सीबीआई की रिमांड खत्म,ईडी वारंट एक्जीक्यूट कराने फिर से आवेदन करेगी
रायपुर,11 नवम्बर 2026। 8 दिनों की कस्टोडियल रिमांड खत्म होने के बाद महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप केस के मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर को आज रायपुर की स्पेशल कोर्ट में पेश किया जाएगा। इस पेशी में सबसे अहम बात यह होगी कि सीबीआई आगे की पूछताछ के लिए दोबारा रिमांड मांगती है या नहीं। अगर सीबीआई रिमांड नहीं मांगती है तो ईडी अपने वारंट को लागू कराने के लिए कोर्ट में आवेदन पेश कर सकती है। पिछली सुनवाई के दौरान ईडी ने सौरभ को वारंट पर गिरफ्तार करने की मांग की थी। हालांकि, कोर्ट ने उस समय ईडी के आवेदन को प्रीमैच्योर यानी समय से पहले दाखिल बताया था। अब 12 नवंबर की पेशी में ईडी दोबारा आवेदन पेश करने की तैयारी में है।
पिछली पेशी में ईडी का आवेदन को कोर्ट ने समय से पहले बताया : सौरभ चंद्राकर की पिछली पेशी के दौरान ईडी ने कोर्ट में आवेदन देकर अपने वारंट को एग्जीक्यूट कराने और उससे पूछताछ की अनुमति मांगी थी। हालांकि, उस समय सीबीआई की रिमांड जारी थी। ऐसे में कोर्ट ने ईडी के आवेदन को प्रीमैच्योर बताते हुए समय से पहले माना था। अब सीबीआई की 8 दिन की रिमांड पूरी होने के बाद ईडी के पास फिर से कोर्ट में आवेदन पेश करने का मौका होगा। अगर सीबीआई आगे की रिमांड नहीं मांगती है तो ईडी अपने वारंट को लागू कराने के लिए आवेदन करेगी। इससे सौरभ से पूछताछ की प्रक्रिया में ईडी की एंट्री भी हो सकती है।
2022 में दर्ज हुई थी पहली एफआईआर : महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में 30 मार्च 2022 को दुर्ग के मोहन नगर थाने में पहली एफआईआर दर्ज हुई थी। इसके बाद ईडी ने 6 अक्टूबर 2022 को मनी लॉन्डि्रंग के एंगल से जांच शुरू की। मामले में सौरभ चंद्राकर और रवि उप्पल को मुख्य आरोपियों के तौर पर चिन्हित किया गया। सीबीआई ने 18 दिसंबर 2024 को इस मामले में केस दर्ज किया था। जांच में ऑनलाइन सट्टे के नेटवर्क, पैनल ऑपरेटरों, बैंक खातों और हवाला के जरिए रकम के लेनदेन की पड़ताल की जा रही है।
महादेव सट्टा ऐप की सीबीआई कर रही जांच : बता दें कि महादेव सट्टा ऐप से जुड़े मामलों की जांच सीबीआई कर रही है। छत्तीसगढ़ सरकार ने इस मामले से जुड़ी 13 एफआईआर जांच के लिए सीबीआई को सौंपी थीं। इनमें से 2 मामलों में चार्जशीट दाखिल हो चुकी है। इसके अलावा ईडी भी मनी लॉन्डि्रंग के एंगल से जांच कर रही है और सौरभ के खिलाफ अभियोजन शिकायत दाखिल कर चुकी है।
116 दिन बाद ओमान से भारत लाया गया : सीबीआई के मुताबिक, महादेव सट्टा नेटवर्क की जांच शुरू होने के बाद से ही सौरभ चंद्राकर फरार था। वह 2023 से दुबई में रह रहा था और उसके खिलाफ इंटरपोल का रेड कॉर्नर नोटिस जारी था। गिरफ्तारी से बचने के लिए उसने कथित तौर पर फर्जी पहचान दस्तावेजों का इस्तेमाल किया और यूएई से ओमान पहुंच गया।
8 दिन की पूछताछ में इन पहलुओं पर जांच
सीबीआई ने सौरभ से महादेव ऐप के नेटवर्क, पैनल ऑपरेटरों, हवाला के जरिए हुए लेनदेन और कथित प्रोटेक्शन मनी को लेकर पूछताछ की है। जांच एजेंसी को यह पता लगाना है कि सट्टे से जुटाई गई रकम किन लोगों तक पहुंची और इस पूरे नेटवर्क में किन अधिकारियों और अन्य लोगों की भूमिका थी। सीबीआई ने कोर्ट में रिमांड के दौरान इन पहलुओं पर पूछताछ की जरूरत बताई थी।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur