Breaking News

कुसमी/बलरामपुर@ आवास योजना में अनियमितता और मजदूरी भुगतान का मामला उठा, जांच की मांग

Share

ऑल मीडिया प्रेस एसोसिएशन के जिला पब्लिक सचिव ने कलेक्टर व जिला पंचायत सीईओ के नाम जनपद सीईओ कुसमी को सौंपा आवेदन
-संवाददाता-
कुसमी/बलरामपुर,12 जुलाई 2026 (घटती-घटना)।
जनपद पंचायत कुसमी अंतर्गत ग्राम पंचायत इदरी कला में महात्मा गांधी नरेगा के तहत तालाब निर्माण कार्य में लगे मजदूरों के मजदूरी भुगतान तथा प्रधानमंत्री आवास योजना में कथित अनियमितता का मामला सामने आया है। इन दोनों मामलों की जांच एवं कार्रवाई की मांग को लेकर ऑल मीडिया प्रेस एसोसिएशन,बलरामपुर के जिला पब्लिक सचिव कैफ अली ने कलेक्टर बलरामपुर एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी के नाम जनपद पंचायत कुसमी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को आवेदन सौंपा है। आवेदन के अनुसार, ग्राम पंचायत इदरी कला में तालाब निर्माण कार्य में कार्यरत महिला मजदूरों को उनकी पूरी मजदूरी का भुगतान नहीं किया गया है। आरोप है कि मजदूरों को केवल आधी मजदूरी दी गई, जबकि शेष राशि का अब तक भुगतान नहीं हुआ है। इससे मजदूरों में नाराजगी है और वे लंबे समय से अपने बकाया भुगतान की प्रतीक्षा कर रहे हैं। इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना से जुड़े मामले में भी गंभीर अनियमितता का आरोप लगाया गया है। आवेदन में कहा गया है कि वर्ष 2023-24 में योजना के हितग्राही राजेंद्र बड़ा के लिए स्वीकृत आवास की राशि कथित रूप से रोजगार सहायक एवं सरपंच की मिलीभगत से गांव के ही निवासी जगेश्वर के बैंक खाते में हस्तांतरित कर दी गई और राशि का आहरण कर लिया गया। शिकायतकर्ता ने इस मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करने तथा हितग्राही को न्याय दिलाने की मांग की है। ऑल मीडिया प्रेस एसोसिएशन के जिला पब्लिक सचिव कैफ अली ने मांग की है कि दोनों मामलों की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों एवं संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए तथा मजदूरों का बकाया भुगतान और आवास योजना के वास्तविक हितग्राही को उसका अधिकार सुनिश्चित कराया जाए।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@डायल-112 के प्रभावी संचालन हेतु 107 पुलिसकर्मियों को मिला विशेष प्रशिक्षण

Share -संवाददाता-अम्बिकापुर,12 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। डायल-112 (फेज-2 नेक्स्ट जेनरेशन) सेवा को और अधिक प्रभावी बनाने …

Leave a Reply