Breaking News

अंबिकापुर/मैनपाट@मैनपाट में स्टंट और सड़क जाम करने वाले बाइकर्स गैंग पर एफआईआर,पुलिस की सख्त कार्रवाई शुरू

Share


-संवाददाता-
अंबिकापुर/मैनपाट,10 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। पर्यटन स्थल मैनपाट में बाइकर्स समूह द्वारा सड़क पर हुड़दंग,तेज रफ्तार में स्टंट,सड़क जाम करने और तेज आवाज वाले साइलेंसर से आम लोगों को परेशान करने के मामले में कमलेश्वरपुर थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब संबंधित बाइकर्स और उनके वाहनों की पहचान कर सख्त वैधानिक कार्रवाई करेगी। पुलिस के अनुसार, डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल के निर्देश पर थाना कमलेश्वरपुर में तत्काल मामला दर्ज किया गया। थाना प्रभारी को ऐसे बाइकर्स समूहों के विरुद्ध लगातार विशेष चेकिंग अभियान चलाने, वाहनों को जब्त करने तथा मोटर व्हीकल एक्ट एवं अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए हैं। प्रार्थी की शिकायत के अनुसार 7 जुलाई 2026 को सुबह से शाम तक मैनपाट क्षेत्र में बड़ी संख्या में बाइकर्स दो-तीन सवारी बैठाकर तेज रफ्तार और लापरवाही से बाइक चला रहे थे। कई युवक मुख्य मार्गों पर बाइक लहराते हुए स्टंट कर रहे थे,जिससे दुर्घटना का खतरा लगातार बना रहा और आम लोगों का सड़क पर चलना मुश्किल हो गया। शिकायत में बताया गया कि बाद में बाइकर्स के समूह ने अंबिकापुर घाट,कापू घाट और सीतापुर घाट मार्ग पर झुंड बनाकर सड़क पर बाइक खड़ी कर दीं तथा तेज आवाज में एक्सीलेटर रेस देकर शोर-शराबा किया। इससे यातायात बाधित हुआ और पर्यटकों व स्थानीय लोगों में भय का माहौल बन गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना कमलेश्वरपुर में अपराध क्रमांक 41/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 281, 190, 189, 126, 270 एवं 285 के अंतर्गत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर बाइकर्स एवं उनके वाहनों की पहचान कर रही है।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@बाइकर्स गैंग पर सरगुजा पुलिस का बड़ा एक्शन,158 बाइक जब्त,नाबालिग चालकों के परिजनों को दी चेतावनी

Share -संवाददाता-अम्बिकापुर,10 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। मैनपाट क्षेत्र में बाइकर्स गैंग की स्टंटबाजी और यातायात नियमों …

Leave a Reply