मायके पक्ष ने पति पर दूसरी युवती से संबंध और प्रताड़ना का लगाया आरोप, पति बोला- मोबाइल नहीं दिलाने से थी नाराज
वाड्रफनगर,09 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। प्रेम विवाह के महज ढाई माह बाद एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में सल्फास खाने से मौत हो गई। तबीयत बिगड़ने पर उसे वाड्रफनगर अस्पताल से अंबिकापुर जिला अस्पताल और फिर मिशन अस्पताल रेफर किया गया, जहां 8 जुलाई को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मामले में मायके पक्ष ने पति पर दूसरी युवती से संबंध रखने, मानसिक प्रताड़ना देने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। वहीं पति का कहना है कि पत्नी अलग मोबाइल फोन की मांग को लेकर नाराज थी और इसी कारण उसने सल्फास खा लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार मृतका आकृति पटेल की शादी 20 अप्रैल 2026 को बलरामपुर जिले के ग्राम इंजानी निवासी सुशील पटेल से प्रेम विवाह के रूप में हुई थी। मृतका की मां सुषमा पटेल ने पुलिस को बताया कि शादी के कुछ समय बाद बेटी ने पति के दूसरी युवती से बात करने की शिकायत की थी। विरोध करने पर उसे धमकियां दी जाती थीं। उनका आरोप है कि पति ने आकृति का मोबाइल भी अपने पास रख लिया था, जिससे वह मायके वालों से बात नहीं कर पा रही थी। 7 जुलाई को समधन ने पति-पत्नी के बीच मोबाइल को लेकर विवाद होने की जानकारी दी और कुछ देर बाद दामाद ने फोन कर बताया कि आकृति ने सल्फास खा लिया है।
वहीं मृतका के पिता श्रवण पटेल ने भी मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए कहा कि इसी से परेशान होकर उनकी बेटी ने यह कदम उठाया। दूसरी ओर पति सुशील पटेल ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि पत्नी अलग मोबाइल की मांग कर रही थी। नया मोबाइल बाद में दिलाने की बात कहकर वह काम पर चला गया। कुछ देर बाद पत्नी उल्टी करते हुए बाहर आई और सल्फास खाने की बात स्वीकार की। इसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर लिए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, कॉल डिटेल और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच में प्रताड़ना या आत्महत्या के लिए उकसाने के साक्ष्य मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur