Breaking News

सूरजपुर@बिजली उपभोक्ताओं को बताए गए अधिकार शिकायतों के समयबद्ध समाधान पर दिया गया जोर

Share

-संवाददाता-
सूरजपुर,08 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत नियामक आयोग द्वारा निर्धारित सेवा मानकों एवं उपभोक्ता हितों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से बुधवार को विद्युत उपभोक्ता शिकायत निवारण फोरम, अंबिकापुर द्वारा सूरजपुर में विद्युत उपभोक्ता जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया, यह कार्यक्रम कार्यालय कार्यपालन अभियंता (संचालन/संधारण),छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड,सूरजपुर में संपन्न हुआ। कार्यशाला में घरेलू एवं गैर-घरेलू विद्युत उपभोक्ताओं को विद्युत सेवाओं से जुड़े उनके अधिकारों,सेवा मानकों तथा शिकायतों के समयबद्ध निराकरण की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि प्रत्येक उपभोक्ता को गुणवत्तापूर्ण और निर्धारित समय-सीमा के भीतर विद्युत सेवाएं प्राप्त करने का अधिकार है, कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्युत उपभोक्ता शिकायत निवारण फोरम के अध्यक्ष डी.के. सैनी ने बताया कि नए बिजली कनेक्शन, निम्न दाब कनेक्शन का कन्वर्जन, मीटर संबंधी शिकायतें, जले या खराब मीटर का प्रतिस्थापन, बिजली बिल नहीं मिलने,बिलिंग त्रुटियों के सुधार,सुरक्षा जमा राशि की वापसी,विद्युत कनेक्शन विच्छेदन,लो-वोल्टेज की समस्या,नाम परिवर्तन, फ्यूज ऑफ कॉल,पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत नेट मीटरिंग,सब्सिडी एवं टैरिफ श्रेणी परिवर्तन जैसी सेवाओं के लिए विद्युत वितरण कंपनी को निर्धारित समय-सीमा में कार्य करना अनिवार्य है।
उन्होंने कहा कि यदि निर्धारित समय-सीमा में शिकायतों का निराकरण नहीं होता या सेवा मानकों का पालन नहीं किया जाता, तो उपभोक्ता सीधे विद्युत उपभोक्ता शिकायत निवारण फोरम में शिकायत दर्ज करा सकते हैं। इस दौरान शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया, संबंधित कार्यालयों की भूमिका तथा सेवा मानकों के उल्लंघन की स्थिति में उपभोक्ताओं को मिलने वाले प्रतिकर (मुआवजा) की जानकारी भी विस्तार से दी गई, कार्यशाला में उपभोक्ताओं से अपील की गई कि वे अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहें और किसी भी समस्या की स्थिति में निर्धारित प्रक्रिया के तहत शिकायत दर्ज कर समयबद्ध समाधान प्राप्त करें, इस अवसर पर अधीक्षण अभियंता राजेश लकड़ा, कार्यपालन अभियंता बसंत सोम, सहायक अभियंता बंशरूप मरकाम, प्रतीक बारा, आशीष लकड़ा, विवेक पैकरा, अमर सिंह कंवर सहित विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में विद्युत उपभोक्ता उपस्थित रहे।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@गंगापुर के पास भीषण सड़क हादसा बाइक सवार तीन युवकों की मौत

Share लटोरी क्षेत्र में अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर,एक युवक को दूर तक घसीटता ले …

Leave a Reply