बांकीपुर उपचुनाव में प्रशांत किशोर ने भाजपा प्रत्याशी को 19,324 मतों से हराया
पटना,03 अगस्त 2026। बिहार की चर्चित बांकीपुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने ऐतिहासिक जीत दर्ज करते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा को 19,324 मतों के अंतर से पराजित किया। इस जीत के साथ प्रशांत किशोर ने सक्रिय चुनावी राजनीति में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है। अंतिम परिणाम के अनुसार, प्रशांत किशोर को कुल 64,151 मत प्राप्त हुए। भाजपा के उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा को 44,827 मत मिले,जबकि राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की उम्मीदवार रेखा गुप्ता 14,273 मतों के साथ तीसरे स्थान पर रहीं। इसके अलावा 646 मतदाताओं ने ‘नोटा’ (उपरोक्त में से कोई नहीं) का विकल्प चुना। चुनाव परिणाम घोषित होते ही जन सुराज के कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। विभिन्न स्थानों पर समर्थकों ने मिठाइयां बांटी, एक-दूसरे को बधाई दी और जीत का जश्न मनाया। सोमवार सुबह शुरू हुई मतगणना के शुरुआती दौर से ही प्रशांत किशोर बढ़त बनाए हुए थे। मतगणना के प्रत्येक चरण के साथ उनकी बढ़त लगातार बढ़ती गई और अंत तक कायम रही। भारत निर्वाचन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी आंकड़ों के अनुसार, मतगणना कुल 32 चरणों में संपन्न हुई और सभी चरणों में प्रशांत किशोर अपने प्रतिद्वंद्वियों से आगे रहे।
सरकारों को अब शिक्षा,रोज़गार और विकास जैसे बुनियादी मुद्दों पर ध्यान केंद्रित करना होगा : प्रशांत किशोर
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में ऐतिहासिक जीत दर्ज करने के बाद जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने केंद्र और बिहार सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जनता ने इस चुनाव के माध्यम से स्पष्ट संदेश दिया है कि अब राजनीति केवल जाति, नारे और सत्ता तक सीमित नहीं रह सकती। सरकारों को शिक्षा,रोजगार और विकास जैसे बुनियादी मुद्दों पर गंभीरता से काम करना होगा। यदि ऐसा नहीं हुआ तो भविष्य में भी जनता इसी तरह का फैसला सुनाएगी। मीडिया से बातचीत में प्रशांत किशोर ने कहा कि बांकीपुर उपचुनाव का परिणाम केवल एक सीट की जीत नहीं, बल्कि जनता की सोच में आए बदलाव का संकेत है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, 30 वर्ष का गढ़ 30 दिनों में ढह गया। केंद्र सरकार हो या राज्य सरकार, पढ़ाई और रोजगार का काम करे। अगर ऐसा नहीं करेगी तो आगे भी यही हाल होगा। उन्होंने बिहार की प्रशासनिक व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि किसी अपराधी प्रवृत्ति के व्यक्ति को राज्य का नेतृत्व सौंपकर बिहार का विकास संभव नहीं है। उनका कहना था कि बिहार की जनता अब सीधे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से अपेक्षा कर रही है कि राज्य को ऐसा मुख्यमंत्री मिले, जो ईमानदार, योग्य और दूरदर्शी हो तथा शिक्षा, रोजगार और समग्र विकास के लिए स्पष्ट विजन के साथ काम करे। प्रशांत किशोर ने बांकीपुर की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो समर्थन और विश्वास मिला है, उसे वह अपनी जिम्मेदारी मानते हैं।
दतिया उपचुनाव : कांग्रेस के घनश्याम सिंह ने भाजपा के आशुतोष तिवारी को 6,016 मतों से हराया
मध्य प्रदेश की चर्चित दतिया विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव की सोमवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतगणना संपन्न हुई। इस उपचुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार घनश्याम सिंह ने भाजपा के आशुतोष तिवारी को 6,016 वोटों से हरा दिया है। जिला निर्वाचन कार्यालय के अनुसार कांग्रेस के घनश्याम सिंह को 66,757 (42.39 फीसदी) वोट प्राप्त हुए और जीत हासिल की,जबकि भाजपा उम्मीदवार आशुतोष तिवारी को 60,741 (38.57 फीसदी) वोट हासिल किए। वहीं,तीसरे स्थान पर रहे आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के दामोदर यादव‘मण्डल’ को 22,527 वोट प्राप्त किए। इसके अलावा धर्मेन्द्र सिंह पंवार (राइट टु रिकॉल पार्टी)-957 वोट,जितेन्द्र माझी (आपका गणतंत्र पार्टी)-927,रामसिंह कुशवाह (राष्ट्रीय समानता दल)-324, बालकिशुन विश्वकर्मा (परिवर्तन पार्टी ऑफ इंडिया)-204,शुभम राजपूत(भारतीय सभ्यता पार्टी)-163, डॉ. राखी बाला (राष्ट्रीय समाधान जनमोर्चा)-144, संजना सिंह किन्नर (भारतीय गण वार्ता पार्टी) – 141 और हरदास कुशवाहा (भीम सेना) को 112 वोट मिले। इनके अलावा निर्दलीयों में राघवेन्द्र सिंह-727, बाबूलाल सोनी-691, देवेश परिहार निमोना- 642, रोहित गुप्ता, 585, ब्रजेन्द्र शाह (बापा साहब)-384, वेद भैया- 219, सुरेश अहिरवार- 219, एडवोकेट हँसमुखी लोधी- 204, धर्मेन्द्र सिंह- 196, कन्छेदीलाल कुशवाहा-179 और नोटा को 455 मत हासिल हुए। दतिया कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी स्वप्निल वानखेड़े ने विधानसभा उपचुनाव की मतगणना शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न होने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पूरे मतगणना प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा और निर्वाचन आयोग के सभी दिशा-निर्देशों का पालन किया गया। मतगणना शांतिपूर्ण माहौल में पूरी हुई। किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति सामने नहीं आई। उन्होंने सभी मतदान कर्मियों, सुरक्षा बलों और संबंधित विभागों के सहयोग के लिए आभार भी व्यक्त किया।
गुजरात की मांजलपुर विधानसभा उपचुनाव में भाजपा की बड़ी जीत सतीश पटेल 30,499 मतों से विजयी
गुजरात के वडोदरा जिले की मांजलपुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शानदार जीत दर्ज की है। भाजपा उम्मीदवार सतीश पटेल ने कांग्रेस के भीखा रबारी को 30,499 मतों के बड़े अंतर से पराजित किया। भाजपा उम्मीदवार सतीश पटेल ने जीत के बाद कहा कि मांजलपुर की जनता ने जिस प्रकार स्वर्गीय योगेश पटेल (योगेश काका) को अपना स्नेह और समर्थन दिया था, उसी प्रकार उन्हें भी भरपूर आशीर्वाद और विश्वास दिया है। उन्होंने इस जीत का श्रेय मांजलपुर की जनता और पार्टी कार्यकर्ताओं को दिया। कांग्रेस उम्मीदवार भीखा रबारी ने अपनी हार स्वीकार करते हुए आरोप लगाया कि मतदान के अंतिम चरण में भाजपा की ओर से भय का माहौल बनाया गया, जिसका चुनाव परिणाम पर प्रभाव पड़ा। उल्लेखनीय है कि मांजलपुर विधानसभा सीट पर 30 जुलाई को उपचुनाव के लिए मतदान हुआ था। निर्वाचन आयोग के अनुसार इस चुनाव में 37.05 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। सोमवार को 19 राउंड की मतगणना के बाद भाजपा उम्मीदवार सतीश पटेल को विजयी घोषित किया गया। इस जीत के साथ भाजपा ने मांजलपुर विधानसभा सीट पर अपना कब्जा बरकरार रखा और स्वर्गीय योगेश पटेल की राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाने में सफलता हासिल की।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur