वर्तमान प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता की धारा 111 भी जोड़ी गई है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय में पेश किया जा रहा है। हालांकि,चोरी गए चांदी के 15 ब्रेसलेट सहित अन्य सामान की बरामदगी और वारदात में शामिल बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी अभी शेष है। पुलिस टीम इस दिशा में लगातार पतासाजी कर रही है।


Share

Check Also

बैकुंठपुर@कलेक्टर के सामने खुलती बच्चों के मन की गांठें, ‘सुपर थर्टी’ में सपनों के साथ घर की पीड़ा भी साझा कर रहे युवा

Share कलेक्टर के सामने बेझिझक खुल रहे बच्चों के सपने, ‘सुपर-30’ बना संवाद और मार्गदर्शन …

Leave a Reply