Breaking News

अम्बिकापुर@बेटे की मौत पर संदेह, परिजन पहुंचे आईजी के पास

Share


शिवम के बदलते बयानों पर उठाए सवाल,अक्टूबर में बाईपास पर मिला था युवक का शव…एएसपी स्तर के अधिकारी करेंगे दोबारा जांच

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,25 नवम्बर 2026 (घटती-घटना)। कोरिया जिले में अक्टूबर माह में हुई एक युवक की मौत का मामला अब सरगुजा रेंज के आईजी कार्यालय पहुंच गया है। मृतक के परिजनों ने पुलिस की अब तक की जांच पर सवाल उठाते हुए मामले की दोबारा निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। परिजनों को आशंका है कि उनके बेटे की हत्या की गई है। उनका आरोप है कि पुलिस ने संदेह के बिंदुओं की गंभीरता से जांच नहीं की। कोरिया जिले के बैकुंठपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम तरगवां निवासी मृतक के भाई बृजेश कुमार साहू और कमला बाई ने आईजी को सौंपे आवेदन में बताया कि 18 अक्टूबर को उनके भाई को पड़ोस में रहने वाला शिवम नामक युवक करमा देखने के बहाने घर से ले गया था। इसके बाद दोपहर 3.17 बजे परिजनों को फोन आया कि बाईपास पर दुर्घटना में युवक घायल होकर बेहोश हो गया है। परिजन मौके पर पहुंचे तो युवक मृत अवस्था में मिला।
परिजनों का आरोप है कि घटना के संबंध में पूछताछ के दौरान शिवम बार-बार अपने बयान बदलता रहा। कभी उसने बोलेरो वाहन में आने की बात कही तो कभी तीन लोगों द्वारा मारपीट किए जाने की जानकारी दी। बयानों में विरोधाभास के बावजूद पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच नहीं की। परिजनों का कहना है कि वे मामले में कार्रवाई के लिए स्थानीय पुलिस अधिकारियों से लेकर जनप्रतिनिधियों और मंत्रियों तक गुहार लगा चुके हैं, लेकिन उन्हें न्याय नहीं मिला। थक-हारकर वे अंबिकापुर स्थित आईजी कार्यालय पहुंचे और पूरे मामले की नए सिरे से जांच की मांग की। उनकी मांग है कि शिवम के बयानों की पड़ताल के साथ घटना के दिन की कॉल डिटेल,घटनास्थल और बाईपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर वास्तविकता सामने लाई जाए।
एएसपी स्तर के अधिकारी करेंगे जांच : सरगुजा रेंज के आईजी दीपक कुमार झा ने बताया कि कोरिया जिले में अक्टूबर माह में एक युवक की मौत हुई थी। परिजनों को आशंका है कि उसकी हत्या की गई है। उन्होंने पुलिस जांच में कुछ खामियां होने की बात कहते हुए लिखित शिकायत दी है। आईजी ने परिजनों की मौजूदगी में ही कोरिया एसपी और थाना प्रभारी से चर्चा की तथा शिकायत में उठाए गए सभी बिंदुओं की जांच के निर्देश दिए हैं। अब मामले की जांच अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक स्तर के अधिकारी करेंगे।


Share

Check Also

बैकुंठपुर@कलेक्टर के सामने खुलती बच्चों के मन की गांठें, ‘सुपर थर्टी’ में सपनों के साथ घर की पीड़ा भी साझा कर रहे युवा

Share कलेक्टर के सामने बेझिझक खुल रहे बच्चों के सपने, ‘सुपर-30’ बना संवाद और मार्गदर्शन …

Leave a Reply