रायपुर,25 नवम्बर 2026। ठगी और धोखाधड़ी के आरोपों में घिरे दीपक टंडन और बरखा टंडन की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही है। तेलीबांधा थाने में दर्ज मामलों को लेकर पुलिस ने जांच तेज कर दी है। पुलिस रिमांड के दौरान पूछताछ में आरोपी दंपत्ति ने कई अहम खुलासे किए हैं। वहीं, जांच के दौरान पुलिस के हाथ कई महत्वपूर्ण सबूत भी लगे हैं। पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि ठगी और धोखाधड़ी से जुड़े प्रकरणों में पुलिस ने साक्ष्य जुटाए हैं। आरोपियों से पूछताछ और इन्वेस्टिगेशन के आधार पर पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल कर रही है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर तेलीबांधा पुलिस कुछ रसूखदार लोगों को नोटिस जारी कर पूछताछ के लिए बुला सकती है। पुलिस कमिश्नर ने बताया,पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि ठगी के इस पूरे मामले में किन-किन लोगों की भूमिका रही है और आरोपियों के साथ उनका क्या संबंध था। फिलहाल आरोपी दीपक और बरखा टंडन को 28 नवंबर तक न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। आने वाले दिनों में इस प्रकरण में कुछ और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
न्यूज पोर्टल की आड़ में ब्लैकमेलिंग का आरोप : पुलिस के मुताबिक,दीपक टंडन पर न्यूज पोर्टल की आड़ में लोगों की छवि खराब करने वाली भ्रामक खबरें प्रकाशित करने का आरोप है। आरोप है कि वह AI टूल की मदद से लोगों की तस्वीरों में छेड़छाड़ कर अश्लील और आपत्तिजनक सामग्री तैयार करता था। इसके बाद ऐसी तस्वीरें और भ्रामक खबरें प्रसारित कर संबंधित लोगों से रुपये वसूलने के लिए दबाव बनाया जाता था। इस मामले में तिफरा निवासी मणिशंकर पांडेय की शिकायत पर सिरगिट्टी थाने में अपराध दर्ज किया गया था।
6 नवंबर को रायपुर से हुई थी गिरफ्तारी
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने 6 नवंबर को रायपुर के न्यू राजेंद्र नगर स्थित रजत प्राइम अपार्टमेंट से दीपक टंडन को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो मोबाइल फोन भी जब्त किए थे। पुलिस का दावा है कि मोबाइल की जांच में आपत्तिजनक फोटो, वीडियो और ऑडियो सामग्री मिली है।
दीपक टंडन को होटल ‘वेलकम श्री’ पहुंची पुलिस : रिमांड मिलते ही रविवार की रात तेलीबांधा थाना क्षेत्र में दर्ज पांच एफआईआर की जांच के सिलसिले में पुलिस की टीम आरोपी दीपक उर्फ अंबेडकर टंडन को लेकर उसके होटल ‘वेलकम श्री’ पहुंची। होटल में सामने आए नए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने विभिन्न कमरों और अंदर संचालित स्पा सेंटर की जांच की। इस दौरान स्पा सेंटर से शराब की बोतलें,सिगरेट, ग्राहकों की डायरी,मोबाइल नंबर और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए गए।
होटल के स्पा सेंटर का वीडियो आया सामने : महाठग दीपक टंडन के होटल के अंदर संचालित स्पा सेंटर का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दीपक टंडन दिखाई दे रहा है। बताया जा रहा है कि इसी होटल में दीपक कई लोगों को ठहराता था। आरोप है कि यहां लोगों के आपत्तिजनक वीडियो और फोटो बनाए जाते थे। हालांकि, इस संबंध में अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur