मुख्य सचिव,प्रमुख सचिव और कलेक्टर को भेजा पुनः स्मरण पत्र; भर्ती प्रक्रिया निरस्त कर पारदर्शी तरीके से दोबारा नियुक्ति कराने की मांग
-संवाददाता-
एमसीबी/बैकुण्ठपुर,28 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत विभिन्न योजनाओं में हुई संविदा भर्तियों में कथित अनियमितताओं को लेकर एक बार फिर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव (महिला एवं बाल विकास विभाग) तथा कलेक्टर, एमसीबी को स्मरण पत्र भेजा है,उन्होंने आरोप लगाया कि शिकायत किए जाने के लगभग 10 माह बीत जाने के बाद भी मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है, पूर्व विधायक ने अपने स्मरण पत्र में उपलब्ध दस्तावेजों के आधार पर पूरे मामले की उच्च स्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराने, विवादित भर्ती प्रक्रिया को निरस्त कर पारदर्शी तरीके से पुनः भर्ती कराने तथा अनियमितताओं के लिए जिम्मेदार तत्कालीन नियुक्तिकर्ता अधिकारियों के विरुद्ध अनुशासनात्मक एवं दंडात्मक कार्रवाई की मांग की है।
इन भर्तियों की जांच की मांग- गुलाब कमरो ने जिन संविदा भर्तियों की जांच की मांग की है, उनमें शामिल हैं मिशन वात्सल्य के अंतर्गत जिला बाल संरक्षण इकाई, किशोर न्याय बोर्ड एवं बाल कल्याण समिति की संविदा भर्ती, मिशन वात्सल्य के अंतर्गत चाइल्ड हेल्पलाइन की राज्य एवं जिला स्तरीय संविदा भर्ती, मिशन शक्ति के अंतर्गत महिला सशक्तिकरण केंद्र के संचालन हेतु की गई संविदा भर्ती,महिला संरक्षण अधिकारी की संविदा नियुक्ति, सखी वन स्टॉप सेंटर के संचालन के लिए सेवा प्रदाताओं की संविदा भर्ती।
10 माह बाद भी कार्रवाई नहीं, प्रशासन पर उठ रहे सवाल- पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने कहा कि शिकायत किए जाने के लगभग 10 महीने बीत चुके हैं, लेकिन अब तक प्रशासन द्वारा कोई सख्त कार्रवाई नहीं की गई है। उनका कहना है कि इस देरी से प्रशासन की कार्यप्रणाली पर प्रश्नचिह्न खड़े हो रहे हैं, उन्होंने मांग की कि यदि भर्ती प्रक्रिया में अनियमितताएं हुई हैं तो दोषी अधिकारियों के विरुद्ध शीघ्र कठोर कार्रवाई की जाए तथा पूरी चयन प्रक्रिया को निरस्त कर निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से पुनः भर्ती कराई जाए, कमरो ने कहा कि पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया से ही योग्य अभ्यर्थियों को न्याय मिल सकेगा और शासन की योजनाओं के प्रति लोगों का विश्वास भी बना रहेगा।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur