Breaking News

सूरजपुर @संभागायुक्त नरेन्द्र दुग्गा ने खंगाले सरकारी दफ्तर,लापरवाही पर नोटिस के निर्देश

Share

  • सूरजपुर के दफ्तरों में संभागायुक्त की दस्तक…लंबित प्रकरणों पर कसा शिकंजा…
  • ई-ऑफिस अनिवार्य,लंबित राजस्व प्रकरणों पर तेजी—संभागायुक्त नरेन्द्र दुग्गा सख्त
  • दफ्तरों में निरीक्षण,फाइलों की पड़ताल और लापरवाही पर नोटिस—संभागायुक्त का कड़ा रुख
  • संयुक्त जिला कार्यालय से तहसील तक निरीक्षण,कामकाज में लापरवाही पर जवाबदेही तय
  • नस्तियां व्यवस्थित रखें,राजस्व प्रकरण समय पर निपटाएं—संभागायुक्त के सख्त निर्देश
  • लटोरी से सूरजपुर तक संभागायुक्त का निरीक्षण,लापरवाही पर कारण बताओ नोटिस
  • ई-ऑफिस से पारदर्शिता,पुराने राजस्व मामलों का शीघ्र निराकरण—दुग्गा
  • सरकारी कामकाज की पड़ताल करने मैदान में उतरे संभागायुक्त,अधिकारियों को दी दो टूक हिदायत


-ओंकार पाण्डेय-
सूरजपुर,12 सितम्बर 2026 (घटती-घटना)।
सरगुजा संभागायुक्त नरेन्द्र कुमार दुग्गा ने शुक्रवार को सूरजपुर जिले के विभिन्न शासकीय कार्यालयों का निरीक्षण कर प्रशासनिक कार्यप्रणाली की जमीनी स्थिति का जायजा लिया, उन्होंने संयुक्त जिला कार्यालय की विभिन्न शाखाओं के साथ-साथ तहसील कार्यालय लटोरी,तहसील कार्यालय सूरजपुर और अनुविभागीय अधिकारी राजस्व कार्यालय सूरजपुर का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान संभागायुक्त ने कार्यालयों में नस्तियों के संधारण,लंबित प्रकरणों, राजस्व मामलों के निराकरण, अभिलेखों की स्थिति और ई-ऑफिस प्रणाली के उपयोग की बारीकी से जानकारी ली। जहां आवश्यक सुधार की जरूरत दिखाई दी, वहां संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए, वहीं कार्यालयीन कार्यों में लापरवाही मिलने पर संबंधित कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए, संभागायुक्त ने अधिकारियों-कर्मचारियों को स्पष्ट किया कि शासकीय कामकाज में पारदर्शिता, जवाबदेही और समयबद्धता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि नागरिकों से जुड़े मामलों को अनावश्यक रूप से लंबित रखने की प्रवृत्ति स्वीकार नहीं की जाएगी।
ई-ऑफिस का शत-प्रतिशत उपयोग सुनिश्चित करें…
संयुक्त जिला कार्यालय के निरीक्षण के दौरान संभागायुक्त ने अधीक्षक शाखा सहित विभिन्न शाखाओं की कार्यप्रणाली देखी, उन्होंने ई-ऑफिस प्रणाली के संचालन की स्थिति की जानकारी लेते हुए निर्देश दिया कि कार्यालयीन कार्यों में मैनुअल फाइलों के बजाय ई-ऑफिस प्रणाली का अनिवार्य रूप से उपयोग किया जाए,उन्होंने कहा कि डिजिटल प्रणाली के माध्यम से फाइलों की आवाजाही, पत्राचार और लंबित मामलों की निगरानी अधिक प्रभावी ढंग से की जा सकती है, इससे कामकाज में पारदर्शिता के साथ-साथ गति और जवाबदेही भी बढ़ती है,संभागायुक्त ने सभी अधिकारी-कर्मचारियों से डिजिटल प्रणाली का नियमित उपयोग सुनिश्चित करने तथा नागरिकों से संबंधित मामलों का समय-सीमा में निराकरण करने को कहा।
आवक-जावक शाखा में पत्राचार व्यवस्था की ली जानकारी
संभागायुक्त ने आवक-जावक शाखा का निरीक्षण कर डाक प्राप्ति और प्रेषण की प्रक्रिया की जानकारी ली,उन्होंने निर्देशित किया कि कार्यालय में प्राप्त होने वाले और यहां से प्रेषित किए जाने वाले समस्त पत्राचार को नियमानुसार ई-ऑफिस प्रणाली के माध्यम से संपादित किया जाए,उन्होंने कहा कि डिजिटल माध्यम से पत्राचार की निगरानी आसान होगी और यह पता लगाया जा सकेगा कि कौन-सा पत्र किस स्तर पर लंबित है,इससे समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
वित्त शाखा में लंबित प्रकरणों पर जताई नाराजगी
वित्त शाखा के निरीक्षण के दौरान संभागायुक्त ने लंबित प्रकरणों की स्थिति की जानकारी ली,उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कोई भी प्रकरण अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रहना चाहिए,उन्होंने लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने और जिन मामलों में किसी स्तर पर प्रक्रिया लंबित है, उनका समय पर निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सूरजपुर तहसील में लंबित राजस्व मामलों की समीक्षा
इसके बाद संभागायुक्त ने तहसील कार्यालय सूरजपुर का निरीक्षण किया,उन्होंने तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार कक्ष में पहुंचकर लंबित राजस्व प्रकरणों की स्थिति की जानकारी ली,उन्होंने निराकृत प्रकरणों को नियमानुसार नस्तीबद्ध करने की प्रक्रिया पूरी करने तथा लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करने के निर्देश दिए, संभागायुक्त ने कहा कि राजस्व प्रकरणों के निराकरण में केवल संख्या बढ़ाना उद्देश्य नहीं होना चाहिए, बल्कि निर्णय की गुणवत्ता और निर्धारित समय-सीमा दोनों का ध्यान रखना जरूरी है।
अतिरिक्त न्यायालय शाखा में भी लंबित मामलों की समीक्षा
संभागायुक्त ने अतिरिक्त न्यायालय शाखा का निरीक्षण कर लंबित प्रकरणों की स्थिति की जानकारी ली,उन्होंने आरबीसी 6-4 सहित विभिन्न लंबित प्रकरणों की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को ऐसे मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करने के निर्देश दिए, उन्होंने कहा कि राजस्व एवं न्यायालयीन प्रकृति के मामलों में अनावश्यक देरी से आम नागरिकों को परेशानी होती है,इसलिए लंबित मामलों की नियमित समीक्षा करते हुए उनका गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निराकरण किया जाना चाहिए।
लटोरी तहसील में लापरवाही पर कारण बताओ नोटिस
संभागायुक्त ने तहसील कार्यालय लटोरी का निरीक्षण करते हुए विभिन्न शाखाओं में चल रहे कार्यों और अभिलेखों के संधारण की स्थिति देखी,निरीक्षण के दौरान कार्यालयीन कार्यों में लापरवाही पाए जाने पर उन्होंने कानूनगो श्री शरद अंबष्ट को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए, उन्होंने अधिकारियों-कर्मचारियों को अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करने की हिदायत दी, उन्होंने कहा कि राजस्व संबंधी कार्य सीधे आम नागरिकों के अधिकारों और हितों से जुड़े होते हैं,इसलिए इनमें किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
एसडीएम कार्यालय में पुराने प्रकरणों पर विशेष जोर…
अनुविभागीय अधिकारी राजस्व कार्यालय सूरजपुर के निरीक्षण के दौरान संभागायुक्त ने अनरजिस्टर्ड प्रकरणों की जानकारी ली, उन्होंने ऐसे सभी प्रकरणों को नियमानुसार पंजीबद्ध करने के निर्देश दिए,उन्होंने वर्षों से लंबित पुराने राजस्व प्रकरणों की अद्यतन स्थिति की भी जानकारी ली और कहा कि ऐसे मामलों को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाए,उन्होंने अधिकारियों से कहा कि लंबे समय से लंबित मामलों की नियमित समीक्षा होनी चाहिए, ताकि किसी प्रकरण के अनावश्यक रूप से वर्षों तक लंबित रहने की स्थिति न बने।
नस्तियों का व्यवस्थित संधारण जरूरी
संयुक्त जिला कार्यालय की अन्य शाखाओं के निरीक्षण के दौरान संभागायुक्त ने भू-अभिलेख,खाद्य विभाग सहित विभिन्न कार्यालयों का भ्रमण किया,उन्होंने शाखा प्रभारियों को निर्देशित किया कि सभी नस्तियों और अभिलेखों का व्यवस्थित, सुरक्षित एवं अद्यतन संधारण सुनिश्चित किया जाए,उन्होंने कार्यालयों में फाइलों की उपलब्धता,उनके संधारण और लंबित मामलों की स्थिति पर नियमित निगरानी रखने की जरूरत बताई।
पर्यावरण संरक्षण का संदेश, परिसर में लगाया आम का पौधा
प्रशासनिक निरीक्षण के साथ संभागायुक्त ने संयुक्त जिला कार्यालय परिसर में आम का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया,इस अवसर पर उपायुक्त सरगुजा आर.के. खूंटे और उपायुक्त शारदा अग्रवाल ने भी विभिन्न फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण किया,पौधारोपण कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर रेना जमील,जिला पंचायत सीईओ विजेंद्र पाटले, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व शिवानी जायसवाल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
निरीक्षण का संदेश साफ फाइलें नहीं,परिणाम चाहिए…
संभागायुक्त नरेन्द्र कुमार दुग्गा के निरीक्षण के दौरान एक ओर जहां ई-ऑफिस के शत-प्रतिशत उपयोग और अभिलेखों के व्यवस्थित संधारण पर जोर दिया गया,वहीं दूसरी ओर लंबित राजस्व प्रकरणों के त्वरित निराकरण और लापरवाही पर जवाबदेही तय करने का संदेश भी दिया गया,लटोरी और सूरजपुर तहसील कार्यालय में कारण बताओ नोटिस के निर्देश यह संकेत देते हैं कि निरीक्षण को केवल औपचारिक प्रक्रिया तक सीमित रखने के बजाय कार्यालयीन कार्यप्रणाली में वास्तविक सुधार और जवाबदेही पर जोर दिया जा रहा है,अब महत्वपूर्ण यह होगा कि निरीक्षण के दौरान दिए गए निर्देशों का पालन किस स्तर तक होता है और वर्षों से लंबित प्रकरणों के निराकरण में कितनी तेजी आती है।
राजस्व अभिलेख व्यवस्थित और सुरक्षित रखने के निर्देश
कानूनगो शाखा के निरीक्षण के दौरान संभागायुक्त ने राजस्व अभिलेखों और फाइलों के संधारण की स्थिति देखी,उन्होंने सभी अभिलेखों को व्यवस्थित, सुरक्षित और अद्यतन रखने के निर्देश दिए, उन्होंने संबंधित अनुविभागीय अधिकारी राजस्व को अधीनस्थ कार्यालयों का नियमित निरीक्षण करने और जहां भी कार्यप्रणाली में कमी मिले, वहां तत्काल सुधार सुनिश्चित करने को कहा।
पासबुक,सर्विस बुक और कैशबुक का किया अवलोकन
संभागायुक्त ने निरीक्षण के दौरान पासबुक,सर्विस बुक,कैशबुक,गोशवारा सहित विभिन्न कार्यालयीन अभिलेखों का अवलोकन किया,उन्होंने इन अभिलेखों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप अद्यतन एवं व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए,इसके अलावा उन्होंने नाजिर शाखा,भुईयां शाखा और निर्वाचन शाखा का भी निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों से वहां संचालित कार्यों की जानकारी ली,कार्यालयीन कार्यों में लापरवाही पाए जाने पर तहसील कार्यालय में राजेश साहू के संबंध में भी कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।


Share

Check Also

अंबिकापुर@सुपरमैन रंजीत गुप्ता की टीम का फिर शिकंजा, 21 लीटर महुआ शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार

Share मठपारा में खुलेआम बिक्री की शिकायतों के बाद कार्रवाई,यामाहा स्कूटी भी जब्त,सवाल—बार-बार जेल जाने …

Leave a Reply