
करीब 100 ग्रामीण व परिजन देर रात पहुंचे कोतवाली,तत्काल गिरफ्तारी की मांग,आरोपी फरार,पुलिस टीम दबिश में जुटी
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,23 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। नाबालिग आदिवासी छात्रा से दुष्कर्म के आरोप के बाद ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। बुधवार रात करीब 100 ग्रामीण और पीडि़ता के परिजन कोतवाली पहुंचे तथा आरोपी उपसरपंच के पति के खिलाफ तत्काल कार्रवाई और गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 65(1) तथा पॉक्सो एक्ट की धाराओं 4 और 6 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी घटना के बाद से फरार है। पुलिस के अनुसार, पीडि़ता कक्षा सातवीं की छात्रा है और गांव की उपसरपंच के घर सुबह-शाम घरेलू काम करने जाती थी। दिन में वह स्कूल में पढ़ाई करती थी। परिजनों का आरोप है कि 20 जुलाई की शाम वह काम पर गई थी, लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटी। परिवार की ओर से उसे बुलाने के लिए उसकी बहन को भेजा गया, जहां बताया गया कि वह अभी काम कर रही है।
पीडि़ता ने परिजनों को बताई आपबीती : परिजनों का कहना है कि देर रात घर लौटने पर छात्रा ने उनके सामने अपने साथ हुई घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिवार ने पुलिस से संपर्क किया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
रिपोर्ट नहीं कराने का लगाया आरोप : पीडि़ता के परिजनों का आरोप है कि घटना के अगले दिन कुछ लोगों को उनके घर भेजकर समझौते का दबाव बनाया गया और रिपोर्ट दर्ज नहीं कराने के बदले रुपए देने का प्रस्ताव भी रखा गया। परिजनों ने इसे ठुकरा दिया। इसके बाद ग्रामीणों और रिश्तेदारों के साथ बड़ी संख्या में लोग कोतवाली पहुंचे और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की।
गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दबिश
कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ने बताया कि साइबर सेल और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। आरोपी फिलहाल फरार है और उसे जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur