सोमवार को महिलाएं रखेंगी निर्जला व्रत,मेहंदी और श्रृंगार सामग्री की बढ़ी मांग
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,13 सितम्बर 2026 (घटती-घटना)। हरितालिका तीज का पर्व सोमवार को श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। सुहागिन महिलाएं पति की लंबी उम्र और सुखी दांपत्य जीवन की कामना के लिए निर्जला व्रत रखेंगी। तीज को लेकर महिलाओं में खासा उत्साह है। रविवार को व्रत से एक दिन पहले शहर के बाजारों में खरीदारी के लिए महिलाओं की भीड़ उमड़ी। तीज को सुहाग का पर्व माना जाता है। इसे देखते हुए महिलाओं ने साड़ी, चूड़ी, बिंदी, सिंदूर, कंगन सहित अन्य श्रृंगार सामग्री की जमकर खरीदारी की। शहर के प्रमुख बाजारों में कपड़े, चूड़ी और श्रृंगार सामग्री की दुकानों पर दिनभर महिलाओं की भीड़ रही। कई महिलाओं ने पूजा के लिए आवश्यक सामग्री की भी खरीदारी की। तीज पर्व पर हाथों में मेहंदी रचाने का विशेष महत्व है। रविवार को शहर के विभिन्न स्थानों पर मेहंदी लगाने वालों के पास महिलाओं की भीड़ नजर आई। महिलाएं हाथों में आकर्षक डिजाइन की मेहंदी लगवाती रहीं।
कई स्थानों पर मेहंदी लगाने के लिए महिलाओं को अपनी बारी का इंतजार भी करना पड़ा। बाजार में तीज की खरीदारी के लिए बढ़ी भीड़ का असर कारोबार पर भी नजर आया। कपड़े,चूड़ी,श्रृंगार सामग्री और मेहंदी से जुड़े दुकानदारों के चेहरे खिले रहे। दुकानदारों का कहना है कि तीज के चलते बाजार में ग्राहकी बढ़ी है और आगामी पर्व को देखते हुए खरीदारी का सिलसिला जारी रहने की उम्मीद है। सोमवार को महिलाएं दिनभर निर्जला व्रत रखकर भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा-अर्चना करेंगी। पति की लंबी उम्र,सुखी दांपत्य जीवन और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना के साथ व्रत का पारण करेंगी।
filter: 0; jpegRotation: 0; fileterIntensity: 0.000000; filterMask: 0;
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur