Breaking News

लुंड्रा/अम्बिकापुर@मोबाइल देखने के लिए पेड़ के नीचे बैठे चार बच्चे,आकाशीय बिजली गिरने से दो मासूमों की मौत

Share


सरगुजा के नागम गांव में दर्दनाक हादसा, दो सगे भाई गंभीर रूप से झुलसे,बारिश के दौरान पेड़ों के नीचे नहीं रुकने की अपील


-संवाददाता-
लुंड्रा/अम्बिकापुर,18 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। सरगुजा जिले के लुंड्रा थाना क्षेत्र के नागम गांव में शुक्रवार शाम आकाशीय बिजली गिरने से दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। बारिश से बचने के लिए पेड़ के नीचे बैठकर मोबाइल देख रहे चार बच्चे अचानक बिजली की चपेट में आ गए। हादसे में दो 12 वर्षीय मासूमों की मौके पर ही मौत हो गई,जबकि दो सगे भाई गंभीर रूप से झुलस गए। दोनों का अस्पताल में उपचार जारी है और चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत अब खतरे से बाहर है। जानकारी के अनुसार शुक्रवार शाम करीब पांच बजे नागम गांव में हल्की बारिश शुरू हुई थी। बारिश से बचने के लिए गांव के चार बच्चे एक बड़े पेड़ के नीचे बैठ गए। वे मोबाइल देख रहे थे,तभी अचानक तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली सीधे पेड़ पर आ गिरी। बिजली का जोरदार झटका लगते ही चारों बच्चे गंभीर रूप से झुलस गए। आसपास मौजूद ग्रामीण धमाके की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे और तत्काल सभी बच्चों को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक दो बच्चों की मौत हो चुकी थी।
दो मासूमों की गई जान,दो भाई अस्पताल में भर्ती : हादसे में रंजीत लोहरा (12 वर्ष),पिता नगेशिया लोहरा और रोशन नगेशिया (12 वर्ष),पिता विजय नगेशिया की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं प्रभु राम (11 वर्ष) और उसका बड़ा भाई दिनेश (13 वर्ष) गंभीर रूप से झुलस गए। दोनों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर बनी हुई है।
गांव में पसरा मातम : इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे नागम गांव में शोक का माहौल है। मृत बच्चों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने बताया कि बारिश अधिक तेज नहीं थी,इसलिए बच्चों को किसी बड़े खतरे का अंदाजा नहीं था। लेकिन देखते ही देखते आकाशीय बिजली ने दो परिवारों की खुशियां हमेशा के लिए छीन लीं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। पंचनामा कार्रवाई के बाद दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया गया और शव परिजनों को सौंप दिए गए।
बारिश के दौरान बरतें सावधानी : यह हादसा एक बार फिर याद दिलाता है कि बारिश और गरज-चमक के दौरान पेड़ों के नीचे खड़े होना या बैठना बेहद खतरनाक हो सकता है। विशेषज्ञों के अनुसार बिजली अक्सर ऊंचे और अकेले खड़े पेड़ों पर गिरती है। ऐसे मौसम में खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहकर सुरक्षित भवन या पक्के आश्रय में शरण लेना चाहिए। इससे आकाशीय बिजली जैसी घटनाओं से बचा जा सकता है।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@जिला अस्पताल से चोरी हुई बाइक बरामद,शातिर चोर गिरफ्तार

Share -संवाददाता-अम्बिकापुर,19 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। सरगुजा पुलिस ने जिला अस्पताल परिसर से चोरी हुई मोटरसाइकिल …

Leave a Reply