गरियाबंद पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया
गरियाबंद,31 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले के राजाडेरा जंगल में जमीन के अंदर छिपाकर रखे गए 21 लाख रुपए के नकद डंप को निकालने पहुंचे दो महिला सरेंडर नक्सलियों समेत तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक,यह रकम नक्सली संगठन ने ठेकेदारों और आम नागरिकों को डराकर अवैध वसूली के जरिए जुटाई थी। यह मामला मैनपुर थाना क्षेत्र का है। गिरफ्तार दोनों महिलाओं ने शासन की पुनर्वास नीति के तहत सरेंडर किया था। पुलिस का कहना है कि इसके बावजूद वे नक्सली संगठन के लिए छिपाई गई रकम निकालने की योजना बना रही थीं।
जंगल से बैग लेकर लौट रहे थे तीनों, पुलिस ने पकड़ा : पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग राजाडेरा पहाड़ी के पास जंगल में छिपाकर रखी गई रकम निकालने पहुंचने वाले हैं। इसके आधार पर मैनपुर पुलिस ने इलाके में घेराबंदी की। इसी दौरान जंगल से बैग लेकर लौट रहे संदिग्धों ने पुलिस को देखकर छिपने का प्रयास किया। हालांकि,पुलिस टीम ने घेराबंदी कर तीनों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास मिले काले रंग के बैग में एक टिफिन रखा मिला। इसमें 500-500 रुपए के नोटों के बंडल थे। पुलिस ने कुल 21 लाख रुपए नकद बरामद किए। इसके अलावा तीन मोबाइल फोन और एक टीवीएस मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में सिंगे उर्फ रोशनी निवासी ग्राम गामगुलावर,जिला सुकमा शामिल है। वह नक्सली कमांडर चलपति की गार्ड रह चुकी है। दूसरी आरोपी बुधरी मुचाकी उर्फ बुदरी उर्फ सोनी निवासी एटेगट्टा,जिला सुकमा है,जिसे सीनापाली दलम की पूर्व कमांडर बताया गया है। तीसरा आरोपी नोहर मरकाम निवासी ग्राम भुतबेड़ा, थाना मैनपुर है। पुलिस ने उसे नक्सलियों का सहयोगी बताया है। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि बरामद 21 लाख रुपए वर्ष 2024 में नक्सली कमांडर चलपति ने राजाडेरा जंगल में पहाड़ी के पास जमीन के अंदर छिपाकर रखे थे। यह रकम ठेकेदारों और आम लोगों को डराने-धमकाने के बाद अवैध वसूली के जरिए जुटाई गई थी।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur