- सर्व आदिवासी समाज के जिलाध्यक्ष विजय सिंह बोले…केवल मुआवजा
- नहीं, दोषियों की गिरफ्तारी और न्याय भी सुनिश्चित करें जनप्रतिनिधि
-संवाददाता-
बैकुंठपुर,18 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। पूजा पैकरा आत्महत्या प्रकरण में आरोपियों की गिरफ्तारी में हो रही देरी को लेकर सर्व आदिवासी समाज ने एक बार फिर अपनी नाराजगी जाहिर की है,सर्व आदिवासी समाज, जिला कोरिया के जिलाध्यक्ष विजय सिंह ने कहा कि इस मामले में अब तक केवल एक नामजद आरोपी की गिरफ्तारी हुई है, जबकि अन्य नामजद आरोपी अभी भी गिरफ्तारी से बाहर बताए जा रहे हैं, इसे लेकर समाज में असंतोष और चिंता का माहौल है, विजय सिंह ने कहा कि समाज का आरोप है कि शिकायत और उपलब्ध साक्ष्यों के बावजूद कुछ अन्य लोगों को भी आरोपी के रूप में नामजद नहीं किया गया है, ऐसे में पूरे मामले की निष्पक्ष और प्रभावी जांच को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने मांग की कि जांच के दौरान सामने आने वाले सभी तथ्यों पर गंभीरता से कार्रवाई की जाए।
जनप्रतिनिधियों
की चुप्पी पर सवाल
विजय सिंह ने इस मामले में जिले के प्रभारी मंत्री,क्षेत्रीय विधायक,जिले की अन्य विधायक,जिला पंचायत अध्यक्ष और अन्य जनप्रतिनिधियों की चुप्पी पर भी सवाल उठाए,उन्होंने कहा कि यह समझ से परे है कि इतने गंभीर मामले में जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भूमिका क्यों दिखाई नहीं दे रही है, उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी केवल पीडि़त परिवार को आर्थिक सहायता या मुआवजा दिलाने तक सीमित नहीं होनी चाहिए,बल्कि दोषियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित कर पीडि़त परिवार को न्याय दिलाने के लिए भी उन्हें आगे आना चाहिए।
मुआवजा पर्याप्त
नहीं,न्याय जरूरी
विजय सिंह का कहना है कि आर्थिक सहायता पीडि़त परिवार के लिए राहत का माध्यम हो सकती है,लेकिन वास्तविक न्याय तभी होगा जब मामले में शामिल सभी दोषियों के विरुद्ध प्रभावी कानूनी कार्रवाई हो और उन्हें कानून के दायरे में लाया जाए, उन्होंने कहा कि यदि आरोपी खुलेआम घूमते रहें और जांच अधूरी रह जाए, तो इससे आम लोगों का न्याय व्यवस्था पर विश्वास कमजोर पड़ता है।
सभी आरोपियों की गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच की मांग…
सर्व आदिवासी समाज ने मांग की है कि मामले में फरार सभी नामजद आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार किया जाए, साथ ही यदि शिकायत और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर अन्य व्यक्तियों की भूमिका सामने आती है,तो उनके विरुद्ध भी निष्पक्ष जांच कर कानून के अनुसार कार्रवाई की जाए।
लोकतांत्रिक तरीके से जारी रहेगा आंदोलन
विजय सिंह ने कहा कि आदिवासी समाज इस मामले में न्याय की मांग को लेकर शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाता रहेगा, उन्होंने कहा कि जब तक पीडि़त परिवार को न्याय नहीं मिल जाता और दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई नहीं होती,तब तक समाज का संघर्ष जारी रहेगा।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur