सिविल ब्रांच में देशभर में 61वीं रैंक,होलीक्रॉस से पढ़ाई और रायपुर इंजीनियरिंग कॉलेज से किया बीई
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,18 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। शहर के होनहार युवा दिव्यांश तिवारी ने कर्मचारी चयन आयोग की जूनियर इंजीनियर परीक्षा-2025 में शानदार सफलता हासिल कर अंबिकापुर का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। दिव्यांश ने परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक-81 प्राप्त की है। वहीं सिविल इंजीनियरिंग श्रेणी में उनकी ऑल इंडिया रैंक-61 रही। इस उपलब्धि के साथ उनका चयन केंद्रीय लोक निर्माण विभाग में जूनियर इंजीनियर के पद पर हुआ है। दिव्यांश, अंबिकापुर के केदारपुर चर्च के सामने रहने वाले राकेश तिवारी एवं वसुधा तिवारी के पुत्र हैं। उनकी प्रारंभिक शिक्षा होलीक्रॉस कॉन्वेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल, अंबिकापुर से हुई। स्कूल शिक्षा पूरी करने के बाद उन्होंने प्री-इंजीनियरिंग परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया और शासकीय इंजीनियरिंग महाविद्यालय, रायपुर में सिविल इंजीनियरिंग शाखा में प्रवेश लिया। पढ़ाई के दौरान वे मेरिट छात्र रहे, जिसके कारण उनकी कॉलेज फीस भी माफ रही। बीई की पढ़ाई पूरी करने के बाद दिव्यांश ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी शुरू की। नियमित अध्ययन, अनुशासित दिनचर्या और लगातार मेहनत के दम पर उन्होंने SSC JE-2025 में देशभर में 81वीं रैंक हासिल कर सफलता का नया मुकाम प्राप्त किया। दिव्यांश ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, शिक्षकों और कठिन परिश्रम को दिया है। उनका कहना है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और तैयारी निरंतर की जाए तो किसी भी प्रतियोगी परीक्षा में सफलता हासिल की जा सकती है। दिव्यांश की इस उपलब्धि पर परिवार, शिक्षकों,मित्रों और शहरवासियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। उनकी सफलता अंबिकापुर सहित सरगुजा के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur