Breaking News

बैकुंठपुर@ कोरिया का दोहरा गौरवः शैलेन्द्र मिश्रा को 30 साल की सेवा का सम्मान, 20 स्काउट्स-गाइड्स पुरस्कृत

Share


लोकभवन में चमका कोरिया, राज्यपाल के हाथों शैलेन्द्र मिश्रा अलंकृत; 20 विद्यार्थियों को राज्य पुरस्कार
तीन दशक की तपस्या को मिला सम्मान, कोरिया के 20 स्काउट्स-गाइड्स ने भी हासिल की बड़ी उपलब्धि
बैकुंठपुर 31 अक्टूबर 2026 (घटती-घटना)।
स्काउटिंग के क्षेत्र में तीन दशकों तक निरंतर समर्पण, अनुशासन और सेवा भावना के साथ योगदान देने वाले कोरिया जिले के शैलेन्द्र कुमार मिश्रा को राज्यस्तरीय सम्मान से अलंकृत किया गया है, 29 अक्टूबर 2026 को लोकभवन, रायपुर में आयोजित भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ के राज्य पुरस्कार प्रमाण पत्र वितरण एवं अलंकरण समारोह में राज्यपाल रमेन डेका ने उन्हें अपने करकमलों से दीर्घकालीन सेवा अलंकरण प्रदान किया, इसी समारोह में कोरिया जिले के 20 स्काउट्स-गाइड्स को भी राज्य पुरस्कार से सम्मानित किया गया, इनमें 5 स्काउट्स और 15 गाइड्स शामिल हैं। एक ही मंच पर जिले को मिली इन दोहरी उपलब्धियों से कोरिया का स्काउटिंग परिवार गौरवान्वित हुआ है, समारोह में छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश के शिक्षा मंत्री एवं भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष गजेंद्र यादव ने की, विशिष्ट अतिथि के रूप में भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ के राज्य मुख्य आयुक्त इंद्रजीत सिंह खालसा, शिक्षा सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह तथा राज्यपाल के सचिव डॉ. सी.आर. प्रसन्ना मौजूद रहे।
तीन दशक की सेवा और प्रशिक्षण को मिला सम्मान- समारोह का विशेष आकर्षण कोरिया जिले के एएलटी (कब) एवं भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ के राज्य मुख्यालय आयुक्त स्काउट शैलेन्द्र कुमार मिश्रा का सम्मान रहा, स्काउटिंग जगत में गुरु द्रोणाचार्य के रूप में पहचान रखने वाले श्री मिश्रा राष्ट्रीय स्तर के कुशल प्रशिक्षक हैं, उन्होंने अपने जीवन के 30 वर्ष स्काउटिंग के विकास, प्रशिक्षण और सेवा गतिविधियों के लिए समर्पित किए हैं, उनकी इसी दीर्घकालीन सेवा, निष्ठा और समर्पण को देखते हुए राज्यपाल रमेन डेका ने उन्हें दीर्घकालीन सेवा अलंकरण प्रदान किया, यह सम्मान उनके व्यक्तिगत योगदान के साथ-साथ स्काउटिंग के माध्यम से विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, सेवा भावना और राष्ट्रप्रेम विकसित करने के वर्षों के प्रयासों की पहचान है। उनके सम्मान से कोरिया जिले के स्काउटिंग परिवार में खुशी का माहौल है। कोरिया के 5 स्काउट्स और 15 गाइड्स को राज्य पुरस्कार- समारोह में कोरिया जिले के सत्र 2025-26 के कुल 20 स्काउट्स-गाइड्स को राज्य पुरस्कार प्रमाण पत्र प्रदान किए गए, इनमें पांच स्काउट्स एवं 15 गाइड्स शामिल हैं, सभी को राज्यपाल रमेन डेका के हाथों सम्मान प्राप्त हुआ, जिला शिक्षा अधिकारी एवं पदेन जिला आयुक्त स्काउट जितेन्द्र कुमार गुप्ता के आदेशानुसार जिला संगठन आयुक्त स्काउट नागेश्वर साहू के नेतृत्व में जिला प्रभारी धनमत पड़ौती एवं जिला ट्रेनिंग काउंसलर के साथ स्काउट अंश कुमार, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चित्ताझोर पोड़ी तथा गाइड साक्षी साहू, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बरदिया ने समारोह में सहभागिता कर जिले का प्रतिनिधित्व किया।
30 महीने के प्रशिक्षण और कठिन परीक्षाओं के बाद मिलता है राज्य पुरस्कार- स्काउट एवं गाइड के क्षेत्र में राज्य पुरस्कार प्रमाण पत्र एक प्रतिष्ठित उपलब्धि मानी जाती है, यह केवल प्रमाण पत्र नहीं, बल्कि प्रतिभागियों की कार्यकुशलता, नियमित प्रशिक्षण, अनुशासन, अनुभव, परिश्रम और समर्पण का परिचायक है, इस उपलब्धि तक पहुंचने के लिए स्काउट्स एवं गाइड्स को निर्धारित 30 महीने का प्रशिक्षण प्राप्त करना होता है, इस दौरान उन्हें विभिन्न गतिविधियों में लगातार सहभागिता के साथ निर्धारित परीक्षाओं से गुजरना पड़ता है, ऐसे में राज्य पुरस्कार प्राप्त करना उनकी निरंतर मेहनत, लगन और सीखने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है, समारोह को संबोधित करते हुए अतिथियों ने सभी पुरस्कार प्राप्तकर्ताओं को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं, उन्होंने कहा कि भारत स्काउट्स एवं गाइड्स विद्यार्थियों में अनुशासन, सेवा भावना, नेतृत्व क्षमता, आत्मनिर्भरता और राष्ट्रप्रेम विकसित करने वाला महत्वपूर्ण संगठन है, राज्य पुरस्कार लगभग तीस महीनों की मेहनत, नियमित प्रशिक्षण और समर्पण का परिणाम है, उन्होंने पुरस्कार प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों से समाज सेवा और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
जिले में हर्ष, पदाधिकारियों ने दी बधाई- कोरिया जिले की इस उपलब्धि पर कलेक्टर एवं भारत स्काउट्स एवं गाइड्स जिला संघ की पदेन संरक्षक रोकत्तिमा यादव, जिला संघ अध्यक्ष राजीव पाठक, उपाध्यक्ष प्यारेलाल साहू, सुभाष साहू, रंजीत प्रसाद मंडल, गायत्री सिंह, अनिता तिवारी एवं पूनम यादव, जिला मुख्य आयुक्त राम प्रताप सिंह मरावी, जिला शिक्षा अधिकारी एवं पदेन जिला आयुक्त स्काउट जितेन्द्र कुमार गुप्ता, जिला सचिव सुरेंद्र कुमार राजवाड़े, जिला संगठन आयुक्त स्काउट नागेश्वर साहू, जिला संगठन आयुक्त गाइड आशा एक्का, जिला प्रशिक्षण आयुक्त स्काउट सुनील बड़ा, जिला प्रशिक्षण आयुक्त गाइड निशा खान, जिला मर्टर मास्टर अमरनाथ सिंह, जिला मीडिया प्रभारी रवि प्रसाद बैगा, विकासखंड सचिव बैकुंठपुर शिव प्रताप सिंह एवं विकासखंड सचिव सोनहत श्याम कुमार आण्डिल सहित जिले के समस्त स्काउटर-गाइडर, विद्यालयों के प्राचार्यों और शुभचिंतकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं, तीन दशकों की सेवा के लिए शैलेन्द्र कुमार मिश्रा का सम्मान और जिले के 20 विद्यार्थियों को राज्य पुरस्कार मिलना कोरिया में स्काउटिंग गतिविधियों की उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है, यह सफलता जिले के विद्यार्थियों को अनुशासन, नेतृत्व और समाज सेवा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।


Share

Check Also

सूरजपुर@ टीएस सिंहदेव के जन्मदिवस पर कांग्रेस ने लगाया रक्तदान शिविर,19 यूनिट रक्त संग्रहित

Share ब्लॉक कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण) के अध्यक्ष जफर हैदर के नेतृत्व में जिला चिकित्सालय सूरजपुर …

Leave a Reply