उत्तरकाशी/रुद्रप्रयाग,11 नवम्बर 2026। उत्तराखंड के विश्व प्रसिद्ध गंगोत्री, केदारनाथ और यमुनोत्री धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए हैं। धार्मिक परंपराओं और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच तीनों धामों में कपाट बंद होने की प्रक्रिया दो दिनों में संपन्न हुई। मंगलवार को अन्नकूट पर्व पर गंगोत्री धाम के कपाट बंद हुए,जबकि बुधवार को भैयादूज के अवसर पर केदारनाथ और यमुनोत्री धाम के कपाट बंद कर दिए गए। इसके साथ ही तीनों धामों की ग्रीष्मकालीन यात्रा का समापन हो गया। वहीं बदरीनाथ धाम के कपाट 16 नवंबर को बंद होंगे। कपाट बंद होने के बाद मां गंगा की उत्सव डोली मुखबा, भगवान केदारनाथ की पंचमुखी चल विग्रह डोली रामपुर और मां यमुना की उत्सव डोली खरसाली के लिए रवाना हुई। अब अगले छह माह तक इन तीनों देवस्थलों के शीतकालीन प्रवास में श्रद्धालु दर्शन और पूजा-अर्चना कर सकेंगे। बुधवार को भैयादूज के अवसर पर भगवान केदारनाथ के कपाट सुबह 8ः30 बजे शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। कपाट बंद होने की प्रक्रिया के दौरान बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी सहित हजारों श्रद्धालु उपस्थित थे। इस यात्रा वर्ष में केदारनाथ धाम में रिकॉर्ड साढ़े 19 लाख श्रद्धालुओं ने बाबा केदारनाथ के दर्शन किए। बुधवार को सुबह 3ः30 बजे मंदिर श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खोल दिया गया था। सुबह पांच बजे से कपाट बंद करने की प्रक्रिया शुरू हुई। मुख्य पुजारी टी. गंगाधर लिंग ने धर्माधिकारी और वेदपाठियों की उपस्थिति में स्वयंभू शिवलिंग को समाधि स्वरूप दिया। स्थानीय पुष्पों, ब्रह्मकमल और भस्म से शिवलिंग को ढकने के बाद गर्भगृह के कपाट बंद किए गए। इसके बाद भगवान केदारनाथ की पंचमुखी डोली सभा मंडप से मंदिर परिसर में लाई गई। सुबह 8ः30 बजे मुख्य मंदिर के कपाट बंद कर दिए गए। इस दौरान पूरा मंदिर परिसर जय श्री केदार और ऊं नमः शिवाय के उद्घोष से गूंज उठा। कपाट बंद होने के अवसर पर मंदिर को फूलों से सजाया गया था। श्रद्धालुओं के लिए दानदाताओं और आईटीबीपी की ओर से भंडारे भी आयोजित किए गए।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur