बतौली के गोविंदपुर में बारिश के बीच हादसा,राजकुमार का परिवार बाल-बाल बचा,घर का पूरा सामान मलबे में दबा
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,27 सितम्बर 2026 (घटती-घटना)। दीवार के अचानक टुकड़े गिरते देख परिवार के छह सदस्यों ने कुछ ही पल में घर खाली कर दिया। उनके बाहर निकलने के थोड़ी देर बाद ही पूरा कच्चा मकान भरभराकर जमींदोज हो गया। समय रहते घर से बाहर निकलने के कारण परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित बच गए, लेकिन उनका आशियाना और घर में रखा पूरा सामान मलबे में दब गया। घटना बतौली विकासखंड के ग्राम गोविंदपुर की है। गांव निवासी 42 वर्षीय राजकुमार अपनी पत्नी,तीन बेटियों और एक बेटे के साथ कच्चे मकान में रहता था। शनिवार रात करीब 10 बजे परिवार खाना खाने के बाद सोने की तैयारी कर रहा था। इसी दौरान अचानक मकान की मिट्टी की दीवार से टुकड़े गिरने लगे। दीवार की स्थिति देखकर राजकुमार को मकान ढहने का अंदेशा हुआ। उसने पत्नी और बच्चों को तत्काल बाहर निकाला। परिवार के बाहर निकलते ही कुछ ही देर में पूरा मकान ढह गया।
सामान निकालने तक का नहीं मिला मौका : मकान गिरने की रफ्तार इतनी तेज थी कि परिवार को अंदर रखा सामान बाहर निकालने का मौका तक नहीं मिला। बिस्तर, चावल, गेहूं, धान, बर्तन समेत घरेलू उपयोग का अधिकांश सामान मलबे में दब गया। कच्चे मकान से सटा ईंट का एक कमरा भी बनाया गया था। मिट्टी की दीवार गिरने से उसका पिछला हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया।
अब परिवार के सामने सिर छिपाने की चिंता : मकान गिरने के बाद राजकुमार का परिवार खुले आसमान के नीचे आ गया है। दो दिन से हो रही बारिश के बीच परिवार के सामने रहने की समस्या खड़ी हो गई है। पीडि़त परिवार ने प्रशासन से मदद की मांग की है। राजकुमार का कहना है कि यदि प्रशासन की ओर से रहने के लिए घर उपलब्ध करा दिया जाए तो परिवार को बड़ी राहत मिलेगी। प्रारंभिक तौर पर माना जा रहा है कि लगातार बारिश के कारण पुरानी मिट्टी की दीवार कमजोर हुई और मकान ढह गया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur