बिलासपुर,रायपुर,दुर्ग और गोंदिया में ठहराव,10 ट्रेनों का समय भी बदला
रायपुर,11 सितम्बर 2026। त्योहारी सीजन में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने कई बड़े बदलाव किए हैं। पटना-चर्लपल्ली-पटना के बीच चल रही स्पेशल ट्रेन का परिचालन 2 दिसंबर 2026 तक बढ़ाया गया है। 22 कोच की इस ट्रेन का बिलासपुर,रायपुर,दुर्ग और गोंदिया में ठहराव रहेगा। इसके अलावा घाट शिला स्टेशन पर गीतांजली एक्सप्रेस और आजाद हिंद एक्सप्रेस का ठहराव 11 सितंबर से शुरू होगा। वहीं,दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे से जुड़ी 10 ट्रेनों के पुरी और भुवनेश्वर पहुंचने के समय में बदलाव किया गया है। त्योहारी सीजन में कंफर्म बर्थ उपलब्ध कराने के लिए पटना-चर्लपल्ली-पटना स्पेशल ट्रेनों का परिचालन बढ़ाया गया है। गाड़ी संख्या 03253 पटना-चर्लपल्ली स्पेशल 21 सितंबर से 30 नवंबर तक 21 फेरे लगाएगी। यह ट्रेन सोमवार और बुधवार को चलेगी। गाड़ी संख्या 03255 चर्लपल्ली-पटना स्पेशल 25 सितंबर से 27 नवंबर तक 10 फेरे लगाएगी। इसका संचालन हर शुक्रवार को होगा। वहीं गाड़ी संख्या 03254 चर्लपल्ली-पटना स्पेशल 23 सितंबर से 2 दिसंबर तक 11 फेरे लगाएगी और हर बुधवार को चलेगी। इन स्पेशल ट्रेनों का दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर, रायपुर,दुर्ग और गोंदिया स्टेशनों पर व्यावसायिक ठहराव है। इन स्टेशनों से यात्री ट्रेन में सफर कर सकेंगे। ट्रेन में कुल 22 कोच रहेंगे। इनमें 1 पावर कार,1 एसएलआरडी,2 जनरल, 4 स्लीपर,7 एसी-3 और 7 एसी-3 इकोनॉमी कोच शामिल हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए दक्षिण पूर्व रेलवे के खड़गपुर मंडल के घाटशिला स्टेशन पर दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे से होकर चलने वाली गीतांजली एक्सप्रेस और आजाद हिंद एक्सप्रेस का ठहराव शुरू किया जा रहा है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur