Breaking News

अम्बिकापुर@संतान और बीमारी ठीक करने का झांसा देकर लाखों की ठगी,कथित बाबा गिरफ्तार

Share


रसूलपुर के ‘बाबे शिफा’ में चला रहा था कथित ठगी का धंधा, बैकुंठपुर के व्यक्ति से 9 लाख तो अन्य लोगों से भी ऐंठे लाखों रुपए


-संवाददाता-
अम्बिकापुर,25 नवम्बर 2026 (घटती-घटना)। संतान देने,बीमारी ठीक करने और जादू-टोने का असर खत्म करने का दावा कर लोगों से लाखों रुपए की ठगी करने वाले कथित बाबा को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर निवासी नौशाद अली शहर के रसूलपुर में ‘बाबे शिफा’ के नाम से अपनी गतिविधियां चला रहा था। वह खुद को रुहानी ताकतों का मालिक और खुदा का मसीहा बताकर लोगों को झांसे में लेता था। अब तक करीब 40 लाख रुपए की ठगी का दावा सामने आया है। पीडि़तों की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मोमिनपुरा निवासी यासिर अंसारी ने कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उसकी अग्रसेन चौक के पास जूते-चप्पल की दुकान है। उसे जानकारी मिली थी कि रसूलपुर निवासी दीपक खान के घर उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर निवासी नौशाद अली सूफी सईद बाबा के नाम से लोगों का इलाज और जादू-टोने से समस्याएं दूर करने का दावा कर रहा है। इस जगह को ‘बाबे शिफा’ नाम दिया गया था। आरोपी ने यासिर को भी झांसे में लेकर उससे 75 हजार रुपए ले लिए। वह निःसंतान दंपतियों को संतान देने का भी दावा करता था। शिकायत के अनुसार, उसने मोमिनपुरा के कई लोगों सहित बैकुंठपुर निवासी एक व्यक्ति से भी लाखों रुपए ऐंठे हैं।
किसी से 9 लाख तो किसी से 4 लाख रुपए लिए…
पीडि़तों के अनुसार, आरोपी ने बैकुंठपुर निवासी बाबा खान से करीब 9 लाख रुपए, रसूलपुर निवासी शाहिद से 4 लाख रुपए, आदिल से 10 हजार, शोएब अख्तर से 20 हजार, समीर सिद्दीकी से 20 हजार और लारेब अहमद से 20 हजार रुपए लिए हैं। यासिर अंसारी से भी 75 हजार रुपए ऐंठे गए। लोगों ने आरोपी को फोन-पे सहित अन्य ऑनलाइन माध्यमों से रकम भेजी थी। पीडि़तों ने भुगतान के स्क्रीनशॉट भी पुलिस को सौंपे हैं।
गिरफ्तारी की मांग को लेकर कोतवाली पहुंचे पीडि़त…
मंगलवार रात ठगी के शिकार लोग शिकायत लेकर कोतवाली पहुंचे और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की। इस दौरान काफी संख्या में लोगों ने आरोपी के निवास स्थल का घेराव भी किया। हंगामे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद पुलिस ने नौशाद अली पिता निसार अली को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ बीएनएस की धारा 18(4) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


Share

Check Also

बैकुंठपुर@कलेक्टर के सामने खुलती बच्चों के मन की गांठें, ‘सुपर थर्टी’ में सपनों के साथ घर की पीड़ा भी साझा कर रहे युवा

Share कलेक्टर के सामने बेझिझक खुल रहे बच्चों के सपने, ‘सुपर-30’ बना संवाद और मार्गदर्शन …

Leave a Reply