एसीबी ने दाखिल की चार्जशीट…
प्रीमियम की राशि बैंक में जमा करने के बजाय फर्जी पे-इन स्लिप लगाने का आरोप
विशेष न्यायालय सूरजपुर में पेश किया गया अभियोग पत्र
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,10 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) अंबिकापुर ने भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) के विश्रामपुर सैटेलाइट कार्यालय में 28.55 लाख रुपये के कथित गबन के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए तत्कालीन सहायक प्रशासनिक अधिकारी अमोद कुमार लकड़ा के विरुद्ध विशेष न्यायालय (भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम), सूरजपुर में अभियोग पत्र (चार्जशीट) प्रस्तुत कर दिया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से अब मामले की सुनवाई विशेष अदालत में होगी। एसीबी से मिली जानकारी के अनुसार, एलआईसी विश्रामपुर के तत्कालीन शाखा प्रबंधक विनोद कुमार सोनी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वर्ष 2019 से 2020 के बीच शाखा में बीमा प्रीमियम के रूप में जमा हुई 28 लाख 55 हजार 968 रुपये की राशि को बैंक में जमा नहीं कराया गया। आरोप है कि तत्कालीन सहायक प्रशासनिक अधिकारी अमोद कुमार लकड़ा ने उक्त राशि को सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की सतपता शाखा में जमा करने के बजाय उसका गबन कर लिया। जांच में यह भी सामने आया कि बैंक में राशि जमा होने का आभास देने के लिए आरोपी ने कथित तौर पर फर्जी पे-इन स्लिप तैयार कर उन्हें एलआईसी कार्यालय में जमा कर दिया, जिससे लंबे समय तक गबन का मामला सामने नहीं आ सका। शिकायत की जांच के दौरान आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाने पर एसीबी ने वर्ष 2022 में आरोपी के विरुद्ध भारतीय दंड संहिता की धारा 409 (लोक सेवक द्वारा आपराधिक न्यासभंग), 467 (जालसाजी), 468 (धोखाधड़ी के उद्देश्य से जालसाजी), 471 (जाली दस्तावेज का उपयोग) तथा भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित 2018) की संबंधित धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विस्तृत विवेचना शुरू की थी। विवेचना पूरी होने के बाद शुक्रवार को एसीबी ने आरोपी को गिरफ्तार कर विशेष न्यायालय (भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम),सूरजपुर में पेश किया तथा उसके विरुद्ध चार्जशीट दाखिल की। अब इस बहुचर्चित गबन प्रकरण की सुनवाई विशेष न्यायालय में होगी।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur