बौरीपारा में युवक से मारपीट का मामला,पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर दिखाई सख्ती
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,13 सितम्बर 2026 (घटती-घटना)। बौरीपारा तालाब के पास युवक से मारपीट के मामले में कोतवाली पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर सोमवार को शहर में उनका जुलूस निकाला। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हथकड़ी पहनाकर कोतवाली थाने से न्यायालय तक पैदल ले जाकर पेश किया। न्यायालय के आदेश पर दोनों को जेल भेज दिया गया। पुलिस के इस कदम को आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और लोगों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ाने की कार्रवाई के तौर पर देखा जा रहा है। पुलिस के अनुसार 7 सितंबर की रात करीब 10 बजे नमनाकला खटिकपारा निवासी लेखांश कांत कुर्रे अपने दो दोस्तों के साथ कार से बौरीपारा में एक दोस्त के घर जा रहा था। बौरीपारा तालाब के पास उसने कार रोकी और मोबाइल पर दोस्त से बातचीत करने लगा। इसी दौरान वहां मौजूद युवकों से एक नाम लिए जाने को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढऩे पर आरोपियों ने युवक के साथ गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्के, बेल्ट और कड़े से मारपीट की।
नाम लेने को लेकर शुरू हुआ था विवाद : शिकायत के अनुसार बातचीत के दौरान युवक ने गोलू गणेश का नाम लिया था। इस पर वहां मौजूद रतन गुप्ता और कोया डॉन ने आपत्ति जताई। आरोप है कि दोनों ने गाली-गलौज करते हुए गोलू को नाम से नहीं, बल्कि ‘बाप’ कहकर बुलाने की बात कही। इसके बाद विवाद बढ़ गया। गोलू गणेश ने युवक का हाथ पकड़ लिया, जबकि रतन गुप्ता, कोया डॉन और आशुतोष गुप्ता ने उसके साथ मारपीट की। मारपीट में युवक के सिर, चेहरे और कनपटी में चोटें आईं। उसके दोस्तों ने किसी तरह उसे आरोपियों के चंगुल से छुड़ाया। घटना के दौरान आरोपियों द्वारा यह कहे जाने का भी आरोप है कि उसका पिता पुलिस अधिकारी है तो उनका क्या कर लेगा।
चार नामजद सहित अन्य पर अपराध : पीडि़त की रिपोर्ट पर कोतवाली पुलिस ने गोलू गणेश, रतन गुप्ता, कोया डॉन, आशुतोष गुप्ता सहित अन्य के खिलाफ बीएनएस की धारा 296, 351(3), 115(2) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया। मामले में पुलिस ने गोलू गणेश और आशुतोष गुप्ता को गिरफ्तार किया है। अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
थाने से कोर्ट तक पुलिस ने निकाला जुलूस : गिरफ्तारी के बाद पुलिस दोनों आरोपियों को हथकड़ी पहनाकर कोतवाली थाने से न्यायालय लेकर रवाना हुई।
पुलिस ने दोनों को गुरुनानक चौक, महामाया चौक, संगम चौक, देवीगंज रोड और घड़ी चौक होते हुए न्यायालय तक पैदल ले गई। इस दौरान सडक पर लोगों की भीड़ भी नजर आई। न्यायालय में पेश करने के बाद दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur