रायपुर,दिल्ली और महाराष्ट्र की ट्रैवल हिस्ट्री, दो स्वस्थ, दो का इलाज जारी…मेडिकल कॉलेज में 10 बेड का आइसोलेशन तैयार
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,12 सितम्बर 2026 (घटती-घटना)। सरगुजा में स्वाइन फ्लू संक्रमण के मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी बढ़ा दी है। जिले में अब तक चार मरीजों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है। खास बात यह है कि चारों मरीज हाल ही में जिले से बाहर यात्रा कर लौटे थे। इनमें रायपुर,दिल्ली और महाराष्ट्र की ट्रैवल हिस्ट्री सामने आई है। सभी मरीजों में करीब एक से दो सप्ताह पूर्व संक्रमण की पुष्टि हुई थी। जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. शैलेंद्र गुप्ता के अनुसार,संक्रमित मरीज अंबिकापुर शहर में कोर्ट के पीछे और जेल परिसर के समीप के क्षेत्र के अलावा बतौली और चठिरमा के रहने वाले हैं। चारों मरीजों का उपचार रायपुर के अलग-अलग अस्पतालों में कराया गया है। इनमें दो मरीज स्वस्थ होकर डिस्चार्ज हो चुके हैं, जबकि दो का उपचार अभी जारी है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार मरीजों की यात्रा के दौरान या उसके बाद संक्रमण की पुष्टि हुई। बाहर से लौटने के बाद लक्षण दिखाई देने पर जांच कराई गई, जिसमें स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई। इसके बाद मरीजों को उपचार के लिए रायपुर भेजा गया। विभाग अब संक्रमित मरीजों की स्वास्थ्य स्थिति के साथ उनकी संपर्क हिस्ट्री पर भी नजर रख रहा है। संक्रमण की आशंका को देखते हुए मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर में 10 बेड का आइसोलेशन वार्ड तैयार रखा गया है। जरूरत पडऩे पर संदिग्ध अथवा संक्रमित मरीजों को यहां अलग रखकर उपचार दिया जा सकेगा। अस्पताल प्रबंधन ने संक्रमण की रोकथाम के लिए आवश्यक सावधानियां भी बढ़ा दी हैं। स्वाइन फ्लू में बुखार, खांसी, गले में खराश, नाक बहना या बंद होना,सिरदर्द,शरीर में दर्द,ठंड लगना और अत्यधिक थकान जैसे लक्षण हो सकते हैं। कुछ मरीजों में उल्टी-दस्त की शिकायत भी देखी जा सकती है। सांस लेने में परेशानी,सीने में दर्द या लगातार तेज बुखार गंभीर संकेत हो सकते हैं। ऐसे लक्षण होने पर तत्काल चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील स्वास्थ्य विभाग ने की है।
संक्रमण से बचाव के लिए सावधानी जरूरी
खांसते और छींकते समय मुंह-नाक को ढंकने, हाथों को साबुन से बार-बार धोने और आंख, नाक व मुंह को अनावश्यक रूप से छूने से बचने की सलाह दी गई है। बीमार व्यक्ति के संपर्क में आने से बचें और लक्षण होने पर भीड़भाड़ वाली जगहों पर जाने से परहेज करें। डॉक्टर की सलाह के बिना दवाएं या एंटीबायोटिक लेने से भी बचना चाहिए।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur