खड़गवां के शिवपुर और मंगोरा गांव में गाज गिरने से 5 लोग घायल,लगातार बारिश के बीच बढ़ा खतरा
-संवाददाता-
खड़गवां/एमसीबी,28 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। लगातार हो रही बारिश के बीच मंगलवार को एमसीबी जिले में आकाशीय बिजली ने भीषण कहर बरपाया,खड़गवां विकासखंड के शिवपुर और मंगोरा गांव में आकाशीय बिजली गिरने से तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई,जबकि पांच लोग घायल हो गए,इस हृदयविदारक घटना के बाद दोनों गांवों सहित आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिवपुर गांव में आकाशीय बिजली गिरने से दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई,वहीं मंगोरा गांव में गाज गिरने से एक अन्य व्यक्ति की जान चली गई, हादसे में घायल हुए पांच लोगों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खड़गवां ले जाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचा-घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची,अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मृतकों के शवों का पंचनामा तैयार कराया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया,प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है तथा मृतकों के परिजनों को नियमानुसार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया भी प्रारंभ कर दी गई है। लगातार बारिश के बीच बढ़ा आकाशीय बिजली का खतरा- एमसीबी जिले में पिछले कई दिनों से लगातार बारिश हो रही है,मौसम विभाग द्वारा भी खराब मौसम के दौरान आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई जाती रही है,ऐसे में प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बारिश और गरज-चमक के दौरान खुले मैदानों,खेतों,ऊंचे पेड़ों तथा बिजली के खंभों के पास जाने से बचें और सुरक्षित स्थानों पर शरण लें। गांवों में पसरा मातम-इस हादसे के बाद शिवपुर, मंगोरा और आसपास के गांवों में मातम का माहौल है,जनप्रतिनिधियों,सामाजिक संगठनों और ग्रामीणों ने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur