Breaking News

रायपुर@नकटी गांव से राजभवन तक कांग्रेस की ‘न्याय पदयात्रा’ शुरू, पुनर्वास और मुआवजे की मांग तेज

Share

रायपुर,15 जुलाई 2026। नवा रायपुर के नकटी गांव में गरीब परिवारों के मकान तोड़े जाने के विरोध में कांग्रेस ने बुधवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के नेतृत्व में ‘न्याय पदयात्रा’ निकाली। नकटी गांव से राजभवन (लोकभवन) तक आयोजित इस पदयात्रा में प्रभावित परिवारों के साथ बड़ी संख्या में कांग्रेस के कार्यकर्ता, पदाधिकारी और विधायक शामिल हुए। कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल राज्यपाल को ज्ञापन सौंपकर प्रभावित परिवारों के पुनर्वास और उचित मुआवजे की मांग करेगा। करीब 13 किलोमीटर लंबी पदयात्रा नकटी गांव से शुरू होकर पीटीएस चौक,माना, फुंडहर चौक, श्रीराम मंदिर (करेंसी टावर), तेलीबांधा और गौरव पथ होते हुए राजभवन पहुंचेगी। कांग्रेस का आरोप है कि नकटी गांव के 85 प्रभावित परिवारों को अब तक न्याय नहीं मिला है। पार्टी ने मांग की है कि प्रत्येक प्रभावित परिवार को नकटी गांव में ही 2,000 वर्गफीट भूमि आवंटित कर पुनर्वास किया जाए तथा मकान तोड़े जाने से हुए नुकसान के अनुरूप उचित मुआवजा दिया जाए। प्रभावित परिवारों ने प्रशासन की ओर से सेक्टर-30 स्थित हाउसिंग बोर्ड के चौथी मंजिल के फ्लैटों में दिए जा रहे अस्थायी आवास को स्वीकार करने से इनकार कर दिया है। उनका कहना है कि वे अपने मूल गांव में ही पुनर्वास चाहते हैं। वर्तमान में सभी प्रभावित परिवार गांव में टेंट और टीन शेड में रहकर जीवन-यापन कर रहे हैं।
यातायात व्यवस्था में बदलाव, भारी पुलिस बल तैनात
पदयात्रा को देखते हुए प्रशासन ने पूरे मार्ग पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं और भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। यातायात पुलिस ने एडवाइजरी जारी करते हुए बताया है कि सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक श्रीराम मंदिर (करेंसी टावर) से तेलीबांधा थाना तिराहा तक यातायात का दबाव अधिक रहेगा। इस दौरान सर्विस रोड बंद रहेगी तथा महासमुंद से दुर्ग की ओर जाने वाले वाहन चालकों को मुख्य मार्ग का उपयोग करने की सलाह दी गई है।
पदयात्रा के दौरान दीपक बैज के पैर में आई मोच
पदयात्रा शुरू होने के कुछ ही समय बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के पैर में मोच आ गई। चोट लगने के कारण वे आगे पैदल नहीं चल सके और इसके बाद कार में सवार होकर पदयात्रा के पीछे-पीछे चलते रहे। हालांकि कांग्रेस कार्यकर्ताओं और प्रभावित ग्रामीणों ने यात्रा जारी रखी।


Share

Check Also

खड़गवां @खड़गवां में प्रधानमंत्री आवास योजना पर सवाल….पक्के मकान वालों को भी लाभ देने का आरोप,पुराने घर की छत पर आवास निर्माण की शिकायत,जांच की मांग

Share -राजेन्द्र शर्मा-खड़गवां,30 अगस्त 2026 (घटती-घटना)। गरीब और जरूरतमंद परिवारों को पक्की छत उपलब्ध कराने …

Leave a Reply