Breaking News

बलरामपुर@ लोकनृत्य महोत्सव में दिखी जनजातीय संस्कृति की अनुपम छटा,विजेता दल करेंगे राज्य स्तर पर प्रदर्शन

Share


मांदर की थाप,करमा की रंगत : जिला स्तरीय महोत्सव में ओकरा,धनजी व करचा के दल पुरस्कृत
जनजातीय संस्कृति का संरक्षण हम सबकी जिम्मेदारी : सामरी विधायक श्रीमती उद्धेश्वरी पैकरा


-संवाददाता-
बलरामपुर,11 नवम्बर 2026 (घटती-घटना)।
जिला मुख्यालय बलरामपुर स्थित शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के खेल मैदान में उत्तर छत्तीसगढ़ क्षेत्र जनजातीय लोकनृत्य महोत्सव एवं शहीद वीर नारायण सिंह स्मृति आदिवासी लोककला महोत्सव की जिला स्तरीय प्रतियोगिता आयोजित की गई। आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति, अन्य पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक विकास विभाग द्वारा आयोजित इस महोत्सव में सामरी विधायक श्रीमती उद्धेश्वरी पैकरा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। बलरामपुर, रामचंद्रपुर,वाड्रफनगर,राजपुर,शंकरगढ़ और कुसमी विकासखंडों से आए नर्तक दलों ने पारंपरिक वेशभूषा में मांदर और ढोल-नगाड़ों की थाप पर मनमोहक प्रस्तुतियाँ दीं। विधायक ने कलाकारों का उत्साहवर्धन किया। समारोह को संबोधित करते हुए विधायक श्रीमती पैकरा ने कहा कि करम परब हमारी समृद्ध जनजातीय संस्कृति,गौरवशाली परंपराओं और पूर्वजों की अमूल्य धरोहर है। यह पर्व प्रकृति के प्रति गहरी आस्था और सम्मान का प्रतीक है तथा हमें प्रकृति संरक्षण,सामाजिक एकता और आपसी भाईचारे के मूल्यों से जोड़ता है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की वास्तविक पहचान यहाँ की जनजातीय संस्कृति, लोकपर्वों और लोककलाओं में निहित है, जिसे जनजातीय समाज ने पीढ़ी-दर-पीढ़ी सहेजकर रखा है। इस सांस्कृतिक पूंजी का संरक्षण और संवर्धन हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। विधायक ने कहा कि आधुनिकता और विकास के साथ आगे बढ़ते हुए अपनी सांस्कृतिक पहचान बनाए रखना भी उतना ही आवश्यक है। युवा पीढ़ी अपनी भाषा,लोकगीतों, लोकनृत्यों और रीति-रिवाजों से जुड़ी रहे,तभी यह विरासत आने वाली पीढि़यों तक सुरक्षित पहुँच सकेगी। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन सामाजिक एकजुटता को मजबूत करने के साथ नई पीढ़ी को पूर्वजों के ज्ञान और परंपराओं से परिचित कराने का सशक्त माध्यम हैं। प्रतियोगिता में राजपुर विकासखंड के ग्राम ओकरा की आशामनी कुजूर के नेतृत्व वाले दल ने प्रथम स्थान प्राप्त कर 50 हजार रुपये का पुरस्कार जीता। कुसमी विकासखंड के ग्राम धनजी की विनीता कुजूर का दल 25 हजार रुपये के पुरस्कार के साथ द्वितीय रहा। कुसमी के ही ग्राम करचा के अखिलेश कुजूर के दल ने 15 हजार रुपये के पुरस्कार के साथ तृतीय स्थान हासिल किया। विजेता दलों को राज्य स्तर पर प्रदर्शन का अवसर मिलेगा।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती हीरामुनी निकुंज,जनपद पंचायत अध्यक्ष सुश्री सुमित्रा चेरवा,जिला पंचायत सदस्य श्रीमती गीता पैकरा,नगर पालिका परिषद उपाध्यक्ष श्री दिलीप सोनी,श्री कृष्णा गुप्ता,श्री भानु प्रकाश दीक्षित,श्री विजय सिंह, कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी, आदिवासी विकास विभाग की सहायक आयुक्त सुश्री समीक्षा जायसवाल सहित समाज के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


Share

Check Also

खड़गवां @खड़गवां में बावनपरी के कथित अवैध फड़ पर पुलिस की चुप्पी क्यों?

Share नदी उस पार बेखौफ सज रहे जुए के फड़! मुखबिर तंत्र फेल या फिर …

Leave a Reply