एंट्री के नाम पर 20 से 150 रुपए वसूली का आरोप,पर्यटकों को नहीं दी जा रही रसीद
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,09 अगस्त 2026 (घटती-घटना)। छत्तीसगढ़ का शिमला कहे जाने वाले मैनपाट की खूबसूरत वादियां देशभर के पर्यटकों को आकर्षित करती हैं। लेकिन पर्यटन स्थल मेहता पॉइंट पहुंचने वाले पर्यटकों को यहां की अव्यवस्था निराश कर रही है। पर्यटकों ने आरोप लगाया है कि मेहता पॉइंट में प्रवेश के नाम पर 20 से 150 रुपए तक शुल्क लिया जा रहा है, लेकिन इसके बदले उन्हें रसीद नहीं दी जा रही है। मामले में सबसे बड़ा सवाल शुल्क वसूली के आधार को लेकर उठ रहा है। जानकारी के अनुसार मेहता पॉइंट का टेंडर करीब छह महीने पहले ही समाप्त हो चुका है। ऐसे में नई टेंडर प्रक्रिया के बिना शुल्क वसूली किए जाने के आरोपों ने व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि शुल्क वसूली की वास्तविक स्थिति और इसके लिए जिम्मेदार एजेंसी की स्थिति जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। पर्यटकों का कहना है कि प्रवेश शुल्क लिए जाने के बावजूद मेहता पॉइंट पर पर्याप्त सुविधाएं नहीं हैं। परिसर में झूले भी नजर नहीं आ रहे हैं, जबकि बारिश के दौरान शेड से पानी टपकने की शिकायत सामने आई है। ऐसे में शुल्क देने के बाद भी अपेक्षित सुविधाएं नहीं मिलने से पर्यटकों में नाराजगी है। एक ओर सरकार मैनपाट को बड़े पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की बात कर रही है, वहीं दूसरी ओर मेहता पॉइंट की व्यवस्थाओं को लेकर उठ रहे सवाल पर्यटन विकास के दावों पर भी असर डाल रहे हैं।
मंत्री ने दिए जांच के निर्देश
मामले को लेकर पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देने की बात कही है। मैनपाट की प्राकृतिक खूबसूरती पर्यटकों को लगातार आकर्षित कर रही है, लेकिन मेहता पॉइंट की व्यवस्था में सुधार की जरूरत साफ नजर आ रही है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur