- 35 साल पुरानी फाइल को मिली संजीवनी,करोड़ों की शिकायतों को अब तक ऑक्सीजन क्यों नहीं?
- 35 साल पुरानी नियुक्ति की फाइल खुलते ही कार्रवाई का अलार्म बजा, लेकिन 2020 से 2026 तक की करोड़ों की कथित वित्तीय अनियमितताओं पर सन्नाटा क्यों?…
- जिसके सिर पर चंद्राकर का हाथ, उसकी फाइल साफ,जिसके खिलाफ हुए,उसकी कुंडली तत्काल बाहर!
- 2020 से 2026 तक की शिकायतें बेअसर, 1990-91 की फाइल पर अचानक जागा बैंक प्रशासन!
- सीईओ साहब का चुनिंदा न्याय! करोड़ों की अनियमितताओं पर खामोशी,एक शिकायत पर जांच की रफ्तार तूफानी!
- चहेतों की बहाली के लिए जांच दल, सवाल उठाने वालों पर कार्रवाई! बैंक में आखिर चल किसका रहा है खेल?
- निर्मला तिवारी की जांच बनी ढाल या चंद्राकर का बचाव? पुराने मामलों की फाइलें अब भी धूल फांक रहीं!
- बैंक में न्याय का नया पैमाना!
- पसंदीदा कर्मचारियों को संरक्षण,बाकी के लिए पुराने रिकॉर्ड की खुदाई!
- शिकायतों का अंबार,कार्रवाई का अकाल! चंद्राकर के टेबल पर किसकी फाइल खुलेगी और किसकी दबेगी?
- जांच के नाम पर किसे बचाने और किसे फंसाने की तैयारी? जिला सहकारी बैंक में चंद्राकर की कार्यशैली पर गंभीर सवाल!
- निर्मला तिवारी की जांच रिपोर्ट के बाद सीईओ पर आरोप,जगदीश कुशवाहा की बहाली और जांच दल के गठन को लेकर भी उठे सवाल…
-ओंकार पाण्डेय-
सूरजपुर/अंबिकापुर,23 नवम्बर 2026 (घटती-घटना)। जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित अंबिकापुर में इन दिनों जांच, शिकायत,नियुक्ति,बहाली और कार्रवाई को लेकर ऐसा प्रशासनिक घटनाक्रम सामने आ रहा है,जिसने बैंक की कार्यप्रणाली पर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं,यहां सवाल सिर्फ इतना नहीं है कि मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीकांत चंद्राकर के विरुद्ध शिकायतें क्यों हो रही हैं,बल्कि बड़ा सवाल यह है कि बैंक में शिकायतों पर कार्रवाई का पैमाना आखिर तय कौन कर रहा है? क्या हर शिकायत पर समान गंभीरता से जांच होती है,या फिर शिकायत और कार्रवाई के बीच भी कोई पसंद-नापसंद का समीकरण काम करता है? बैंक के सीईओ श्रीकांत चंद्राकर का पक्ष एक समाचार में सामने आया है कि उनके द्वारा अपने ही बैंक की एक कर्मचारी के विरुद्ध जांच कराई गई, जिसमें कई कमियां पाई गईं और इसी कारण उनके विरुद्ध षड्यंत्रपूर्वक शिकायतें की जा रही हैं,लेकिन इस दलील के साथ ही एक दूसरा सवाल भी खड़ा होता है—यदि जांच करना ही उनके विरुद्ध शिकायतों का कारण है,तो फिर बैंक में पिछले कई वर्षों से लंबित वित्तीय अनियमितताओं और गबन से संबंधित शिकायतों की जांच तथा कार्रवाई का हिसाब कौन देगा? बैंक के कामकाज पर नजर डालें तो वर्ष 2020 से 2026 के बीच विभिन्न शाखाओं और समितियों से संबंधित वित्तीय अनियमितताओं, फसल बीमा, पशु ऋण वितरण और अन्य मामलों को लेकर शिकायतें तथा समाचार प्रकाशित हुई,इनमें कुछ मामलों में करोड़ों रुपये की कथित अनियमितताओं के आरोप भी लगाए गए,ऐसे में सवाल है कि इन शिकायतों की जांच कहां तक पहुंची? किन मामलों में जांच प्रतिवेदन तैयार हुआ? दोषियों की जिम्मेदारी तय हुई या नहीं? और यदि कार्रवाई हुई तो उसका विवरण सार्वजनिक क्यों नहीं है? विडंबना देखिए कि एक ओर वर्षों पुरानी नियुक्ति से जुड़ी फाइल खोलकर जांच प्रतिवेदन तैयार किया जाता है,दूसरी ओर हाल के वर्षों की वित्तीय शिकायतों पर कार्रवाई की स्थिति को लेकर स्पष्ट जवाब सामने नहीं आता,आखिर जांच की यह रफ्तार सभी मामलों में क्यों नहीं दिखाई देती?
शैक्षणिक योग्यता और भर्ती प्रक्रिया पर भी सवाल- प्रतिवेदन में निर्मला तिवारी की व्यक्तिगत नस्ती में दर्ज शैक्षणिक अंकों का उल्लेख करते हुए लिपिक पद की पात्रता पर भी सवाल उठाए गए हैं,प्रतिवेदन के अनुसार, हायर सेकेंडरी में 800 में से 383 अंक यानी 47 प्रतिशत,स्नातक में 1800 में से 783 अंक यानी लगभग 43 प्रतिशत और स्नातकोत्तर में 800 में से 367 अंक यानी लगभग 45 प्रतिशत अंक दर्ज हैं,जांच प्रतिवेदन में बैंक कर्मचारी सेवा नियम के अध्याय-4 का हवाला देते हुए कहा गया है कि लिपिक पद के लिए स्नातक में न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक निर्धारित हैं,इसके साथ ही विज्ञापन, साक्षात्कार, चयन समिति के गठन,पंजीयक की पूर्व अनुमति, विकलांगता प्रमाण पत्र और फिडेलिटी गारंटी राशि से जुड़े अभिलेखों की उपलब्धता पर भी सवाल दर्ज किए गए हैं,प्रतिवेदन में भर्ती से संबंधित कई मानदंडों के सामने दस्तावेज उपलब्ध नहीं होने का उल्लेख है,फिडेलिटी गारंटी के संबंध में 10 हजार रुपये की राशि का उल्लेख करते हुए केवल 100 रुपये के चालान की पावती उपलब्ध होने की बात कही गई है, विकलांगता भत्ते के मामले में भी मेडिकल बोर्ड द्वारा जारी पृथक चिकित्सीय प्रमाण पत्र व्यक्तिगत फाइल में उपलब्ध नहीं होने का उल्लेख प्रतिवेदन में किया गया है, ये सभी बिंदु जांच प्रतिवेदन में दर्ज निष्कर्ष हैं,इन पर संबंधित कर्मचारी का पक्ष, विभागीय परीक्षण और सक्षम प्राधिकारी का अंतिम निर्णय भी महत्वपूर्ण होगा।
जगदीश कुशवाहा प्रकरणःबहाली की कोशिश या जांच प्रक्रिया पर सवाल?– इस पूरे घटनाक्रम का दूसरा महत्वपूर्ण पहलू जगदीश कुशवाहा से संबंधित मामला है, उपलब्ध जानकारी और विभागीय सूत्रों के दावों के अनुसार, उनके विरुद्ध प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना से जुड़े लगभग 32 लाख रुपये की कथित वित्तीय अनियमितता का मामला सामने आया था,इस मामले में उच्च स्तरीय जांच के बाद सेवा समाप्ति की कार्रवाई किए जाने की बात कही जा रही है,इसके बाद उन्हें पुनः बहाल करने के उद्देश्य से जांच दल गठित किए जाने को लेकर विवाद सामने आया। बताया जा रहा है कि इस जांच दल में ऐसे कर्मचारियों को शामिल किया गया,जो पहले जांच कर चुके अधिकारियों से पदक्रम में नीचे थे,विभागीय सूत्रों का दावा है कि जांच दल में शामिल कुछ कर्मचारियों ने पहले से हुई उच्च स्तरीय जांच के निष्कर्षों के विपरीत पुनः जांच करने पर आपत्ति जताई और जांच करने से इनकार कर दिया, सूत्रों का आरोप है कि इसके बाद जांच करने से इनकार करने वाले कर्मचारियों को ही निशाने पर लिया जाने लगा, हालांकि इस पूरे मामले में जांच दल के गठन का आदेश,जांच से इनकार करने वाले कर्मचारियों के लिखित अभिमत और उनके विरुद्ध की गई कार्रवाई का आधिकारिक विवरण सामने आना जरूरी है,सबसे बड़ा सवाल यह है कि यदि किसी कर्मचारी के विरुद्ध पहले ही उच्च स्तरीय जांच हो चुकी थी और सेवा समाप्ति का आदेश जारी किया जा चुका था, तो पुनः जांच की आवश्यकता किस आधार पर महसूस हुई? क्या नई जांच के लिए कोई नया तथ्य या नया साक्ष्य सामने आया था? क्या पूर्व जांच की वैधता पर सक्षम प्राधिकारी ने कोई प्रश्न उठाया था? और क्या पुनः जांच के लिए विधिवत आदेश जारी किया गया था? विभागीय सूत्रों का दावा है कि निचले स्तर के कर्मचारियों के माध्यम से ऐसा जांच प्रतिवेदन तैयार कराने की कोशिश की जा रही थी, जिसके आधार पर जगदीश कुशवाहा की बहाली का रास्ता खुल सके,यह गंभीर आरोप है और इसकी स्वतंत्र पुष्टि तथा संबंधित अधिकारियों का पक्ष सामने आना आवश्यक है।
एक ओर सेवा समाप्ति,दूसरी ओर पुनः पदस्थापना के आरोप-सूत्रों के अनुसार, जगदीश कुशवाहा को सेवा समाप्ति के बाद पुनः बैंक मुख्यालय में पदस्थ किए जाने को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं, यदि सेवा समाप्ति के बाद पुनः पदस्थापना की गई है,तो उसके लिए जारी आदेश, सक्षम स्वीकृति और लागू सेवा नियमों की स्थिति सार्वजनिक होनी चाहिए,यह भी स्पष्ट होना चाहिए कि जिस मामले में पहले जांच के आधार पर सेवा समाप्ति हुई,उसमें बाद में ऐसा कौन-सा नया तथ्य सामने आया, जिसके आधार पर बहाली या पुनः पदस्थापना की प्रक्रिया आगे बढ़ी? यदि जांच में पहले वित्तीय अनियमितता प्रमाणित हुई थी, तो बाद में उस निष्कर्ष को बदलने का आधार क्या था? और यदि पहले की जांच में त्रुटि थी,तो उस त्रुटि के लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर क्या कार्रवाई हुई? करोड़ों की शिकायतें कहां हैं? फाइलें टेबल पर हैं या धूल में? बैंक के सीईओ के विरुद्ध उठ रहे सवालों का एक बड़ा हिस्सा बैंक की अन्य शिकायतों से जुड़ा है,फसल बीमा से संबंधित लगभग 32 लाख रुपये की कथित अनियमितता,पशु ऋण वितरण में दो करोड़ रुपये से अधिक के कथित फर्जी ऋण,तथा विभिन्न शाखाओं और समितियों में वित्तीय अनियमितताओं को लेकर शिकायतें और समाचार प्रकाशित होने की बात सामने आती रही है, इन मामलों में आरोपों की सत्यता और जिम्मेदारी जांच से ही तय होगी,लेकिन बैंक प्रबंधन को यह बताना चाहिए कि इन शिकायतों पर अब तक कितनी जांच हुई? कितने मामलों में जांच प्रतिवेदन तैयार हुआ? कितने मामलों में वसूली की गई? कितने कर्मचारियों पर विभागीय कार्रवाई हुई? और कितने मामलों में शिकायतें अब भी लंबित हैं? यदि किसी मामले में वित्तीय अनियमितता प्रमाणित हुई है,तो संबंधित व्यक्ति को सेवा में बनाए रखने या पुनः पदस्थ करने का आधार क्या है? यदि मामला न्यायालय में लंबित है,तो बैंक ने न्यायालयीन स्थिति के अनुरूप क्या कदम उठाए हैं? यही वह हिसाब है,जिसे सार्वजनिक किए बिना बैंक प्रबंधन की निष्पक्षता पर उठ रहे सवाल समाप्त नहीं होंगे।
सीईओ की सफाई अपनी जगह, लेकिन बाकी शिकायतों का जवाब भी जरूरी-श्रीकांत चंद्राकर का यह कहना कि उनके विरुद्ध शिकायतें इसलिए हो रही हैं क्योंकि उन्होंने एक कर्मचारी के मामले में जांच कराई,उनका पक्ष है,लेकिन किसी एक मामले की जांच कर देना अपने आप में यह प्रमाणित नहीं करता कि बैंक में बाकी सभी शिकायतों पर भी निष्पक्ष और समान कार्रवाई हुई है, यदि सीईओ वास्तव में बैंक में अनियमितताओं के विरुद्ध कार्रवाई कर रहे हैं,तो उन्हें उन सभी लंबित शिकायतों की स्थिति भी सार्वजनिक करनी चाहिए, जिनमें करोड़ों रुपये की कथित वित्तीय गड़बड़ी के आरोप हैं,इससे यह स्पष्ट होगा कि जांच की प्रक्रिया किसी व्यक्ति विशेष तक सीमित नहीं है,बल्कि बैंक के सभी मामलों में समान रूप से लागू हो रही है,क्योंकि सवाल सिर्फ यह नहीं है कि किसकी फाइल खोली गई, सवाल यह भी है कि किसकी फाइल अब तक बंद पड़ी है और क्यों?
अब इन सवालों का जवाब कौन देगा?
- वर्ष 2020 से 2026 तक बैंक की शाखाओं और समितियों में वित्तीय अनियमितताओं से संबंधित प्राप्त शिकायतों की कुल संख्या कितनी है?
- फसल बीमा से जुड़े लगभग 32 लाख रुपये की कथित अनियमितता के मामले में वर्तमान स्थिति क्या है?
- पशु ऋण वितरण में दो करोड़ रुपये से अधिक के कथित फर्जी ऋण के मामले में जांच और कार्रवाई कहां तक पहुंची?
- जगदीश कुशवाहा की सेवा समाप्ति के बाद पुनःजांच या बहाली की प्रक्रिया किस आदेश और किस नियम के तहत शुरू की गई?
- पूर्व उच्च स्तरीय जांच के बाद पुनःजांच दल गठित करने का आधार क्या था?
- जांच दल में शामिल कर्मचारियों ने जांच से इनकार किया तो उनके विरुद्ध कार्रवाई किस आधार पर की गई?
- निर्मला तिवारी से संबंधित जांच प्रतिवेदन के आधार पर अब तक क्या अंतिम विभागीय कार्रवाई हुई है?
- पदमनी जैन के मामले में सेवा समाप्ति के बाद पुनःपदस्थापना संबंधी जांच निष्कर्ष पर क्या कार्रवाई की गई?
- क्या बैंक की सभी लंबित शिकायतों की सूची और उनकी जांच की वर्तमान स्थिति सार्वजनिक की जाएगी?
- क्या सीईओ स्वयं अपने कार्यकाल में लंबित शिकायतों और उन पर हुई कार्रवाई का विस्तृत ब्योरा जारी करेंगे?
फाइलों की भी किस्मत होती है क्या?
बैंक की कहानी में सबसे दिलचस्प बात यही है कि एक तरफ 35 साल पुरानी नियुक्ति के दस्तावेजों को खोजकर उनके पन्ने पलटे जा रहे हैं,वहीं दूसरी तरफ पिछले छह वर्षों की वित्तीय शिकायतों पर कार्रवाई का हिसाब मांगना पड़ रहा है,किसी फाइल में नियुक्ति का आदेश नहीं मिलता,किसी में अनुमति नहीं मिलती,किसी में चालान का हिसाब अधूरा मिलता है, कहीं सेवा समाप्ति का आदेश अगले दिन पलट जाता है,तो कहीं पहले की जांच के बाद पुनः जांच की जरूरत पड़ जाती है,कहीं बहाली की चर्चा है,कहीं सेवा समाप्ति का सवाल है और कहीं करोड़ों की कथित अनियमितताओं की शिकायतें जवाब की प्रतीक्षा में हैं,ऐसे में आम खाताधारक का सवाल बिल्कुल सीधा है—बैंक में नियम सबके लिए समान हैं या फाइल देखकर नियमों की व्याख्या बदल जाती है? सीईओ साहब, 1990-91 की फाइल खोलना अच्छी बात है, लेकिन 2020 से 2026 तक की शिकायतों पर भी धूल झाडि़ए,आखिर बैंक की पारदर्शिता का प्रमाण किसी एक कर्मचारी की जांच रिपोर्ट नहीं,बल्कि हर शिकायत पर निष्पक्ष और समान कार्रवाई है,फाइलों की दुनिया में किसी को जांच की रोशनी और किसी को इंतजार का अंधेरा मिले,तो सवाल उठेंगे ही,अब देखना यह है कि बैंक प्रबंधन इन सवालों का जवाब दस्तावेजों से देता है या फिर एक और फाइल जवाब की प्रतीक्षा में रख दी जाती है।
35 साल पुरानी फाइल खुली,
लेकिन नई शिकायतों का क्या?
निर्मला तिवारी की नियुक्ति से संबंधित जांच प्रतिवेदन में वर्ष 1989 से 1993 तक के घटनाक्रम का उल्लेख किया गया है, उपलब्ध प्रतिवेदन के अनुसार,17 नवंबर 1989 को पत्र क्रमांक 2716 के माध्यम से उन्हें 59 दिवस के लिए पूर्ण अस्थाई दैनिक वेतनभोगी के रूप में कार्य पर रखा गया था,प्रतिवेदन में इस नियुक्ति के लिए आयुक्त एवं पंजीयक सहकारी संस्थाएं भोपाल की अनुमति से संबंधित दस्तावेज उपलब्ध नहीं होने की बात कही गई है, इसके बाद 20 मार्च 1990 को पत्र क्रमांक 5133 से लिपिक पद पर नियुक्ति दी गई तथा 6 अप्रैल 1990 को कार्यभार ग्रहण कराया गया,प्रतिवेदन के अनुसार,संचालक मंडल की बैठक दिनांक 17 मार्च 1990 के निर्णय क्रमांक 9(4)(3) के आधार पर विकलांग महिला के रूप में नियुक्ति की गई थी, लेकिन इस नियुक्ति को लेकर आगे जो घटनाक्रम सामने आया, वह जांच का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
नियुक्ति अस्वीकृत,सेवा समाप्त
और अगले ही दिन आदेश निरस्त!
जांच प्रतिवेदन में उल्लेख है कि पंजीयक सहकारी संस्थाएं भोपाल ने बैंक के प्रस्ताव पत्र क्रमांक 3486 दिनांक 25 अप्रैल 1991 के संबंध में पत्र क्रमांक 4197 दिनांक 25 जून 1991 से नियुक्ति को अस्वीकृत किया था,इसके पालन में बैंक द्वारा 5 जुलाई 1991 को पत्र क्रमांक 57 जारी कर सेवाएं समाप्त कर दी गईं,लेकिन प्रतिवेदन के अनुसार,अगले ही दिन यानी 6 जुलाई 1991 को पत्र क्रमांक 81 के माध्यम से सेवा समाप्ति आदेश निरस्त कर दिया गया, आरोप यह है कि ऐसा करते समय पंजीयक की अनुमति और सूचना का पालन नहीं किया गया,इसके बाद 23 दिसंबर 1993 को पत्र क्रमांक 4238 से नियमितीकरण का आदेश जारी कर दिया गया,जांच प्रतिवेदन में यह भी कहा गया है कि संबंधित नियुक्ति के लिए आवश्यक अनुमति का दस्तावेज बैंक के अभिलेखों में उपलब्ध नहीं मिला,यहीं सवाल उठता है कि जिस नियुक्ति को पंजीयक स्तर पर अस्वीकृत किए जाने का उल्लेख है,उसी नियुक्ति की सेवा समाप्ति का आदेश अगले दिन कैसे निरस्त हुआ? नियमितीकरण किस प्रक्रिया और किस सक्षम अनुमति के आधार पर किया गया? यदि प्रक्रिया में अनियमितता थी तो इतने वर्षों तक इस पर जवाबदेही क्यों तय नहीं हुई?
पदोन्नति,स्थापना कक्ष और चार्ज नहीं सौंपने का मामला
प्रतिवेदन के अनुसार,निर्मला तिवारी को सेवा अवधि में दो पदोन्नतियां मिलीं, उन्हें सहायक लेखापाल और बाद में सहायक मुख्य पर्यवेक्षक के पद पर पदोन्नत किए जाने का उल्लेख है,प्रतिवेदन में उनकी अलग-अलग शाखाओं और कक्षों में पदस्थापना का विवरण भी दिया गया है,वसूली कक्ष में पांच वर्ष,फील्ड कक्ष में तीन वर्ष,स्थापना कक्ष में चार वर्ष,लेखा कक्ष में तीन वर्ष और इसके बाद 26 जुलाई 2021 से पुनः स्थापना कक्ष में पदस्थ रहने का उल्लेख है,जांच प्रतिवेदन के अनुसार,स्थापना कक्ष में उनकी कुल अवधि लगभग दस वर्ष बताई गई है,जबकि बैंक कर्मचारी सेवा नियम में एक स्थान पर अधिकतम तीन वर्ष की अवधि का प्रावधान होने की बात कही गई है,इसके अलावा 24 अगस्त 2026 से 30 अगस्त 2026 तक अवकाश आवेदन देने और उसके बाद अवकाश पर रहने का उल्लेख है, प्रतिवेदन में कहा गया है कि स्थापना कक्ष की फाइलों और दस्तावेजों का चार्ज नहीं सौंपा गया,इस संबंध में प्रधान कार्यालय द्वारा 19 सितंबर 2026 को पत्र क्रमांक 1914 तथा 29 सितंबर 2026 को स्मरण पत्र क्रमांक 2014 जारी किए जाने का उल्लेख है,यहां भी सवाल है कि यदि कार्यालय का महत्वपूर्ण चार्ज नहीं सौंपा गया था,तो इस स्थिति के समाधान के लिए समय रहते क्या कदम उठाए गए? और क्या इसकी जिम्मेदारी तय की गई?
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur