एचबी मात्र 6.6 होने पर डॉक्टरों ने अस्पताल में भर्ती होकर इलाज की दी थी सलाह, परिजन नहीं ले गए; स्वास्थ्य विभाग ने जागरूकता की कमी बताई
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,08 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। सरगुजा जिले के लखनपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम सकरिया में घर पर प्रसव के दौरान एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। प्रसव के दौरान 26 वर्षीय गर्भवती महिला और उसके नवजात की मौत हो गई। स्वास्थ्य विभाग की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि महिला गंभीर एनीमिया (खून की कमी) से पीडि़त थी।
चिकित्सकों ने पहले ही उसे अस्पताल में भर्ती कर इलाज कराने और संस्थागत प्रसव की सलाह दी थी,लेकिन परिजन उसे अस्पताल नहीं ले गए। जानकारी के अनुसार ग्राम सकरिया के दर्रीडुगू निवासी सुखनी मझवार (26) अपने पति दिनेश मझवार के साथ तमिलनाडु में मजदूरी करती थी। दंपती 14 जून को गांव लौटा था। उस समय सुखनी करीब आठ माह की गर्भवती थी। 21 जून को गांव की मितानिन उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कुन्नी लेकर गई, जहां जांच में उसका हीमोग्लोबिन (एचबी) मात्र 6.6 ग्राम पाया गया। साथ ही उसका रक्तचाप भी सामान्य से अधिक था। चिकित्सकों ने अगले ही दिन अस्पताल आकर आयरन सुक्रोज चढ़ाने तथा आगे की जांच और उपचार के लिए जिला अस्पताल अंबिकापुर रेफर किया था। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार परिजन उसे इलाज के लिए अस्पताल नहीं ले गए और निर्धारित उपचार भी नहीं कराया गया। मंगलवार सुबह प्रसव पीड़ा शुरू होने पर घर में ही गांव की पारंपरिक दाई की मदद से प्रसव कराने का प्रयास किया गया। इसी दौरान प्रसूता और गर्भस्थ शिशु दोनों की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर लखनपुर बीएमओ के निर्देश पर आरएमए डॉ. विनोद कुमार भार्गव मौके पर पहुंचे और परिजनों के बयान दर्ज किए।
उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में गंभीर एनीमिया के कारण जच्चा-बच्चा की मौत होना प्रतीत हो रहा है। विस्तृत जांच के बाद अंतिम रिपोर्ट तैयार की जाएगी। डॉ. भार्गव ने कहा कि यदि समय पर अस्पताल में भर्ती कर उपचार कराया जाता और संस्थागत प्रसव कराया जाता, तो संभवतः मां और शिशु दोनों की जान बचाई जा सकती थी।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur