गांधीनगर पुलिस की कार्रवाई, 35 ई-सिगरेट व 3 हजार रुपये नकद बरामद
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,23 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। प्रतिबंधित इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट (ई-सिगरेट/वेप) की अवैध बिक्री के खिलाफ गांधीनगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पान दुकान संचालक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 35 इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट और बिक्री से संबंधित 3 हजार रुपये नकद सहित करीब 55,500 रुपये का मशरुका जब्त किया है। पुलिस के अनुसार, डीआईजी एवं एसएसपी राजेश कुमार अग्रवाल के निर्देशन में थाना गांधीनगर पुलिस टीम 21 जुलाई को सुभाषनगर-बनारस रोड क्षेत्र में गश्त एवं अपराधियों की तलाश में निकली थी।
इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि आयुषी डेली निड्स (पान कॉर्नर) का संचालक प्रतिबंधित ई-सिगरेट का अवैध भंडारण एवं विक्रय कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने दुकान पर दबिश दी। तलाशी के दौरान दुकान से 35 इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट तथा 3 हजार रुपये नकद बरामद किए गए। पूछताछ में संचालक प्रांशु केसरी (24 वर्ष) निवासी वार्ड क्रमांक-10, बनारस रोड, गांधीनगर, प्रतिबंधित सामग्री के संबंध में कोई वैध दस्तावेज या अनुज्ञप्ति प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट प्रतिषेध अधिनियम, 2019 की धारा 7 एवं 8 तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 223 के तहत थाना गांधीनगर में अपराध क्रमांक 466/2026 दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है। पुलिस की इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार द्विवेदी, उपनिरीक्षक दिलीप दुबे, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक भारतीय मार्कण्डेय, सहायक उपनिरीक्षक विवेक चंद्राकर एवं वरदान लकड़ा की सक्रिय भूमिका रही।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur