Breaking News

बिलासपुर@डीएमएफ घोटाला…अनिल टुटेजा की जमानत याचिका हाईकोर्ट से खारिज

Share


कहा-अग्रिम जमानत देने का आधार नहीं,ईडी ने लगाया 20 से 25प्रतिशत कमीशनखोरी का आरोप

बिलासपुर,26 नवम्बर 2026। छत्तीसगढ़ के चर्चित डीएमएफ घोटाले में पूर्व आईएएस अधिकारी अनिल टुटेजा को हाईकोर्ट से राहत नहीं मिली है। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के मनी लॉन्डि्रंग मामले में कोर्ट ने उनकी अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी है। जस्टिस नरेंद्र कुमार व्यास की एकलपीठ ने 25 नवंबर को यह फैसला सुनाया। इससे पहले 18 नवंबर को दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद कोर्ट ने फैसला सुरक्षित रख लिया था।
ईडी का आरोप- पसंदीदा फर्मों को दिलाए गए काम
ईडी के मुताबिक, डीएमएफ की राशि खनन प्रभावित क्षेत्रों के विकास के लिए जारी की जाती है। जांच में आरोप है कि सरकारी पद और अधिकारियों पर प्रभाव का इस्तेमाल कर चुनिंदा फर्मों को काम दिलाए गए। इसके बदले 20 से 25 प्रतिशत तक कमीशन लिया गया।
47.17 करोड़ के भुगतान का भी जिक्र
ईडी ने कोर्ट को बताया कि डीएमएफ की बड़ी राशि छत्तीसगढ़ राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम के जरिए खर्च की गई। एजेंसी का आरोप है कि टुटेजा ने अपने प्रभाव का इस्तेमाल कर ललित भंसाली, यश नाहटा और सतपाल सिंह चाबड़ा से जुड़ी फर्मों को काम दिलाने में भूमिका निभाई। जांच में मां गंगा एंटरप्राइजेज और यश एंटरप्राइजेज को वित्तीय वर्ष 2018-19 से 2022-23 के बीच करीब 47.17 करोड़ रुपए के भुगतान का जिक्र किया गया है।
व्हाट्सऐप चैट और कारोबारियों के बयानों का हवाला
सुनवाई के दौरान ईडी ने टुटेजा के मोबाइल की फोरेंसिक जांच में मिले व्हाट्सऐप चैट, कारोबारियों के बयान और वित्तीय लेनदेन से जुड़े दस्तावेज कोर्ट के सामने रखे। एजेंसी का दावा था कि इनसे काम दिलाने और कमीशन वसूली में टुटेजा की भूमिका सामने आती है। वहीं, टुटेजा की ओर से आरोपों को निराधार बताया गया। उनके वकीलों ने दलील दी कि वे डीएमएफ से जुड़े विभाग में पदस्थ नहीं थे और उनके खिलाफ कोई प्रत्यक्ष मनी ट्रेल भी नहीं है। उन्होंने दूसरे आरोपियों को मिली जमानत का हवाला देकर राहत मांगी थी।
ट्रायल पर नहीं पड़ेगा आदेश का असर
एकलपीठ ने याचिका खारिज करते हुए साफ किया कि जमानत याचिका पर की गई टिप्पणियों का मुख्य मुकदमे की सुनवाई पर कोई असर नहीं पड़ेगा। ट्रायल कोर्ट उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर स्वतंत्र रूप से फैसला करेगा।
कोर्ट ने कहा…अग्रिम जमानत देने का आधार नहीं
हाईकोर्ट ने आदेश में कहा कि उपलब्ध दस्तावेजों,व्हाट्सऐप चैट और संबंधित लोगों के बयानों से प्रथम दृष्टया टुटेजा की भूमिका सामने आती है। मामले की गंभीरता और उनकी भूमिका को देखते हुए अग्रिम जमानत देने का आधार नहीं बनता। कोर्ट ने यह भी कहा कि दूसरे आरोपियों को मिली नियमित जमानत का लाभ टुटेजा को नहीं दिया जा सकता। उन्हें लंबे समय तक न्यायिक हिरासत में रहने के आधार पर राहत मिली थी, जबकि टुटेजा ने गिरफ्तारी से पहले अग्रिम जमानत मांगी थी।


Share

Check Also

बैकुंठपुर (कोरिया)@धान खरीदी में किसानों को नहीं पड़ेगा अतिरिक्त आर्थिक बोझ,चट्टा लगाने की जरूरत भी नहीं

Share जिला पंचायत की सामान्य सभा में अध्यक्ष मोहित पैकरा ने अधिकारियों को दिए स्पष्ट …

Leave a Reply