अयोध्या,10 जुलाई 2026। अयोध्या के श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में वीआईपी दर्शन पास जारी करने की प्रक्रिया में एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। अब सुगम और विशिष्ट (वीआईपी) दर्शन पास जारी करने का आधिकारिक अधिकार महंत दिनेंद्र दास को सौंप दिया गया है। मंदिर प्रशासन ने महंत दिनेंद्र दास की आईडी सिस्टम में विधिवत रूप से एक्टिवेट कर दी है, जिसके बाद अब उनकी सिफारिश पर ही श्रद्धालुओं के लिए दर्शन पास जारी किए जा सकेंगे। यह बदलाव श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट द्वारा पूर्व में कार्यरत कुछ वरिष्ठ अधिकारियों के संदर्भ में उठाए गए कदम के बाद हुआ है। ट्रस्ट ने चंपत राय, अनिल मिश्रा और गोपाल राव की आईडी को तत्काल प्रभाव से डी-एक्टिवेट कर दिया है, जिससे अब वे पास जारी करने की प्रक्रिया का हिस्सा नहीं रहेंगे। अयोध्या स्थित राम मंदिर में श्रद्धालुओं के लिए दो प्रकार के दर्शन पास उपलब्ध हैं—’सुगम दर्शन पास’ और ‘विशिष्ट दर्शन पास’ । इन पासों को जारी करने के लिए ट्रस्ट के प्रत्येक ट्रस्टी के नाम से एक विशेष आईडी सिस्टम में जनरेट की गई है। इस प्रणाली के तहत, किसी भी श्रद्धालु को वीआईपी दर्शन की सुविधा देने के लिए संबंधित ट्रस्टी की औपचारिक सिफारिश या उनकी आईडी से डिजिटल अप्रूवल आवश्यक होता है। अब यह जिम्मेदारी पूरी तरह से महंत दिनेंद्र दास के पास है। यह नई व्यवस्था मंदिर की दर्शन प्रणाली को और अधिक पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से लागू की गई है, ताकि दर्शन व्यवस्था के प्रबंधन में स्पष्टता बनी रहे। हाल ही में राम मंदिर में दान और चढ़ावे की चोरी से जुड़े मामले सामने आने के बाद पास प्रणाली पर भी सवाल उठे थे। जांच के दौरान आरोप लगे थे कि इस सिस्टम का दुरुपयोग कर बड़ी हेराफेरी की गई है। कथित तौर पर, दान चोरी मामले के आरोपी टिन्नू यादव ने इसी ऑनलाइन सिस्टम का लाभ उठाकर अपने स्तर पर सैकड़ों पास जारी करवा लिए थे। इसके साथ ही, ट्रस्ट के पूर्व पदाधिकारियों के करीबियों पर भी वीआईपी पास जारी करने के नाम पर लाखों रुपये की अवैध कमाई करने के गंभीर आरोप लगे थे। इन आरोपों के बाद ट्रस्ट अब फूंक-फूंक कर कदम रख रहा है और किसी भी प्रकार की अनियमितता को रोकने के लिए आईडी एक्सेस को सीमित कर दिया गया है। मंदिर में चढ़ावे की गणना को लेकर भी स्थिति स्पष्ट की गई है। हाल ही में आउटसोर्स कर्मचारियों के बड़े पैमाने पर इस्तीफे की खबरों के बीच बैंक सूत्रों ने जानकारी दी है कि काम सुचारू रूप से चल रहा है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur