दो-तीन महीने पुरानी कहासुनी का बदला लेने जंगल ले जाकर दिया वारदात को अंजाम,चान्दो पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
-संवाददाता-
चान्दो/बलरामपुर-रामानुजगंज,11 नवम्बर 2026 (घटती-घटना)। बच्चों के बीच हुए मामूली विवाद की रंजिश किस हद तक खूनी रूप ले सकती है,इसका सनसनीखेज मामला बलरामपुर जिले के चान्दो थाना क्षेत्र में सामने आया है। यहां दो-तीन महीने पहले बच्चों के बीच हुए विवाद को लेकर मन में खुन्नस पाले एक व्यक्ति ने अपनी ही ममेरी बहन पलंगी नगेशिया (46 वर्ष) की पत्थर से कुचलकर हत्या कर दी। आरोपी ने गोवर्धन पूजा के दिन रात में महिला को बहाने से जंगल ले जाकर इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए आरोपी मदन नगेशिया (47 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
जंगल में गड्ढे के भीतर मिला था महिला का शव : पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार,मुड़कमपाट (चंचल चुवों) निवासी किशुन नगेशिया ने चान्दो थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि गांव के अशोक नगेशिया ने फोन कर भीतरकोना जंगल में किसी अनहोनी की सूचना दी। मौके पर पहुंचने पर किशुन ने अपनी सास पलंगी नगेशिया का शव पेड़ों के झुरमुट के नीचे एक गड्ढे में पड़ा देखा। मृतिका के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान थे तथा घटनास्थल पर खून फैला हुआ था।
बच्चों के विवाद से पनपी थी हत्या की वजह : रिपोर्ट के आधार पर चान्दो पुलिस ने मर्ग कायम कर अपराध क्रमांक 42/2026 के तहत धारा 103(1) बीएनएस में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की। घटनास्थल का निरीक्षण कर वैज्ञानिक अधिकारियों की मदद से साक्ष्य जुटाए गए।
गवाहों से पूछताछ और विवेचना के दौरान पुलिस को मृतिका के ममेरे भाई मदन नगेशिया पर संदेह हुआ।
पूछताछ में सामने आया कि करीब दो-तीन महीने पहले आरोपी के छोटे बेटे और मृतिका की नतिनी के बीच विवाद हुआ था। इसी बात को लेकर पलंगी और मदन के बीच गाली-गलौज तथा झगड़ा हुआ था। तभी से आरोपी महिला के प्रति रंजिश रखे हुए था।
हंडिया पीने के बाद बहाने से जंगल ले गया,पत्थर से किया हमला
पुलिस की जांच के मुताबिक,गोवर्धन पूजा के दिन आरोपी मदन नगेशिया ने हंडिया (स्थानीय पेय पदार्थ) पीने के बाद रात में पलंगी को बहला-फुसलाकर भीतरकोना जंगल की ओर ले गया। वहां सुनसान स्थान पर उसने पत्थर से महिला के सिर पर लगातार वार किए,जिससे उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने विवेचना में जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर उसे गिरफ्तार कर लिया।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur