रक्षा सचिव ने ब्रिक्स शिखर सम्मेलन से इतर वियतनाम के राष्ट्रीय रक्षा उप-मंत्री से मुलाकात की
नई दिल्ली,13 सितम्बर 2026। ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दौरान भारत और वियतनाम के प्रधानमंत्रियों के बीच हुई हालिया उच्चस्तरीय द्विपक्षीय बैठक के बाद रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह ने रविवार को नई दिल्ली में वियतनाम के राष्ट्रीय रक्षा उपमंत्री वरिष्ठ लेफ्टिनेंट जनरल गुयेन ट्रूओंग थांग के साथ बैठक की। इस दौरान दोनों देशों के बीच मैत्रीपूर्ण संबंधों को मजबूत करने, क्षेत्रीय सुरक्षा को बढ़ावा देने तथा द्विपक्षीय ‘विस्तृत व्यापक रणनीतिक साझेदारी’ को और गहरा करने पर विशेष जोर दिया गया। बातचीत में संयुक्त गतिविधियों को गति देने, प्रौद्योगिकी के आदान-प्रदान और रक्षा उद्योग में सहयोग बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया। दोनों पक्षों ने समुद्री व रक्षा संबंधों को मजबूत करने की अपनी साझा प्रतिबद्धता दोहराई, ताकि क्षेत्र में शांतिपूर्ण, स्थिर और नियम-आधारित सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके। भारत और वियतनाम ने सुरक्षा से जुड़े जटिल मुद्दों से निपटने के लिए बहुपक्षीय मंचों पर आपसी समन्वय को महत्वपूर्ण बताया। दोनों पक्षों ने विशेष रूप से आसियान रक्षा मंत्रियों की बैठक-प्लस (एडीएमएम-प्लस) के तहत सक्रिय भागीदारी के महत्व पर जोर दिया। दोनों पक्षों ने आसियान के नेतृत्व वाले तंत्र के माध्यम से व्यावहारिक रक्षा सहयोग को बढ़ावा देने की अपनी साझा प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने इस बात पर सहमति जताई कि ‘आसियान रक्षा मंत्रियों की बैठक-प्लस’ के विशेषज्ञ कार्य समूह जैसे सहयोगी मंच हिंद-प्रशांत क्षेत्र में स्थिरता बनाए रखने और सामूहिक सुरक्षा ढांचे को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। दोनों पक्ष ‘एयरो इंडिया-2027’ के दौरान भारत में अगली ‘रक्षा नीति वार्ता’ आयोजित करने पर भी सहमत हुए।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur