नई दिल्ली,31 जुलाई 2026। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। सूत्रों के अनुसार,उन्होंने निजी कारणों का हवाला देते हुए अपना इस्तीफा भाजपा के शीर्ष नेतृत्व को सौंप दिया है। हालांकि,उनके इस्तीफे के पीछे की वास्तविक वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। शहजाद पूनावाला जल्द ही अपने इस्तीफे को लेकर आधिकारिक बयान जारी कर सकते हैं। इसी बीच सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर उनके प्रोफाइल से भाजपा का उल्लेख हट गया है। हालांकि,उन्होंने अपने बायो में स्वयं को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ‘आजीवन समर्थक’बताया है। वहीं, इंस्टाग्राम प्रोफाइल पर उन्हें अब भी भाजपा का राष्ट्रीय प्रवक्ता लिखा गया है। फिलहाल पार्टी की ओर से उनके इस्तीफे को लेकर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। पेशे से वकील और नागरिक अधिकार कार्यकर्ता शहजाद पूनावाला ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत कांग्रेस से की थी। वर्ष 2017 में उन्होंने कांग्रेस की आंतरिक चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए सार्वजनिक रूप से आरोप लगाया था कि पार्टी अध्यक्ष पद के चुनाव की प्रक्रिया राहुल गांधी को अध्यक्ष बनाने के उद्देश्य से प्रभावित की जा रही है। इस विवाद के बाद कांग्रेस नेतृत्व और उनके परिवार के कुछ सदस्यों, जिनमें उनके भाई तहसीन पूनावाला भी शामिल हैं,ने उनसे सार्वजनिक दूरी बना ली थी। इसके बाद उन्होंने भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया। भाजपा में शामिल होने के बाद शहजाद पूनावाला को राष्ट्रीय प्रवक्ता की जिम्मेदारी सौंपी गई।
वे विभिन्न सामाजिक, राजनीतिक और समसामयिक मुद्दों पर पार्टी का पक्ष मुखरता से रखने के लिए जाने जाते रहे हैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रखर समर्थकों में उनकी गिनती होती है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur