नदी उस पार बेखौफ सज रहे जुए के फड़! मुखबिर तंत्र फेल या फिर सूचना के बावजूद कार्रवाई से परहेज? थाना स्तर की कार्यप्रणाली पर उठे गंभीर सवाल
-संवाददाता-
खड़गवां ,11 नवम्बर 2026 (घटती-घटना)। खड़गवां थाना क्षेत्र में बावनपरी (52 पत्ती) के कथित अवैध जुए का कारोबार इन दिनों चर्चा का विषय बना हुआ है। स्थानीय सूत्रों से मिल रही जानकारी के अनुसार नदी के उस पार कथित रूप से जुए के फड़ सज रहे हैं, जहां बड़ी-बड़ी रकम दांव पर लगाई जा रही है, हैरानी की बात यह है कि क्षेत्र में इन गतिविधियों की चर्चाओं के बावजूद पुलिस की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आई है, ऐसे में सवाल उठना लाजिमी है कि आखिर खड़गवां पुलिस की निगरानी व्यवस्था कहां है और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने की जिम्मेदारी कौन निभा रहा है?
नदी के उस पार फड़ सजने की चर्चा, पुलिस की नजर क्यों नहीं?-सबसे बड़ा सवाल यह है कि यदि क्षेत्र में कथित रूप से जुए के फड़ संचालित हो रहे हैं और इसकी जानकारी स्थानीय लोगों तक पहुंच रही है, तो पुलिस के जिम्मेदार अधिकारियों तक इसकी सूचना क्यों नहीं पहुंच रही? क्या पुलिस का मुखबिर तंत्र इतना कमजोर हो गया है कि थाना क्षेत्र में चल रही संदिग्ध गतिविधियों की भनक तक नहीं लग पा रही है? अथवा सूचनाएं मिलने के बावजूद कार्रवाई नहीं हो रही है? इन दोनों ही परिस्थितियों में थाना स्तर की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े होते हैं।
थाना प्रभारी बदलते ही बदल जाती है पुलिस की सक्रियता?- स्थानीय स्तर पर यह चर्चा भी है कि पूर्व में कुछ थाना प्रभारियों के कार्यकाल में क्षेत्रीय निगरानी और सूचना संकलन को लेकर पुलिस की सक्रियता अधिक दिखाई देती थी। लेकिन वर्तमान में कथित जुआ गतिविधियों को लेकर अपेक्षित कार्रवाई नजर नहीं आने से सवाल उठने लगे हैं, क्या नियमित गश्त की जा रही है? क्या संवेदनशील इलाकों की निगरानी हो रही है? यदि पुलिस की टीम सक्रिय है तो नदी के उस पार कथित रूप से संचालित गतिविधियों की जानकारी और कार्रवाई का विवरण सार्वजनिक क्यों नहीं है?
पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को लेना चाहिए संज्ञान-मामले में पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को निष्पक्ष जांच करानी चाहिए, नदी के उस पार के संभावित ठिकानों की गोपनीय निगरानी, सूचना तंत्र की समीक्षा और थाना स्तर पर की गई कार्रवाई का परीक्षण जरूरी है,यदि जुए का अवैध कारोबार संचालित पाया जाता है तो संबंधित लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई होनी चाहिए। वहीं यदि पुलिसकर्मियों की लापरवाही या किसी प्रकार की मिलीभगत सामने आती है तो उसकी भी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए,आखिर सवाल सिर्फ बावनपरी के कथित फड़ का नहीं,बल्कि पुलिस की जवाबदेही का भी है, जब स्थानीय स्तर पर किसी अवैध गतिविधि की चर्चा लगातार हो रही हो, तब पुलिस की चुप्पी अपने आप में कई सवाल खड़े करती है।
अब देखना यह है कि खड़गवां पुलिस इन सवालों का जवाब कार्रवाई से देती है या फिर यह मामला भी चर्चाओं तक ही सीमित रह जाता है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur