Breaking News

नई दिल्ली@ राज्यसभा की 12 सीटों पर चुनाव घोषित

Share


बंगाल-उत्तराखंड में एक-एक और यूपी की 10 सीटें शामिल,बीएसपी संसद से बाहर हो सकती है
नई दिल्ली,22 सितम्बर 2026 ।
चुनाव आयोग ने मंगलवार को राज्यसभा की 12 सीटों पर चुनाव का ऐलान किया। इनमें उत्तर प्रदेश की 10, उत्तराखंड और पश्चिम बंगाल की एक-एक सीट शामिल हैं। चुनाव की अधिसूचना 29 सितंबर को जारी होगी। नामांकन 6 अक्टूबर तक दाखिल किए जा सकेंगे। जरूरत पड़ने पर 16 अक्टूबर को वोटिंग और काउंटिंग कराई जाएगी।
बीजेपी को बंगाल में इकलौती सीट मिल सकती है
राज्यसभा में बीजेपी की एक सीट बढ़ने की संभावना है, क्योंकि पार्टी पश्चिम बंगाल की एकमात्र सीट जीत सकती है। यह सीट अभिनेत्री रुक्मिणी मल्लिक (जिन्हें कोयल के नाम से जाना जाता है) के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी। उन्हें तृणमूल कांग्रेस ने इस साल की शुरुआत में हुए विधानसभा चुनावों में सत्ता से बाहर होने से पहले सदन में भेजा था। उत्तराखंड में बीजेपी सांसद नरेश बंसल का कार्यकाल खत्म हो रहा है। राज्य में बीजेपी सत्ता में है और विधानसभा में उसके पास आरामदायक बहुमत है। ऐसे में बीजेपी के यह सीट बरकरार रखने की संभावना है।
उत्तर प्रदेश में खत्म हो रहा 10 सांसदों का कार्यकाल
उत्तर प्रदेश से जिन सदस्यों का कार्यकाल खत्म हो रहा है, उनमें केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी शामिल हैं। इनके अलावा बीजेपी नेता अरुण सिंह, गीता शाक्य,नीरज शेखर,बृजलाल,बीएल वर्मा और सीमा द्विवेदी का कार्यकाल भी खत्म हो रहा है। एसपी नेता राम गोपाल यादव का कार्यकाल भी समाप्त हो रहा है। पुरी का केंद्रीय मंत्रिमंडल में बने रहना इस बात पर निर्भर करेगा कि बीजेपी उन्हें फिर से राज्यसभा भेजती है या नहीं। उत्तर प्रदेश की 10वीं खाली सीट पूर्व उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा की थी। इस महीने की शुरुआत में अंडमान और निकोबार द्वीप समूह का उपराज्यपाल बनाए जाने के बाद उन्होंने राज्यसभा से इस्तीफा दे दिया था।
2020 में बीएसपी को राज्यसभा में मिली थी इकलौती सीट
बीएसपी ने 2020 में गौतम को राज्यसभा भेजा था। बीएसपी के इकलौते राज्यसभा सदस्य रामजी गौतम का कार्यकाल नवंबर में खत्म हो रहा है। तब बीजेपी ने 10 सीटों के लिए सिफऱ् 8 उम्मीदवार उतारे थे, जिससे बीएसपी और एसपी दोनों का एक-एक सदस्य निर्विरोध चुना जा सका। इससे बीएसपी और एसपी को एक-एक सदस्य निर्विरोध चुनने का मौका मिला था। एसपी समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार का नामांकन खारिज होने के बाद गौतम निर्विरोध चुने गए थे।
यूपी में वोटों का गणित
उत्तर प्रदेश में बीजेपी के नेतृत्व वाले गठबंधन के पास करीब 290 विधायक हैं। एसपी-कांग्रेस गठबंधन के पास लगभग 103 विधायक हैं। राज्यसभा की एक सीट जीतने के लिए करीब 37 वोटों की जरूरत होती है। बीजेपी सात सीटें आसानी से जीत सकती है। एसपी-कांग्रेस गठबंधन दो सीटें जीत सकता है। आखिरी सीट के लिए बीजेपी के पास शुरुआत में करीब 31 वोट और एसपी-कांग्रेस पक्ष के पास करीब 29 वोट होने की संभावना है ।इससे आखिरी सीट पर भाजपा गठबंधन को बढ़त मिल सकती है।
बंगाल की एक सीट पर उपचुनाव,16 अक्टूबर को मतदान
चुनाव आयोग ने उत्तर प्रदेश की 10 और उत्तराखंड की एक राज्यसभा सीट के लिए द्विवार्षिक चुनाव तथा पश्चिम बंगाल की एक सीट के लिए उपचुनाव का कार्यक्रम मंगलवार को घोषित किया। सभी 12 सीटों के लिए 16 अक्टूबर को मतदान होगा और उसी दिन शाम पांच बजे से मतगणना होगी। आयोग के अनुसार,उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की 11 राज्यसभा सीटों के मौजूदा सदस्यों का कार्यकाल 25 नवंबर को समाप्त हो रहा है। इनमें उत्तर प्रदेश की 10 सीटें और उत्तराखंड की एक सीट शामिल है। उत्तर प्रदेश से जिन सदस्यों का कार्यकाल समाप्त हो रहा है,उनमें केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी और समाजवादी पार्टी के रामगोपाल यादव के अलावा अरुण सिंह,बृजलाल,बीएल वर्मा,नीरज शेखर, गीता उर्फ चंद्रप्रभा, रामजी, सीमा और दिनेश शर्मा शामिल हैं। उत्तराखंड से नरेश बंसल का कार्यकाल भी 25 नवंबर को समाप्त होगा। वहीं,पश्चिम बंगाल की एक राज्यसभा सीट पर रुक्मिणी मलिक के इस्तीफा देने से हुई आकस्मिक रिक्ति को भरने के लिए उपचुनाव कराया जा रहा है। चुनाव आयोग की ओर से जारी कार्यक्रम के मुताबिक चुनाव की अधिसूचना 29 सितंबर को जारी होगी और नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 06 अक्टूबर होगी। नामांकन पत्रों की जांच 07 अक्टूबर को होगी तथा उम्मीदवार 09 अक्टूबर तक अपना नाम वापस ले सकेंगे। 16 अक्टूबर को सुबह 09 बजे से शाम 04 बजे तक मतदान होगा। मतदान समाप्त होने के बाद शाम 05 बजे से मतगणना शुरू होगी।
राज्यसभा चुनाव में संबंधित राज्यों की विधानसभाओं के निर्वाचित सदस्य मतदान करते हैं। आयोग ने निष्पक्ष और पारदर्शी मतदान प्रक्रिया के लिए मतपत्र पर वरीयता अंकित करने के वास्ते निर्धारित बैंगनी रंग के स्केच पेन के इस्तेमाल का प्रावधान किया है। ये पेन निर्वाचन अधिकारियों द्वारा उपलब्ध कराए जाएंगे। चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही संबंधित राज्यों में इन निर्वाचन क्षेत्रों के लिए आदर्श आचार संहिता तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है।


Share

Check Also

नई दिल्ली@ देश से मादक पदार्थों के कारोबार को उखाड़ फेंकने का लक्ष्य : अमित शाह

Share नई दिल्ली,22 सितम्बर 2026 । केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने मंगलवार …

Leave a Reply