-संवाददाता-
अम्बिकापुर,27 सितम्बर 2026 (घटती-घटना)। राजमाता देवेंद्र कुमारी सिंहदेव शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं संबद्ध चिकित्सालय में पोषण माह के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें गर्भवती महिलाओं,माताओं और बच्चों के लिए संतुलित एवं पौष्टिक आहार के महत्व की जानकारी दी गई। साथ ही एनीमिया और कुपोषण की रोकथाम के उपाय बताए गए। कार्यक्रम में अधिष्ठाता डॉ. अविनाश मेश्राम, अस्पताल अधीक्षक डॉ. आरसी आर्या, सिविल सर्जन डॉ. जेके रेलवानी, खाद्य एवं पोषण विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. अल्का जैन सहित चिकित्सक, अधिकारी, कर्मचारी और नर्सिंग कॉलेजों के छात्र-छात्राएं शामिल हुए।
डॉ. अल्का जैन ने गर्भवती महिलाओं को संतुलित आहार, आयरन से भरपूर खाद्य पदार्थ और रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने वाले भोजन की जानकारी दी। शिशु रोग विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. आलोक ने बच्चों के उचित विकास, रोगों से बचाव और कुपोषण रोकने में संतुलित आहार की भूमिका बताई। डायटिशियन सुमन सिंह ने भी आयरन युक्त और पौष्टिक आहार के संबंध में जानकारी दी। स्त्रीरोग एवं प्रसूति वार्ड में भर्ती महिलाओं को एनीमिया के कारण, बचाव और उपचार के बारे में परामर्श दिया गया। ओपीडी में आने वाली महिलाओं को भी गर्भावस्था के दौरान नियमित स्वास्थ्य जांच और आयरन युक्त भोजन के सेवन के लिए जागरूक किया गया। पोषण पुनर्वास केंद्र में भर्ती कुपोषित बच्चों की माताओं को उचित पोषण और स्तनपान के महत्व की जानकारी दी गई। बच्चों के समुचित विकास के लिए संतुलित आहार, नियमित देखभाल और पोषण संबंधी सावधानियों के बारे में भी बताया गया।
नुक्कड़ नाटक और रंगोली से दिया संदेश : नर्सिंग कॉलेजों के विद्यार्थियों ने पोषण जागरूकता के लिए नुक्कड़ नाटक, पोस्टर और रंगोली प्रतियोगिता में हिस्सा लिया।
शासकीय जीएनएम नर्सिंग कॉलेज, मदर टेरेसा नर्सिंग कॉलेज और पार्वती कॉलेज ऑफ नर्सिंग के विद्यार्थियों ने संतुलित आहार,एनीमिया से बचाव, आयरन युक्त भोजन और कुपोषण रोकने के संदेश दिए। अधिष्ठाता डॉ. अविनाश मेश्राम और अस्पताल अधीक्षक डॉ. आरसी आर्या ने कहा कि गर्भावस्था से लेकर शिशु के विकास तक उचित पोषण जरूरी है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur