Breaking News

रायपुर@कांग्रेस ने निकाला संविधान रक्षा मार्च…वोट चोरी और एसआईआर पर सरकार को घेरा

Share


मोदी वाशिंग पाउडर संविधान के लिए सबसे बड़ा खतरा 2029 में राहुल गांधी संभालेंगे देश : दीपक बैज


रायपुर,26 नवम्बर 2026। छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने रायपुर में कथित वोट चोरी और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के मुद्दे पर संविधान रक्षा मार्च निकालकर सरकार और चुनाव आयोग को घेरा। कांग्रेस पार्टी ने गांधी मैदान से अंबेडकर चौक स्थित बाबा भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा तक पैदल मार्च निकालकर सियासी मैदान में अपनी सक्रियता का संदेश देने का प्रयास किया। प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि, मोदी वाशिंग पाउडर संविधान के लिए सबसे बड़ा खतरा है। देश में एक तरफ बेचने का काम चल रहा है,दूसरी तरफ बचाने का काम चल रहा है। 2029 में हमारे नेता राहुल गांधी देश की कमान संभालेंगे। इस आयोजन में प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत,नवनियुक्त सहप्रभारी हरनाम सिंह और जितेंद्र बघेल, प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज,नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, विधायक,पूर्व मंत्री और प्रदेशभर से पहुंचे बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। इस पैदल मार्च के जरिए कांग्रेस ने संविधान की रक्षा का संकल्प दोहराते हुए लोकतांत्रिक संस्थाओं, मताधिकार और निष्पक्ष चुनावी प्रक्रिया को लेकर अपनी चिंता जाहिर की। दरअसल, एसआईआर और कथित वोट चोरी का मुद्दा कांग्रेस राष्ट्रीय स्तर पर लगातार उठा रही है। पार्टी का आरोप है कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण की प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित होना जरूरी है, ताकि किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से न कटे और किसी अपात्र व्यक्ति को मतदाता सूची में जगह न मिले। कांग्रेस ने इसी मुद्दे को संविधान और लोकतांत्रिक अधिकारों से जोड़कर जनता के बीच ले जाने की कोशिश की है।
संविधान रक्षक होने का ढोंग कर रही भाजपा : नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि हमारे पुरखों ने इस देश की आजादी के लिए अपना खून बहाया है। इस देश को स्वतंत्र करवाया और संविधान बनाकर देश की जनता को देश चलाने का अधिकार दिया। इसी संविधान की रक्षा करने के लिए हम यहां आए हैं। आज संविधान दिवस है। भाजपा जाति, धर्म में बांटकर देश में नफरत फैला रही है, फूट डाल रहे हैं, ये संविधान रक्षक होने का ढोंग कर अपनी सत्ता कायम रखने संविधान की हत्या करने में लगे हैं। आज हम उनसे हिसाब मांगने आए हैं। महंत ने कहा, छत्तीसगढ़ के बस्तर से लेकर सरगुजा तक आदिवासियों को उजाड़ा जा रहा है। हमे हमारे ही अधिकारों से जबरिया बेदखल किया जा रहा है। इसी तरीके से हमारे देश की आम जनता के साथ दुर्व्यवहार हो रहा है। संवैधानिक संस्थानों का दुरूपयोग हो रहा है, आज उसकी रक्षा करने की जवाबदारी हम और आप पर है। देश के संविधान और लोकतंत्र को बर्बाद किया जा रहा है,जिसके खिलाफ हम सभी को मिलकर लड़ना है। कार्यक्रम का संचालन प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैदू ने किया। संविधान रक्षा मार्च कार्यक्रम में वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष धनेन्द्र साहू, पूर्व मंत्री रविन्द्र चौबे, पूर्व मंत्री ताम्रध्वज साहू, पूर्व मंत्री मोहम्मद अकबर,पूर्व मंत्री डॉ. शिवकुमार डहरिया,पूर्व मंत्री मोहन मरकाम,पूर्व मंत्री अमरजीत भगत,पूर्व मंत्री रूद्र कुमार गुरू, पूर्व मंत्री एवं विधायक अनिला भेडि़या,पूर्व मंत्री प्रेमसाय सिंह टेकाम,सांसद फूलोदेवी नेताम, सांसद ज्योत्सना मंहत,प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला,विधायक लखेश्वर बघेल,सावित्री मंडावी,विक्रम मंडावी,संगीता सिन्हा,द्वारिकाधीश यादव,संदीप साहू, कुंवर सिंह निषाद,हर्षिता बघेल,द्वारिकाधीश यादव,कविता प्राणलहरे,चातुरीनंद,दिलीप लहरिया,शेषराज हरबंश,इंद्रशाह मंडावी, अंबिका मरकाम,ओंकार साहू, बालेश्वर साहू समेत अन्य नेता एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल थे।
देश में वोट चोरी से सत्ता हासिल कर रही मोदी सरकार : बैज
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि आज देशभर में संविधान रक्षा मार्च चल रहा है। बाबा साहेब अंबेडकर के नेतृत्व में संविधान बना,जिसमें आम नागरिकों के अधिकार को सुरक्षित रखा गया है। संविधान रक्षा का मतलब है,सबके जीने का अधिकार,समता और समानता का अधिकार,स्वतंत्र रूप से सरकार चुनने का अधिकार,बोलने और अन्याय के खिलाफ लड़ने का अधिकार है। पूरे विश्व में सबसे बड़ा लिखित संविधान वाला लोकतांत्रिक देश भारत देश है। संविधान के आधार पर सरकार बनती है,संविधान के आधार पर कानून बनती है,संविधान के आधार पर देश के नियम बनाये जाते हैं,लेकिन वर्तमान सरकार मनमानी कर रही है। अपने अनुकूल मतदाता चुन रही है। संविधान को बचाने का काम हमेशा हम लोगों ने किया। मोदी सरकार पूरे देश में वोट चोरी से सत्ता हासिल कर रही है। 2028 में हमारे नेता देश का कमान संभालेंगे,यह संकल्प हम लेते हैं।
संविधान और संवैधानिक संस्थाओं
का दुरुपयोग कर रही सरकार : सुखदेव

कांग्रेस प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत ने कहा कि नरेंद्र मोदी और अमित शाह की तानाशाह सरकार लगातार संविधान और संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर रही है। हम आज संविधान बचाओ मार्च निकालकर संकल्प ले रहे हैं कि हम संविधान की रक्षा करेंगे। इतना ही नहीं हमारी इस लड़ाई में पूरे देशभर के 60 प्रतिशत से अधिक मतदाता हमारा साथ दे रहे हैं। हमारी लड़ाई संविधान और भारत के लोकतंत्र के लिए हमेशा जारी रहेगी।


Share

Check Also

बैकुंठपुर (कोरिया)@धान खरीदी में किसानों को नहीं पड़ेगा अतिरिक्त आर्थिक बोझ,चट्टा लगाने की जरूरत भी नहीं

Share जिला पंचायत की सामान्य सभा में अध्यक्ष मोहित पैकरा ने अधिकारियों को दिए स्पष्ट …

Leave a Reply