लखनऊ,20 सितम्बर 2026। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने कहा कि आकाश आनंद और उनकी बहन को पार्टी में किसी भी हालत में वापस नहीं लिया जाएगा। यदि भाई आनंद के परिवार से किसी को अगर पार्टी में शामिल करना होगा तो ईशान आनंद को सम्मानजनक जि़म्मेदारी देकर इनको आगे किया जायेगा। अगर ईशान ने पार्टी विरोधी कोई भी गम्भीर कृत्य किया तो फिर इनको भी पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया जायेगा। बसपा प्रमुख मायावती ने सोशल मीडिया एकाउंट एक्स पर एक विस्तृत बयान जारी कर पार्टी संगठन और उत्तराधिकार को लेकर कई बड़े फैसलों का ऐलान किया है। उन्होंने लिखा,मैं अपने अनुभव से पार्टी के लोगों से यह कह रही हूं कि यदि राजनीति में कामयाब होना है और समाज के लिए कुछ करना है तो उन्हें मेरी तरह अपने परिवार के मोह से ऊपर उठकर पूरी ईमानदारी व निष्ठा से पार्टी के लिए कार्य करना होगा। उन्होंने पार्टी के संस्थापक कांशीराम की राजनीति का जिक्र करते हुए कहा कि उनके राजनीति में आने के बाद उन्होंने अपने सभी नज़दीकी रिश्ते-नातों आदि को राजनीतिक लाभ देने से हमेशा दूर रखा है। उन्हें केवल निःस्वार्थ भावना से पार्टी संगठन में कार्य करने की ही इजाज़त दी। उन्होंने अपनी पूरी जि़न्दगी, अपना ख़ुद का परिवार ना बनाकर,बहुजन समाज के हित व कल्याण के लिए ही समर्पित की। उनसे प्रेरित होकर फिर मैंने भी उन्हीं के ही पदचिन्हों पर चलने का फैसला लिया और अपनी पूरी जि़न्दगी ’बहुजन समाज’ के लिए समर्पित कर दी है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur